इंडिया स्पीक डेली सिनेमा डेस्क। क्या सनातन धर्म और प्रभु श्रीराम की कथा पर किसी एक राजनीतिक संगठन या विचारधारा का ‘कॉपीराइट’ है? क्या किसी फिल्म की वैश्विक सफलता तब तक ‘धर्म की विजय’ मानी जाती है जब तक उसका श्रेय सत्ता के शीर्ष पर बैठे ‘अजैविक नेतृत्व’ को मिले, और जैसे ही क्रेडिट हाथ से फिसलता दिखे, वही फिल्म ‘हिंदू भावनाओं पर आघात’ बन जाती है?
नमित मल्होत्रा और नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट-1’ (Ramayana) ने वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर ₹1,600 करोड़ का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर भारतीय सिनेमा को एक नई ऊँचाई दी है। गौरतलब है कि 5 नवंबर को फिल्म की रिलीज के ठीक 16 दिन बाद, 21 नवंबर को अचानक विश्व हिंदू परिषद (VHP), हिंदू जनजागृति समिति (HJS) और पूरे दक्षिणपंथी सोशल मीडिया ईको-सिस्टम में जो उबाल आया है, वह किसी धार्मिक आस्था से नहीं, बल्कि राजनीतिक श्रेय (क्रेडिट) न मिलने की बौखलाहट और संगठित ब्लैकमेलिंग से उपजा है। ‘इंडिया स्पीक्स डेली’ के प्रधान संपादक संदीप देव ने ‘रामायण’ के विरोध में चल रहे प्रोपेगेंडा पर पहले दिन से ही यह स्पष्ट कहा था कि इसके पीछे वही संघ ईको-सिस्टम है जो इस ऐतिहासिक सफलता का क्रेडिट न मिलने से बौखलाया हुआ है—आज विहिप, हिंदू जनजागृति समिति, रतन शारदा आदि का यह संगठित विरोध उनके इस आकलन की अक्षरशः पुष्टि कर रहा है।

1. ‘क्रेडिट’ की पीड़ा और 12 दिनों में पलटी मारने का डिजिटल सबूत
विरोध की इस पूरी पटकथा का सबसे बड़ा पर्दाफाश स्वयं विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल के दोहरे आचरण से होता है:
* 9 नवंबर 2026 (तारीफों के पुल): फिल्म रिलीज होने के चौथे दिन, विनोद बंसल अपने पूरे परिवार (पत्नी और बेटी) के साथ नोएडा के INOX थिएटर में सुबह 7:00 बजे का शो देखने गए। 3D चश्मा पहने परिवार की सेल्फी साझा करते हुए उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा: “3 घंटे से अधिक समय की इस मूवी ने न सिर्फ मेरे पूरे परिवार को अपितु पूरे हॉल को अंत तक बांधे रखा… अद्भुत है। प्रत्येक परिवार को यह अवश्य देखनी चाहिए। इसमें माता-सीता का वीरांगना स्वरूप… तथा गिद्धराज जटायु जी का रावण से आकाश में भयंकर युद्ध। फिल्म के निर्माता-निर्देशक और सभी कलाकारों को एक अच्छी कृति के लिए बधाई!” बंसल ने अपने इस पोस्ट में यह भी स्पष्ट लिखा था कि “अभी तो रामजी लंका तक भी नहीं पहुंचे… यह फिल्म का पार्ट वन है, दूसरा भाग आना शेष है।”
* 21 नवंबर 2026 (बैन की मांग): ठीक 12 दिन बाद, जब फिल्म ने ₹1,600 करोड़ का आंकड़ा छुआ और यह साफ हो गया कि इस ऐतिहासिक सांस्कृतिक उपलब्धि का कोई श्रेय वर्तमान सत्ताधारी तंत्र या संघ परिवार को नहीं मिल रहा है—तो इन्हीं विनोद बंसल के हस्ताक्षर से विहिप का आधिकारिक प्रेस वक्तव्य जारी हुआ। इस वक्तव्य में विहिप महामंत्री बजरंग बागड़ा और अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने फिल्म पर “मनगढ़ंत कथानक” और “हिंदू भावनाओं से खिलवाड़” का आरोप लगाते हुए इसका सेंसर प्रमाण पत्र रद्द कर तत्काल बैन लगाने की मांग कर डाली।
यह यू-टर्न केवल विहिप तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया के संघी-भाजपाई ट्रोलरों और आईटी सेल के कारिंदे जैसे- दीपक शर्मा (@SonOfBharat7), द स्किन डॉक्टर (@theskindoctor13), स्वाति बेल्लम, बाला (@erbmjha) और हिंदुत्व नाइट (@HPhobiaWatch) जैसे तमाम हैंडल्स—जिन्होंने रिलीज के वक्त फिल्म को 10/10 और जटायु-रावण युद्ध को 11/10 रेटिंग दी थी और आलोचकों को ‘वाल्मीकि रामायण’ पढ़ने की नसीहत दी थी—अचानक ऊपर से आए आदेश पर विरोध की भाषा बोलने लगे।

2. शास्त्रीय अज्ञानता: ‘केवट प्रसंग’ वाल्मीकि रामायण में है ही नहीं!
