श्वेता पुरोहित। शिव-पार्वती के विवाह की कथा सृष्टि की सबसे मंगलमयी कथा है, जिसमें दम्पतीरूप में सृजन, अन्नपूर्णा रूप में पालन और कुमारद्वारा तारकासुर के संहार का सन्निवेश है। यह समस्त सृष्टि शिव-शिवारूप ही है। भगवान् शंकर ही संसार के सारे पुरुष हैं और महेश्वरी शिवा ही सम्पूर्ण स्त्रियाँ, अतः सभी स्त्री-पुरुष उन्हींकी विभूतियाँ हैं।
शिव-शिवा अनादि हैं, नित्य हैं, शाश्वत हैं; वे नित्य दम्पती हैं, परंतु लीला-विलासके रूप में मर्त्य प्राणियों को दाम्पत्य-प्रेम की शिक्षा देनेके लिये और देवताओं को तारकासुर के आतंक से त्राण दिलानेके लिये उनकी यह विवाह-लीला होती है। इसमें देवाधिदेव महादेव वर बनते हैं और भगवती गिरिराजनन्दिनी जगज्जननी जगदम्बा वधू। शैलराज हिमालय और उन की धर्मपत्नी मेना को कन्यादान का और ब्रह्मा-विष्णु आदि देवताओं, सप्तर्षियों, ऋषि-मुनियों, नन्दी आदि शिवगणों, यक्ष-गन्धर्वों, भूत-प्रेतों, डाकिनी-शाकिनियों, मातृका ओं, देवांगनाओं आदि को बाराती बनने का सौभाग्य प्राप्त होता है।
उस समय ब्रह्माजी ने विधिपूर्वक मण्डप-स्थापन, नान्दीश्राद्ध आदि के साथ मांगलिक कृत्य शिवजी से सम्पन्न करवाये। शिवगणों ने नाना प्रकारसे भगवान् शिवका श्रृंगार किया।
तदनन्तर ब्राह्मणों को आगे करके महादेव ने प्रसन्नतापूर्वक कैलास से प्रस्थान किया। भगवान् शम्भुने नन्दी आदि गणों को अपने साथ हिमाचलपुरी चलने की आज्ञा देते हुए कहा- ‘तुम लोग थोड़े-से गणोंको यहाँ रखकर शेष सभी मेरे साथ हिमवान्के नगर चलो।’ भगवान् भूतभावन का आदेश मिलते ही नन्दी तथा वीरभद्र आदि गणराज असंख्य कोटि गणों तथा भूतोंको साथ लेकर चले। उसी समय चण्डीदेवी भी रुद्रदेव की बहन बनकर खूब उत्सव मनाती हुई वहाँ आ पहुँचीं।
उनका वाहन प्रेत था। वे अपने सिरपर जलसे भरा हुआ सोने का कलश लिये चल रही थीं। भेरियों की गड़गड़ाहट और शंखोंके गम्भीर नादसे तीनों लोक गूंज उठे। देवता लोग शिवगणोंके पीछे-पीछे उत्साहपूर्वक चल रहे थे। सम्पूर्ण सिद्धियाँ और लोकपाल आदि भी देवताओं के साथ थे। देवमण्डली के मध्यभागमें गरुडासीन भगवान् विष्णु चल रहे थे। उनपर चॅवर डुलाये जा रहे थे तथा उनके ऊपर सुन्दर छत्र तना था। अपने पार्षदोंसे घिरे हुए वे अद्भुत शोभा पा रहे थे। ब्रह्माजी मूर्तिमान् वेद-शास्त्र, सनकादिक ऋषियों एवं प्रजापतियोंके साथ भगवान् शिवकी सेवामें तत्पर थे। देवराज इन्द्र भी नाना प्रकार के आभूषणों से विभूषित हो ऐरावत हाथीपर आरूढ़ होकर अपनी सेनाके साथ चलते हुए अत्यन्त सुशोभित हो रहे थे। उस समय बारातके साथ यात्रा करते हुए बहुत-से ऋषि भी अपने तेजसे प्रकाशित हो रहे थे। सबके मन में शिवजी का विवाह देखने की प्रबल उत्कण्ठा थी।
इस प्रकार अनेक प्रकारसे आनन्द मनाती हुई यह विचित्र बारात हिमवान्के नगरके समीप पहुँची।
वृषभारूढ़ भगवान् शिवका दर्शनकर हिमवान् धन्य हो गये। करोड़ों कामदेवोंकी छबिको मलिन करनेवाले महेश्वर की शोभा अद्भुत थी। उनके दिव्य अंगों के प्रकाश से सम्पूर्ण दिशाएँ प्रकाशित हो रही थीं। उनका श्रीअंग नूतन रेशमी वस्त्र से सुशोभित था। उनके मस्तक का दिव्य मुकुट नाना रत्नों से जड़ा हुआ था, जिससे आँखों को चौंधिया देने वाला प्रकाश निकल रहा था। आभूषण बने हुए सर्प उनकी अंगकान्तिको द्विगुणित कर रहे थे।
गिरिराजने सबको सादर प्रणाम किया। तदनन्तर भगवान् शिव की आज्ञासे बारातकी अगवानी करते हुए वे अपने नगर की ओर चले। हिमवान्के पीछे महादेवजी अपने बारातियों के साथ शीघ्रतापूर्वक चलने लगे।
