श्वेता पुरोहित। (रामप्रेममूर्ति श्रीमद् गोस्वामी तुलसी दास जी की मुख्यतः श्रीमद बेनीमाधवदासजीविरचीत मूल गोसाईचरित पर आधारीत अमृतमयी लीलाएँ )
गतांक से आगे:
बालक की ऐसी दीन दशा देखकर जगज्जननी श्रीपार्वतीजी का हृदय द्रवित हो गया। वें अब प्रतिदिन वृद्धा का रूप धारण कर आती और अपनी गोद मे बिठाकर बालक को भोजन करा जाती। यह क्रम दो साल तक लगातार चलता रहा।
अब उस अनाथ बालक का द्वार-द्वार भटकना बंद हो गया। बालक किसी वृक्ष के नीचे पडा रहता अथवा कही टूटी-फूटी जगह में एकान्त देखकर रह जाता।

निरन्तर भगवत्स्मरण और भूख लगने पर बूढी माँ की प्रतिक्षा – बस यही दो काम थे उसके। कुछ दिन बाद गाँववालों का ध्यान इस ओर आकृष्ट हुआ कि बालक को कौन खिला-पिला जाता है? बहुत प्रयत्न करके भी वे पता नही लगा पायें। तब एक गुप्तचरी ने ये बात पता लगाने का बीडा उठाया।
एक दिन जब श्रीपार्वती अंबा बालक को भोजन कराकर जाने लगीं तो उसने उनके पैर पकड लिये और परिचय के लिए हठ करने लगी। परंतु श्रीपार्वती जी बिना कुछ बताये अंतर्धान हो गईं, अब उसी दिन से उनका आना बंद हो गया। बालक पुनः अनाथ सा हो गया।

इधर श्रीपार्वती जी भी उदास हो गईं तब जगत्पिता भगवान शिवने श्रीजगदंबा के सोच को दूर करने तथा बालक की रक्षा के लिये लोक सुलभ उपाय कर दिया।
उन दिनों आद्य स्वामी रामानंदाचार्य के प्रमुख शिष्य श्रीअनंतानंदाचार्जी के प्रिय शिष्य स्वामी नरहरिदास जी चित्रकूट में कुटी बनाकर भजन करते थे। भगवान शिव ने उनको साक्षात् दर्शन दिया, भगवतत्त्व का उपदेश देकर श्रीरामचरितमानस की कथा सुनाई और आज्ञा दी कि हरिपुर में एक अनाथ बालक है।
उसे लेकर आप श्रीअयोध्याजी जाइये और विधिपुर्वक श्रीराम मंत्र की दीक्षा देकर मेरे द्वारा कही हुई श्रीरामकथा उसे सुनाइये। आगे चलकर वह बालक सुंदर छन्द प्रबंध में श्रीरामसुयश का वर्णन करके लोक कल्याण करेगा।
भगवान शिवजी के गंभीर वचनों को सुनकर श्रीनरहरीदास स्वामीजी पुलकायमान हो गये और उनके आदेश को शिरोधार्य कर तुरंत ही हरिपुर के लिए चल दिये।
गुरु पद रज मृदु मंजुल अंजन नयन अमिअ दृग दोष बिभंजन तेहिं करि बिमल बिबेक बिलोचन बरनउँ राम चरित भव मोचन।
श्री उमामहेश्वरजी की जय
जय श्री तुलसीदासजी
क्रमशः… ( भाग – ७)
