श्वेता पुरोहित
🌿 प्रश्न – क्या सन्तान उत्पन्न किये बिना भी मनुष्य पितृऋण से छूट सकता है ?
उत्तर– हाँ, छूट सकता है। जो भगवान्के सर्वथा शरण हो जाता है, उसपर कोई भी ऋण नहीं रहता-
देवर्षिभूताप्तनृणां पितॄणां न किङ्करो नायमृणी च राजन् ।
सर्वात्मना यः शरणं शरण्यं गतो मुकुन्दं परिहृत्य कर्तम्॥
(श्रीमद्भा० ११।५।४१)
‘राजन् ! जो सारे कार्यों को छोड़कर सम्पूर्णरूप से शरणागतवत्सल भगवान की शरण में आ जाता है, वह देव, ऋषि, प्राणी, कुटुम्बीजन और पितृगण इनमेंसे किसीका भी ऋणी और सेवक (गुलाम) नहीं रहता।’
🌿 प्रश्न- देवऋण क्या है और उससे छूटने का उपाय क्या है?
उत्तर-वर्षा होती है, घाम तपता है, हवा चलती है, पृथ्वी सबको धारण करती है, रात्रि में चन्द्रमा और दिन में सूर्य प्रकाश करता है, जिससे सबका जीवन-निर्वाह चलता है-यह सब हम पर देवऋण है। हवन, यज्ञ करनेसे देवताओं की पुष्टि होती है और हम देवऋण से मुक्त हो जाते हैं।
🌿 प्रश्न – ऋषिऋण क्या है और उससे छूटने का उपाय क्या है ?
उत्तर – ऋषि-मुनियों ने, सन्त-महात्माओं ने जो ग्रन्थ बनाये हैं, स्मृतियाँ बनायी हैं, उनसे हमें प्रकाश मिलता है, शिक्षा मिलती है, कर्तव्य-अकर्तव्य का ज्ञान होता है; अतः उनका हम पर ऋण है। उनके ग्रन्थों को पढ़ने से, स्वाध्याय करने से, पठन-पाठन करने से, सन्ध्या-गायत्री करने से हम ऋषिऋण से मुक्त हो जाते हैं।
🌿 प्रश्न – भूतऋण क्या है और उससे छूटनेका उपाय क्या है ?
उत्तर-गाय-भैंस, भेड़-बकरी, ऊँट-घोड़ा आदि जितने प्राणी हैं, उनसे हम अपना काम चलाते हैं, अपना जीवन-निर्वाह करते हैं। वृक्ष-लता आदि से फल, फूल, पत्ती, लकड़ी आदि लेते हैं। यह हमपर दूसरों का, प्राणियोंका ऋण है। पशु-पक्षियों को घास, अन्न आदि देने से, जल पिलाने से, वृक्ष-लता आदि को खाद और जल देने से हम इस भूतऋण से मुक्त हो जाते हैं।
🌿 प्रश्न- मनुष्यऋण क्या है और उससे छूटने का उपाय क्या है ?
उत्तर– बिना किसी की सहायता लिये हमारा जीवन-निर्वाह नहीं होता। हम दूसरों के बनाये हुए रास्ते पर चलते हैं, दूसरों के बनाये हुए कुएँ का पानी काम में लेते हैं, दूसरों के लगाये हुए पेड़- पौधों को काम में लेते हैं, दूसरों के द्वारा उत्पन्न किये हुए अन्न आदि खाद्य पदार्थों को काम में लेते हैं- यह उनका हम पर ऋण है। दूसरों की सुख-सुविधा के लिये कुआँ खुदवाने से, प्याऊ लगाने से, बगीचा लगाने से, रास्ता बनवाने से, धर्मशाला बनवाने से, अन्न-क्षेत्र चलाने से हम मनुष्यऋण से मुक्त हो सकते हैं।
पितृऋण, देवऋण, ऋषिऋण, भूतऋण और मनुष्यऋण- ये पाँचों ऋण गृहस्थ पर ही लागू होते हैं। जो भगवान् के सर्वथा शरण हो जाता है, वह पितर, देवता आदि किसी का भी ऋणी नहीं रहता, सभी ऋणों से छूट जाता है।
स्वामी रामसुखदास कथन – गृहस्थ में कैसे रहें पुस्तक से