सर्वप्रथम भगवान् विष्णु हिमवान्के द्वारपर पधारे। वे सम्पूर्ण शोभा से सम्पन्न थे। उनका सौन्दर्य करोड़ों कामदेवों को लज्जित कर रहा था। उन्हें देखकर मैना के नेत्र चकोर बन गये। उन्होंने प्रमुदित होकर नारदजी से पूछा- ‘नारद ! क्या ये ही मेरी शिवाके पति हैं?’ नारदजी बोले- ‘देवि ! ये शिवाके पति नहीं, ये तो भगवान् श्रीहरि हैं। ये भगवान् शिवके सम्पूर्ण कर्मों के अधिकारी तथा उनके प्रिय हैं। शिवा के पति तो इनसे भी बढ़कर हैं। उनकी शोभा का वर्णन ही नहीं हो सकता।’ इसी प्रकार एक-एक करके सभी देवता आते, मैना उनका परिचय पूछतीं और नारदजी उनको महेश्वर शिवका सेवक बतलाते। इससे मैना के मनमें हर्ष के साथ-साथ अहंकार भी उत्पन्न हो गया। वे अपने तथा पार्वती के सौभाग्य की सराहना करने लगीं।
उस समय मैना का अहंकार चूर्ण करने के उद्देश्य से अद्भुत वेषमें परमेश्वर शिव पधारे। वे स्वयं तो अद्भुत थे ही, उनके अनुचर और भी अद्भुत थे। कुछके मुख ही नहीं थे तो कुछ बहुत मुखवाले थे। सभी विचित्र वेश-भूषा धारण किये थे। उनके बीचमें भगवान् शंकर वृषभपर सवार थे। उनके पाँच मुख थे और प्रत्येक मुखपर तीन-तीन नेत्र थे। मस्तकपर जटाजूट, गलेमें सर्पों की माला, दस हाथ, हाथमें पिनाक और त्रिशूल, आँखें भयानक-विचित्र वेष था शिवजी का! अपने दामाद का यह रूप देखकर मैनाके हाथसे आरती की थाली छूट गयी। भयसे व्याकुल होकर वे पृथ्वी पर गिर पड़ीं। उन्होंने पार्वतीसे कहा- ‘मैं तुम्हें लेकर पहाड़से गिर पडूंगी, आगमें जल जाऊँगी या समुद्र में कूद पडूंगी, पर जीते-जी मैं इस बावले वर से तुम्हारा विवाह न करूँगी।’ मैना का अहंकार-मर्दनकर भगवान् शिवने उनपर कृपा की। उन्होंने करोड़ों कामदेवों को लज्जित करनेवाला दिव्य स्वरूप धारण किया।
उनकी अंगकान्ति मनोहर चम्पा के समान थी। उनके एक मुख और तीन नेत्र थे। प्रसन्न मुखारविन्दपर मन्द मुसकानकी छटा छा रही थी। वे रत्न और सुवर्ण आदिसे विभूषित थे। गलेमें मालती की माला पहने हुए थे। सुन्दर रत्नमय मुकुट धारण करनेसे उनका मुखमण्डल उज्ज्वल प्रभासे उद्भासित हो रहा था। कण्ठ में हार आदि सुन्दर आभरण शोभा दे रहे थे। सुन्दर कड़े और बाजूबन्द उनकी भुजाओं को विभूषित कर रहे थे। अग्नि के समान निर्मल एवं अनुपम अत्यन्त सूक्ष्म, मनोहर, विचित्र एवं बहुमूल्य युगल वस्त्र से उनकी बड़ी शोभा हो रही थी। चन्दन, अगर, कस्तूरी तथा मनोहर कुंकुम के अंगराग से उनके अंग विभूषित थे। उन्होंने हाथमें रत्नमय दर्पण ले रखा था और उनके दोनों नेत्र कज्जल से सुशोभित थे। उन्होंने अपनी प्रभा से सबको आच्छादित कर लिया था तथा वे अत्यन्त मनोहर जान पड़ते थे। वे अत्यन्त तरुण, परम सुन्दर और आभरण-भूषित अंगों से सुशोभित होनेसे कामिनियों को अत्यन्त कमनीय प्रतीत होते थे।
उनमें व्यग्रता का अभाव था। उनका मुखारविन्द कोटि चन्द्रमा ओं से भी अधिक आह्लाददायक था। उनके श्रीअंगों की छवि कोटि कामदेवों से भी अधिक मनोहारिणी थी। वे अपने सभी अंगोंसे परम सुन्दर थे। ऐसे सुन्दर रूप वाले उत्कृष्ट देवता भगवान् शिव को जामाता के रूप में अपने सामने खड़ा देख मेना की सारा शोक और सारी चिन्ता दूर हो गयी। वे परमानन्दसिन्धु में निमग्न हो गयीं और अपने भाग्य की, गिरिजा की, गिरिराज हिमवान्की और उनके समस्त कुलकी भूरि-भूरि प्रशंसा करने लगीं। उन्होंने अपने आपको कृतार्थ माना और वे बारम्बार हर्ष का अनुभव करने लगीं। सती मेनाका मुख प्रसन्नता से खिल उठा था। वे अपने दामाद की शोभाका सानन्द अवलोकन करती हुई उनकी आरती उतारने लगीं।
भगवान् भवानी पति का यह दिव्य वर-वेष भक्तोंके लिय सदैव ध्येय है, यह उनका परम मांगलिक रूप समस्त मंगलों का प्रदाता है। जो पुरुष भगवान् सदा शिव के इस सुन्दर रूपका नित्य पवित्र हो ध्यान करता है, वह शिवलोकको प्राप्त करता है।
आप सबको श्री महाशिवरात्रि की अनेकानेक शुभकामनाएं
