इंडिया स्पीक डेली सिनेमा डेस्क। सिनेमा केवल रील पर दौड़ती तस्वीरें नहीं होता; जब वह किसी राष्ट्र की चेतना, उसके आराध्य और सनातन इतिहास को विश्व पटल पर साधिकार स्थापित करता है, तो वह एक सांस्कृतिक महा-आंदोलन बन जाता है।
नितेश तिवारी निर्देशित और नमित मल्होत्रा निर्मित फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ (Rise of a Legend) ने रिलीज के पांचवें दिन बॉक्स ऑफिस पर जो ऐतिहासिक विस्फोट किया है, उसने भारतीय सिनेमा के पिछले सौ वर्षों के इतिहास को हिलाकर रख दिया है। सोशल मीडिया के वातानुकूलित कमरों में बैठकर ‘बॉयकॉट’ की टूलकिट चलाने वाले तथाकथित समीक्षकों, संघी विचारकों और वामपंथी विलाप-मंडली की छाती पर मूँग दलते हुए आम जनता ने सिनेमाघरों को तीर्थ बना दिया है।
आधिकारिक ट्रेड ट्रैकर और डिस्ट्रीब्यूशन डेटा के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के महज 5 दिनों के भीतर (मंगलवार की अग्रिम बुकिंग जोड़कर) दुनिया भर से ₹750 करोड़ से अधिक का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन (₹750 CRORES+ GROSS) पार कर लिया है। वैश्विक स्तर पर पहले वीकेंड में ही 1.10 करोड़ से अधिक (11 Million+) टिकटें बिक चुकी हैं, जिससे यह इस सप्ताहांत विश्व की सबसे अधिक देखी जाने वाली फिल्म (World’s Most Watched Film of the Weekend) बन गई है।

तरण आदर्श की रिपोर्ट: “सोमवार को दिवाली पर सिंगल डे का ऐतिहासिक कीर्तिमान“
विख्यात ट्रेड एनालिस्ट और समीक्षक तरण आदर्श (Taran Adarsh) ने सोमवार (Day 5) के आधिकारिक आंकड़े साझा करते हुए लिखा कि फिल्म अब पूरी तरह ‘अजेय’ (Unstoppable and Unshakeable) हो चुकी है:
“अजेय – अडिग – दिवाली के दिन सिंगल डे का अब तक का सबसे बड़ा कारोबार… ‘रामायण‘ (हिंदी संस्करण) ने सोमवार [दिन 5] को एक अद्भुत और अभूतपूर्व कलेक्शन दर्ज किया है। सुबह के पहले शो से ही इसने जो गति पकड़ी, उसने इसे इस यात्रा का अब तक का सबसे बड़ा दिन बना दिया।“
तरण आदर्श ने आगे लिखा:
“यह आंकड़े आँखें खोल देने वाले हैं…• केवल सोमवार [दिन 5] ने 5 दिनों के कुल कारोबार में अकेले 35.15% का योगदान दिया है। सोमवार ने पहले दिन (गुरुवार) की तुलना में 102.13% और चौथे दिन (रविवार) की तुलना में 156.76% की भारी उछाल दर्ज की है।आज मंगलवार को गुजराती नववर्ष के चलते गुजरात जैसे बड़े बाजार में जबरदस्त एडवांस बुकिंग दिख रही है, जो एक और विशाल दिन की ओर इशारा कर रही है।“
तरण आदर्श द्वारा जारी 5 दिनों का ऑफिशियल हिंदी नेट कलेक्शन:
- गुरुवार (Day 1): ₹47 करोड़
- शुक्रवार (Day 2): ₹38.25 करोड़
- शनिवार (Day 3): ₹53 करोड़
- रविवार (Day 4 – लक्ष्मी पूजन): ₹37 करोड़
- सोमवार (Day 5 – गोवर्धन/दिवाली हॉलिडे): ₹95 करोड़
- कुल 5 दिनों का हिंदी नेट कलेक्शन:₹270.25 करोड़
अकेले हिंदी पट्टी में 5 दिनों में ₹270 करोड़ नेट और सभी भाषाओं और देश को मिलाकर 5 दिनों में ₹750 करोड़ ग्रॉस का यह आंकड़ा साबित करता है कि जनता ने संघी-दक्षिणपंथी और वामपंथी दोनों टूलकिट्स के विचारों को कूड़ेदान में फेंक दिया है।
संघी ईको सिस्टम का कुतर्क और बौखलाहट: “रावण पर ताली क्यों?”