खुद को सनातन धर्म और आदि कवि महर्षि वाल्मीकि की विरासत का एकमात्र ठेकेदार बताने वाले विहिप के शीर्ष नेतृत्व (अध्यक्ष आलोक कुमार और महामंत्री बजरंग बागड़ा) ने अपने आधिकारिक बयानों में जो शास्त्रीय अज्ञानता दिखाई है, वह चौंकाने वाली है।
* विहिप का आरोप: प्रेस रिलीज में दावा किया गया कि फिल्म ने “आदिकवि महर्षि वाल्मीकि द्वारा वर्णित जीवंत कथा को विकृत किया है” और इसके प्रमाण में यह तर्क दिया गया कि फिल्म में “केवट की भक्ति” नहीं दिखाई गई।

* शास्त्रीय सत्य: महर्षि वाल्मीकि द्वारा रचित मूल रामायण (अयोध्याकाण्ड, सर्ग 50–52) में ‘केवट प्रसंग’ (जिसमें केवट चरण पखारने की हठ करता है) है ही नहीं! वाल्मीकि रामायण में निषादराज गुह का वर्णन है, जिनके नाविक श्रीराम, सीता और लक्ष्मण को नाव से गंगा पार उतारते हैं। सुप्रसिद्ध केवट प्रसंग गोस्वामी तुलसीदास जी के ‘श्रीरामचरितमानस’ (अयोध्याकाण्ड) से आता है। जो संगठन स्वयं यह अंतर नहीं जानता कि कौन-सा प्रसंग वाल्मीकि रामायण का है और कौन-सा रामचरितमानस का, वह फिल्म निर्माताओं को ‘शास्त्रीय शुद्धता’ का प्रमाण पत्र बाँट रहा है!
* ‘पार्ट-1’ में ‘युद्धकाण्ड’ की तलाश: विहिप महामंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म में राक्षस-उन्मूलन के अभियान को “पत्नी के अपहरण के प्रतिशोध जैसा व्यक्तिगत संघर्ष” दिखा दिया गया है। जबकि वास्तविकता यह है कि ‘पार्ट-1’ की कथा अभी केवल सीता हरण (अरण्यकाण्ड) तक ही सीमित है। लंका पर चढ़ाई और रावण वध का महायुद्ध ‘पार्ट-2’ (युद्धकाण्ड) में आना शेष है—जिसे स्वयं प्रवक्ता विनोद बंसल 9 नवंबर को स्वीकार कर चुके थे।
3. ‘दलित विमर्श’ का काल्पनिक भूत और नीतीश भारद्वाज का दोहरा मापदंड
विहिप अध्यक्ष आलोक कुमार ने पीटीआई (PTI) को दिए बयान में आरोप लगाया कि फिल्म में रावण को “दलितों, शोषितों और वंचितों का उद्धारक” दिखाया गया है। जबकि फिल्म देखने वाला हर दर्शक जानता है कि पूरी फिल्म में कहीं भी ‘दलित’ या जातिगत विमर्श का लेशमात्र भी उल्लेख नहीं है। फिल्म में रावण को एक क्रूर, महत्वाकांक्षी राक्षसी कबीलाई साम्राज्यवादी के रूप में दिखाया गया है जो कुबेर और देवताओं से सत्ता छीनता है—जैसा कि स्वयं वाल्मीकि रामायण के उत्तरकाण्ड में वर्णित है, हालांकि वहां प्रसंग थोड़ा भिन्न है। देवराज इंद्र फिल्म में रावण को “संसार का अंधकार” कहते हैं, और वृद्ध जटायु युद्ध में उसका मस्तक तक काट देते हैं।
दूसरी ओर, बी.आर. चोपड़ा के महाभारत में कृष्ण की भूमिका निभाने वाले नीतीश भारद्वाज भी इस विरोध में कूद पड़े हैं और दावा कर रहे हैं कि फिल्म में रावण को ‘महान प्रशासक’ और ‘दासी का रक्षक’ दिखाया गया है। जबकि फिल्म के उस दृश्य में रावण अपने बहनोई विद्युत्जिह्व का वध किसी दासी के सम्मान के लिए नहीं, बल्कि भरी सभा में अपने कुल को गाली देने, स्वयं को ‘दास’ कहे जाने और लंका पर कब्जा करने की चुनौती के प्रतिशोध में करता है—और उसी दृश्य में वह विद्युत जिह्व को फटकारते हुए कहता है कि “शयनकक्ष और पारिवारिक समारोह में अंतर समझो!”। अर्थात् वह स्त्री को शयनकक्ष में भोगने की वकालत खुलकर करता है।
