संदीप देव। जैसा कि आप सभी को पता है कि मैं भगवान विष्णु का भक्त हूं। विष्णु सहस्रनाम (सप्ताह में 5 दिन) और राम रक्षा स्तोत्र (प्रत्येक मंगलवार, शनिवार) का नियमित पाठ करता हूं। सोते-जागते, चलते-फिरते मेरे मन में ‘नारायण…नारायण’ का गुंजार होता रहता है।
कल रात्रि की बात है। मेरा बेटा जिज्ञासु उमंग अपना प्रोजेक्ट पूरा करके आस्ट्रेलिया से लौट रहा था। उसकी फ्लाईट दिल्ली एयरपोर्ट पर सुबह 4 बजे लैंड करने वाली थी। कल रात दिल्ली और उसके आसपास अचानक मौसम खराब हो गया। जोर की आंधी, बिजली के साथ बारिश आरंभ हो गयी।
इसी बुधवार को दिल्ली से श्रीनगर जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2142 भयानक तूफ़ान (हेलस्टॉर्म) और टर्बुलेंस का शिकार हुई थी। विमान को पाकिस्तान ने अपने एयरस्पेस में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी थी। इससे 227 पैसेंजर्स की जान खतरे में पड़ गई थी। इसके बाद भारतीय वायुसेना (IAF) ने विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई। विमान के आगे की नाक भी आंधी में टूट गई थी। मैंने इस खबर पर वीडियो की थी, इसलिए कल रात भी आंधी का विकराल रूप देखकर मुझे चिंता हो गई कि मेरे बेटे के विमान की लैंडिंग कैसे होगी? आंधी और बारिश तेज ही होती जा रही थी।
कल पूरी रात्रि हम जगे ही थे और ‘नारायण…नारायण..’ मन में लगातार जाप चल रहा था। अपने मंदिर में प्रभु के आगे खड़ा हो गया और भगवान विष्णु के “कृष्णाय वासुदेवाय हरये परमात्मने।
प्रणतः क्लेनाशाय गोविंदाय नमो नमः।।” मंत्र का जाप करने लगा। फिर गाड़ी में बैठकर एयरपोर्ट निकल गया। तेज बारिश के कारण सड़क भी दिखाई नहीं दे रही थी। मन में मंत्र जाप लगातार चल रहा था।
मैंने बेटे को Whatsapp पर ‘बेटा लैंड कर गया?’ लिख कर छोड़ दिया था कि जब भी लैंड करेगा, जवाब दे देगा। 4.30 बजे उसका मैसेज आया कि ‘विमान की लैंडिंग हो गई।’
प्रतीक्षा करने के उपरांत जब वह बाहर आया तो सबसे पहला सवाल मेरा यही था कि ‘बेटा इस खराब मौसम में विमान लैंडिंग में परेशानी भी आई थी?’
उसने कहा, ‘हां पहली बार मुझे विमान में डर लगा। एयरस्पेस में कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। बाहर बिजली कड़कना दिख रहा था। पायलट ने विमान को जैसे 90 डिग्री पर सीधे बादलों के नीचे ले लिया। सारे लोग जैसे आसमान में उड़ते हों, वैसे सीट से ऊपर उठ गये। छोटे बच्चे रोने लगे। सभी का लगैज ऊपर से नीचे गिरने लगा? पहली बार मैं विमान के अंदर ऐसा दृश्य देख रहा था।”
मैंने पूछा, “क्या यात्रियों को बेल्ट बांधने के लिए कह कर सावधान नहीं किया गया?”
उसने कहा, “नहीं! शायद पायलट पैनिक क्रियेट नहीं करना चाहते होंगे। विमान काफी देर आसमान में चक्कर लगाता रहा। रन वे दिख नहीं रहा था। फिर विमान को काफी ऊंचाई पर ले जाकर फिल्म के अंदाज में विमान को एकदम खड़े सीधे बादलों से नीचे लाया गया। छोटे बच्चों के रोने और उनके गिरने की घटनाओं से घबराहट होने लगी थी। सभी लोग डर कर चिल्लाने लगे।”
मेरे हाथ जुड़ गये थे, आंखों में आंसू आ गये और भगवान विष्णु का मुस्कुराता चेहरा सामने आ गया! मैंने प्रभु को धन्यवाद दिया, मेरे बेटे सहित सभी विमान यात्रियों की कुशलता के लिए। “वंदे विष्णुं भवभयहरम् सर्वलोकैकनाथम्!”
भगवान विष्णु साक्षात् हैं। बस आपकी लगन उनमें हों और बिना होंठ फड़फड़ाए, उनका नाम आपके अस्तित्व में निरंतर चलता रहे। ‘नारायण…नारायण..’!
‘नारायण..नारायण..’ यह तो अब सोते में भी मेरे अंदर चलता रहता है। आप लाख विज्ञान लगा लो, परमात्मा का अस्तित्व बिना अनुभव आपको महसूस नहीं होगा! विष्णु अर्थात् जो सर्वव्यापी है। बस उस सर्वव्यापी को अपने अंतरतम में खोज लो, फिर देखो! वंदे विष्णुं 🙏