इस ऐतिहासिक सफलता ने संघी ईको-सिस्टम की नींद हराम कर दी है। जब इनके सारे कुतर्क फेल हो गए। दूरदर्शन के जाने-माने एंकर और एक संघी पत्रकार ने एक नया विलाप छेड़ा, जिसे ‘जयपुर डायलॉग्स’ ने लपककर री-पोस्ट किया:
“रामायण फिल्म पर लगातार टिप्पणियां आ रही हैं। इस संदर्भ में मेरी बस एक ही टिप्पणी है कि रामायण पुरुषोत्तम श्री राम की कथा है, पर जिस राम कथा को देखकर लोग रावण के लिए तालियां बजाएं वो राम कथा कैसे हो सकती है?”
संघियों की समझ पर तरस आता है! क्या इन्हें कला, अभिनय और सनातन कथा के मूल द्वंद्व का ककहरा भी पता है?
- कलाकार के अभिनय पर ताली, रावण के अधर्म पर नहीं:
थिएटर में यदि यश (Yash) के स्क्रीन प्रेजेंस, संवाद अदायगी और उसके आभामंडल पर दर्शक सीटी बजा रहा है, तो वह एक अभिनेता के कलात्मक कौशल की सराहना है! इसे ‘रावण के कुकर्मों का समर्थन’ बताना मूर्खता की पराकाष्ठा है।
* जितना विराट रावण, उतना ही दिव्य श्रीराम का पराक्रम: महर्षि वाल्मीकि ने रावण को त्रिलोक-विजयी, प्रकांड वेदों का ज्ञाता और महाबली चित्रित किया है। जब आकाश-युद्ध में वह जटायु के प्रहारों के बावजूद खड़ा रहता है, तो उसके भीतर का वह दानवी दर्प दिखता है। उसी भयानक दर्प को जब प्रभु श्रीराम पार्ट-2 में अपने एक बाण से चूर-चूर करेंगे, तभी तो दर्शक के रोंगटे खड़े होंगे! यदि रावण कोई भीगी बिल्ली होता, तो अखिल ब्रह्मांड नायक को मानव रूप लेकर वन-वन भटकने की आवश्यकता ही क्या थी?
* पब्लिक का सच्चा फैसला: रावण नहीं, श्रीराम का ‘करुण से रौद्र’ रूपांतरण बना सबसे बड़ा हाई-पॉइंट: अशोक श्रीवास्तव और जयपुर डायलॉग्स जिस ‘रावण पर ताली’ का झूठा नैरेटिव पीट रहे हैं, उसकी हवा थिएटर्स से बाहर निकलती जनता के रिव्यू स्वयं निकाल रहे हैं। सिनेमाघरों से बाहर आते आम दर्शक—चाहे महिलाएं हों, बच्चे हों या युवा —एक सुर में कह रहे हैं कि इस पूरी फिल्म का सबसे रोंगटे खड़े कर देने वाला और पसंदीदा दृश्य रावण-जटायु का महायुद्ध और उसके तुरंत बाद भगवान श्रीराम द्वारा जानकी को वापस लाने और रावण के समूल संहार के प्रण का भीषण उद्घोष है!सीता जी के विरह और खोज में तड़पते प्रभु श्रीराम के चेहरे पर ‘करुण रस’ से क्षण मात्र में ‘रौद्र रस’ (वीर रस) का जो अलौकिक रूपांतरण रणबीर कपूर ने अपनी आँखों और भाव-भंगिमा से पर्दे पर जिया है, वह सीधे दर्शक के सीने में उतर जाता है। सोशल मीडिया और रील्स पर आज यश के रावण से कहीं अधिक रणबीर कपूर के उस ‘रुद्र संकल्प’ वाले दृश्य के वीडियो वायरल हो रहे हैं। क्या संघी ईको-सिस्टम को जनता का यह सात्विक रोमांच और श्रीराम के पराक्रम की यह गूंज नहीं दिख रही?