विडंबना देखिए कि नीतीश भारद्वाज जिस ‘मूल ग्रंथ से छेड़छाड़’ का रोना रो रहे हैं, स्वयं उन्हीं के महाभारत धारावाहिक में गांधारी द्वारा आँखों की पट्टी खोलकर दुर्योधन के शरीर को लोहे/वज्र का बनाने जैसा प्रसंग दिखाया गया था, जहां वह श्रीकृष्ण की भूमिका में दुर्योधन को कमर की नीचे पत्ता लपेटने की सलाह देते हैं। महर्षि वेदव्यास की मूल महाभारत में ऐसी किसी घटना का कोई अस्तित्व ही नहीं है! तब मोटे पारिश्रमिक के आगे नीतीश भारद्वाज को ‘शास्त्रीय विकृति’ याद नहीं आई थी।
4. ‘स्पेशल स्क्रीनिंग’ की वसूली, आपराधिक पृष्ठभूमि और फेक न्यूज़ की फैक्ट्री
इस पूरे अभियान का असली मकसद मुंबई में हिंदू जनजागृति समिति (HJS) के प्रवक्ता उदय धुरी के बयान से बेनकाब हो गया। एक तरफ उन्होंने झूठ बोला कि फिल्म में शस्त्रधारी राम-लक्ष्मण राक्षसों को देखकर भागते हैं (जबकि फिल्म में जनस्थान के भीतर श्रीराम ने अकेले ही खर-दूषण की सेना का संहार किया है), और दूसरी तरफ असली मांग सामने रख दी: “पार्ट-2 रिलीज होने से पहले हमें इसकी स्पेशल स्क्रीनिंग दिखाई जाए!”
गौरतलब है कि फिल्म निर्माताओं को धमकाने और ‘स्पेशल स्क्रीनिंग’ की मांग करने वाली इस हिंदू जनजागृति समिति (HJS) और इसकी मातृ संस्था ‘सनातन संस्था’ की पृष्ठभूमि स्वयं अत्यंत विवादित और गंभीर आरोपों से घिरी रही है। औपचारिक रूप से संघ के अनुषांगिक संगठनों से बाहर दिखने वाले इस संगठन का विहिप और संघ परिवार के अभियानों से गहरा जमीनी व वैचारिक तालमेल रहा है—जैसा कि 21 नवंबर को विहिप और HJS के एक ही सुर में उतरे विरोध से स्पष्ट है। लेकिन उससे भी गंभीर बात यह है कि देश की प्रमुख जांच एजेंसियों—महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) और सीबीआई (CBI)—द्वारा इस संगठन और सनातन संस्था से जुड़े कई पदाधिकारियों व साधकों के विरुद्ध विस्फोटक बरामदगी और हत्या जैसे संगीन मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। उदाहरण के लिए, 2018 में महाराष्ट्र ATS ने नालासोपारा सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों से भारी मात्रा में देसी बम, विस्फोटक और हथियार बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनका संबंध सनातन संस्था और HJS से बताया गया था (जिनमें से कई को बाद में मुकदमे में देरी के आधार पर बॉम्बे हाई कोर्ट से सशर्त जमानत मिली)।
इसके अतिरिक्त डॉ. नरेंद्र दाभोलकर, गोविंद पानसारे और गौरी लंकेश जैसे बुद्धिजीवियों की हत्याओं के मामलों में भी जांच एजेंसियों की चार्जशीट में इस नेटवर्क से जुड़े व्यक्तियों के नाम सामने आ चुके हैं। ऐसी विवादित व संदिग्ध पृष्ठभूमि वाले संगठन का सड़कों पर उतरकर फिल्म निर्माताओं पर दबाव बनाना स्पष्ट रूप से सांस्कृतिक ब्लैकमेलिंग है।