4. ‘बीफ’ का झूठा शिगूफा और त्याग को छुपाने की कुत्सित साजिश: जब कथा, भव्यता और अभिनय के स्तर पर इनके सारे झूठ बिखर गए, तो संघी आईटी सेल ने रणबीर कपूर के वर्षों पुराने बयानों को खींचकर उन्हें ‘बीफ खाने वाला’ बताकर नफरत और बॉयकॉट का एजेंडा चलाना शुरू कर दिया।किंतु ये दुर्भावना से भरे लोग इस सत्य को जानबूझकर दबा गए कि स्वयं रणबीर कपूर ने अपने साक्षात्कार में सार्वजनिक रूप से स्पष्ट किया था कि ‘रामायण’ साइन करने के बाद उन्होंने मांस, मदिरा (शराब) और सिगरेट—तीनों का पूरी तरह त्याग कर दिया और वे पूर्णतः सात्विक व शाकाहारी जीवनशैली अपना चुके हैं। वहीं माता सीता का पावन चरित्र निभाने वाली साईं पल्लवी भी अपने वास्तविक जीवन में पूर्णतः शाकाहारी और सात्विक हैं।एक अभिनेता द्वारा प्रभु श्रीराम के चरित्र की मर्यादा और पवित्रता के लिए किए गए इस व्यक्तिगत त्याग और तपस्या को जानबूझकर छुपाना क्या यह सिद्ध नहीं करता कि संघी ईको-सिस्टम का उद्देश्य सनातन की रक्षा नहीं, बल्कि केवल और केवल इस वैश्विक फिल्म के प्रति घृणा फैलाना है? लेकिन देश और दुनिया की जनता ने थिएटर्स को खचाखच भरकर और 5 दिनों में ₹750 करोड़ का अंबार लगाकर इन नफरती कुतर्कियों के मुंह पर ऐसा करारा तमाचा जड़ा है कि इनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी।
5. विराट कोहली की दो–टूक प्रतिक्रिया: एक तरफ अशोक श्रीवास्तव जैसे लोग घर बैठे संकीर्ण कुंठा निकाल रहे हैं, वहीं भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विराट कोहली ने फिल्म देखकर सोशल मीडिया पर लिखा: “रणबीर कपूर ने भगवान राम के रूप में जो गरिमा, ठहराव और दृढ़ता दिखाई है, वह अद्वितीय है।
यश स्क्रीन पर छा गए हैं, क्या दमदार उपस्थिति है! और साई पल्लवी का अभिनय अत्यंत सुंदर है। भारतीय सिनेमा मुझे कभी चकित करने से नहीं चूकता। यह वास्तव में एक मास्टरपीस है!” विराट कोहली जैसे वैश्विक आइकन को राम की मर्यादा और रावण का प्रभाव साफ दिख रहा है, लेकिन संघी चश्मे से देखने वालों को केवल अपना खोया हुआ राजनीतिक एजेंडा दिख रहा है!

विश्वास–रहमान की विफलता: मेकर्स की कैंची और कुमार विश्वास का ‘री–पोस्ट प्रलाप‘
इस फिल्म में यदि कोई सबसे कमजोर, बेजान और फ्लॉप पहलू रहा है, तो वह है ए.आर. रहमान और कुमार विश्वास की जोड़ी का संगीत!
रिलीज से पहले ही सोशल मीडिया पर गानों को नकारे जाने के बाद, निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी ने अपनी चतुराई से गानों पर कैंची चला दी। फिल्म में गीतों को इतना छोटा और बैकग्राउंड में सीमित कर दिया गया कि वे कहानी की गति (Pacing) को बाधित न कर सकें। इस संपादन ने फिल्म को एक बड़ी कलात्मक आपदा से बचा लिया।
किंतु अपने शब्दों को पर्दे से गायब देखकर ‘कविराज’ कुमार विश्वास का अहंकार बुरी तरह तिलमिला गया। जब किसी बड़े समीक्षक ने उनके गीतों को घास नहीं डाली, तो वे चंद फॉलोअर्स वाले गुमनाम हैंडल्स को री-पोस्ट करके अपना ‘पीआर’ चमकाने लगे:
* अनुपम कुमार सुमन (महज 6-7 हजार फॉलोअर्स) नामक यूजर ने जब निर्देशक नितेश तिवारी को ही कटघरे में खड़ा किया कि “आपने गाने पूरे इस्तेमाल क्यों नहीं किए? आप सोशल मीडिया के जोकरों से डर गए… और वाल्मीकि रामायण पवित्र व एबसोल्यूट नहीं है”—तो कुमार विश्वास ने इस पोस्ट को गर्व से री-पोस्ट किया! अपनी नाकामी छुपाने के लिए निर्देशक पर उंगली उठाना और वाल्मीकि रामायण को गैर-एबसोल्यूट बताने वाली पोस्ट को बढ़ावा देना कविराज के बौद्धिक भटकाव को उजागर करता है।
* इतना ही नहीं, 1000 से भी कम फॉलोअर्स वाले एक अज्ञात हैंडल ने लिखा कि “मंगल रंग गाना छाया हुआ है”, तो हताश कुमार विश्वास ने उसे भी ‘लव’ (❤️) इमोजी के साथ री-पोस्ट कर दिया।
* अंत में, जब देखा कि दाल नहीं गल रही, तो उन्होंने प्रभु राम के नाम पर एक भावुक और चाशनीदार पोस्ट दाग दी कि “भगवान ने मुझे इस यात्रा के लिए चुना… और मेरे शब्दों को समझने के लिए आप सबका आभार।” जबकि कड़वी हकीकत यह है कि थिएटर में 5 दिन में जो ₹750 करोड़ बरसाने वाले करोड़ों दर्शक पहुंचे हैं, उन्हें पता ही नहीं चला कि कुमार विश्वास के शब्द कब आए और कब बैकग्राउंड स्कोर में दबकर चले गए!
निष्कर्ष
गौरतलब है कि महर्षि वाल्मीकि का यह महाकाव्य किसी पार्टी, किसी टूलकिट या किसी ‘अजैविक’ प्रचार तंत्र की जागीर नहीं है। पांच दिनों में ₹750 करोड़ ग्रॉस, नेपाल से लेकर वियतनाम तक उमड़ी भीड़, और मंडे को ₹95 करोड़ का सिंगल-डे धमाका यह चीख-चीख कर कह रहा है कि जनता ने भगवान श्रीराम के इस विराट सिनेमाई स्वरूप को अपने हृदय में बसा लिया है। संघी विलाप करते रहें या टूलकिट चलाते रहें और कुमार विश्वास हताशा में अपना पीआर करते-करवाते रहें—सत्य यह है कि श्रीराम और रामायण का ध्वज विश्व पटल पर पूरी भव्यता के साथ फहरा रहा है।
नोट: यूट्यूब और सोशल मीडिया की बंदिशों के बाद अब यह तय है कि सच बोलने के लिए अपना आजाद प्लेटफार्म चाहिए। India Speak Daily केवल मेरा नहीं, आपकी निडर आवाज़ का मंच है। आइए, मिलकर इस पर अपनी स्वतंत्र Live Streaming और Video Platform को सनातनियों का वैचारिक अधिष्ठान बनाएं। नीचे ‘ISDian बनें’ बटन पर क्लिक कर आज ही इसके सदस्य बनें 👇