5. कुकुरमुत्ते के तरह कूदे संघी कुतर्की
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की ₹1,600 करोड़ की कमाई को झूठा साबित करने के लिए संघियों ने फेक न्यूज़ से लेकर अजब-गजब कुतर्कों का भी सहारा लिया:-
* रतन शारदा का मूर्खतापूर्ण कुतर्क: संघ विचारक और लेखक रतन शारदा (@RatanSharda55) अपनी हताशा में इस हद तक गिर गए कि उन्होंने एक न्यूज चैनल पर बैठकर प्रभु श्रीराम की जीवन-गाथा पर बनी फिल्म के ₹1,500–₹1,600 करोड़ कमाने की तुलना ‘ड्रग्स’ (नशीले पदार्थों) से कर डाली। उन्होंने कुतर्क दिया कि “पैसा तो ड्रग्स से भी खूब कमाया जाता है, क्या इससे ड्रग्स स्वीकार्य हो जाते हैं?” यह तुलना न केवल बौद्धिक दिवालियापन का प्रमाण है, बल्कि दुनिया भर के उन करोड़ों सनातनी परिवारों और रामभक्तों का भी सीधा अपमान है जिन्होंने अपनी गाढ़ी कमाई से टिकट खरीदकर प्रभु श्रीराम के प्रति श्रद्धा व्यक्त की है।
* संजीव नेवर की ‘डबल-ट्वीट’ फेक न्यूज़ फैक्ट्री: दक्षिणपंथी प्रचारक और हिंदी सिनेमा के बहिष्कार का अभियान चलाने वाले संजीव नेवर (@SanjeevSanskrit) ने ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा का एक पुराना वीडियो (जो वर्षों पहले शायद ‘पठान’ फिल्म के समय का था) साझा कर दावा किया कि कोमल नाहटा ‘रामायण’ के फर्जी कलेक्शन की पोल खोल रहे हैं। जब सोशल मीडिया यूजर्स ने इस झूठ को पकड़ा, तो संजीव नेवर ने मुख्य फर्जी ट्वीट हटाने के बजाय नीचे एक छोटा-सा रिप्लाई (“Note: This is an old video…”) डालकर अपनी चमड़ी बचाई, ताकि मुख्य ट्वीट के जरिए झूठ फैलता रहे।


* आक्रोश की आड़ में ‘प्राइवेट लिमिटेड’ उगाही का खेल: संजीव नेवर और उनकी सहयोगी स्वाति गोयल शर्मा द्वारा संचालित ‘राष्ट्र ज्योति’ (Rashtra Jyoti) और ‘जेम्स ऑफ बॉलीवुड’ के पूरे मॉडल को देखने पर इस विरोध का आर्थिक पहलू भी बेनकाब हो जाता है। ठीक 21 नवंबर को—जिस दिन विहिप ने बैन की मांग की—उसी दिन ‘राष्ट्र ज्योति’ पर “How Bollywood Hates Prabhu Ram and Glorifies Ravana” शीर्षक से एक लंबा लेख छापकर बीच में ही पाठकों से “सभ्यतागत पुनरुत्थान” (Civilisational Revival) के नाम पर पैसे मांगने का बटन चिपका दिया गया। पड़ताल करने पर सामने आता है कि खुद को ‘गैर-दलीय’ और ‘शैक्षणिक पहल’ बताने वाला यह पोर्टल असल में RJ Vidya Ventures Private Limited नामक एक व्यावसायिक कंपनी है, जिसके आधिकारिक मार्गदर्शक (Mentor) और प्रेरणास्रोत (Inspiration) सीधे सत्ताधारी ईको-सिस्टम से जुड़े पूर्व सूचना आयुक्त उदय माहूरकर और वर्तमान NHRC सदस्य प्रियांक कानूनगो हैं। यानी एक तरफ फेक वीडियो और अधूरे तर्कों से रामभक्तों में आक्रोश भड़काओ, और दूसरी तरफ उसी आक्रोश को ‘योग मास्टरक्लास’ व ‘ई-लर्निंग सब्सक्रिप्शन’ के नाम पर देशी (UPI/बैंक) और विदेशी (PayPal/Dollar) मुनाफे में बदल दो!
* वेद-विरुद्ध असहिष्णुता की वकालत: वहीं, ‘जयपुर डायलॉग्स’ के संजय दीक्षित जैसे विचारक नासिम तालेब के निबंध (‘The Most Intolerant Always Wins’) का हवाला देकर हिंदुओं को “कम सहिष्णु” बनने की सलाह दे रहे हैं—जो सनातन धर्म के मूल वैदिक सिद्धांत ‘एकं सद्विप्रा बहुधा वदन्ति’ और संवाद की परंपरा का सीधा निषेध है, और वस्तुतः वैदिक दृष्टि से नास्तिकता की ही राह है।
6. शास्त्रीय मर्यादा बनाम प्रायोजित विरोध: वाल्मीकि जी का मूल आदेश और सच्ची समीक्षा
इस पूरे विरोध में संघी-ईको सिस्टम द्वारा एक कुतर्क यह भी दिया जा रहा है कि “हमारी आस्था मनोरंजन नहीं है, इसे सिनेमा के पर्दे पर नहीं लाया जाना चाहिए।” लेकिन जिन्होंने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि की मूल रामायण पढ़ी है, वे जानते हैं कि स्वयं महर्षि वाल्मीकि जी ने बालकाण्ड (सर्ग 4) में लव और कुश को वीणा और संगीत की मधुर तान के साथ जन-जन, सभाओं और राजमार्गों में रामायण का गायन व प्रचार करने का आदेश दिया था—ताकि काव्य और कला के माध्यम से प्रभु श्रीराम की कीर्ति पूरे विश्व में फैले।
इस फिल्म की रचनात्मक समीक्षा अवश्य की जा सकती है—जैसे दण्डकारण्य के जनस्थान में महज डेढ़ मुहूर्त (72 मिनट) में 14,000 राक्षसों के संहार वाले खर-दूषण युद्ध को यदि और अधिक विराट रूप में फिल्माया जाता, तो प्रभु श्रीराम का वह ‘रणकर्कश रूप’ सामने आता जो पूरे विश्व को चौंधिया देता। लेकिन एक बात निर्विवाद है कि इस फिल्म ने घर की बुजुर्ग पीढ़ी से लेकर आज की युवा और बाल पीढ़ी (जो इसकी तुलना हॉलीवुड के एवेंजर्स से कर रही है) को एक साथ अपनी जड़ों और संस्कृति से जोड़ दिया है।
निष्कर्ष: ब्लैकमेलिंग की ‘टूलकिट’ का अगला चरण
घटनाओं की यह पूरी श्रृंखला एक ही दिशा में इशारा करती है: जब बॉक्स ऑफिस पर फिल्म को फ्लॉप कराने के सारे प्रयास विफल हो गए, तो सत्ताधारी ईको-सिस्टम ने निर्माताओं पर दबाव बनाने के लिए अपने अनुषांगिक और सहयोगी संगठनों को मैदान में उतार दिया है। यह दबाव तब तक जारी रहेगा जब तक फिल्म के निर्माता-निर्देशक घुटने टेककर, पोस्ट लिखकर या शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व से भेंट करके इस वैश्विक सफलता का श्रेय वर्तमान सरकार को नहीं दे देते। जैसे ही ‘क्रेडिट’ की यह औपचारिकता पूरी होगी, रातोंरात यह सारा विरोध और बैन की मांगें शांत हो जाएंगी।
परंतु इस पूरे प्रकरण ने यह सिद्ध कर दिया है कि सनातन संस्कृति और प्रभु श्रीराम की कीर्ति किसी राजनीतिक संगठन या स्वयंभू ठेकेदार की जागीर नहीं है—और सवा सौ करोड़ सनातनियों की आस्था को अब ‘टूलकिट’ के जरिए बंधक नहीं बनाया जा सकता।
इससे संबंधित अन्य खबरों का लिंक-
त्रेतायुग में सूफियाना कव्वाली? ‘आदिपुरुष’ के गुनहगार मुंतशिर ने विश्वास-रहमान को मारा थप्पड़!
4 दिन में ₹535 करोड़ पार: ‘रामायण’ का वैश्विक तूफान, बॉयकॉट ब्रिगेड की बोलती बंद!
‘असली’ भगवान बनने की दुकानदारी बंद होने का डर और श्रीराम पर ‘कॉपीराइट’ छिनने की छटपटाहट!
नोट: यूट्यूब और सोशल मीडिया की बंदिशों के बाद अब यह तय है कि सच बोलने के लिए अपना आजाद प्लेटफार्म चाहिए। India Speak Daily केवल मेरा नहीं, आपकी निडर आवाज़ का मंच है। आइए, मिलकर इस पर अपनी स्वतंत्र Live Streaming और Video Platform को सनातनियों का वैचारिक अधिष्ठान बनाएं। नीचे ‘ISDian बनें’ बटन पर क्लिक कर आज ही इसके सदस्य बनें 👇
