पवन विजय :-
वैश्विक विनायक
न्यूयॉर्क में गणेश स्ट्रीट के बाद अरब और अन्य लैटिन देशों में विनायक की आराधना की जाने लगी है। वैश्विक मंगल के लिए आवश्यक है कि विघ्नहर्ता की शरण में जाया जाय। भारत के अलावा विदेशों में गणपति विद्यमान हैं, एक रिपोर्ट इस संदर्भ में भास्कर पत्र में छपी थी। उसके कुछ हिस्सों को मैं दे रहा हूं।
गणेश पूजन के प्रमाण अफगानिस्तान, ईरान, म्यांमार, श्रीलंका, नेपाल, थाईलैंड, लाओस, कंबोडिया, वियतनाम, चाइना, मंगोलिया, जापान, इंडोनेशिया, ब्रुनेई, बुल्गारिया, मेक्सिको और अन्य लेटिन अमेरिकी देशों मे मिल रहे हैं खासकर उनकी मूर्तियां। अलग-अलग देशों में गणेश जी की पूजा अलग-अलग नामों से की जाती है।
तिब्बत में गणेश पंथ को शुरू किया गया धरा ने जो कश्मीर से थे। नेपाल में गणेश मंदिर की स्थापना सबसे पहले सम्राट अशोक की पुत्री चारू मित्रा ने की थी। वहां के लोग भगवान गणेश को सिद्धिदाता और संकटमोचन के रूप में मानते हैं। परेशानियों से बचने के लिए वहां गणेश जी की पूजा की जाती है। वहीं चीन के प्राचीन हिन्दू मंदिरों में चारों दिशाओं के द्वारों पर गणेश जी स्थापित है। इसके अलावा तिब्बत में गणेश जी को दुष्टात्माओं के दुष्प्रभाव से रक्षा करने वाला देवता माना जाता है।
जापान में भगवान गणेश को ‘कांगितेन’ के नाम से जाना जाता हैं। कांगितेन कई रूपों में पूजे जाते हैं, लेकिन इनका दो शरीर वाला स्वरूप सर्वाधिक प्रचलित है। चार भुजाओं वाले गणपति का भी वर्णन यहां मिलता है।
श्रीलंका में काले पत्थर से निर्मित भगवान पिल्लयार (गणेश) की पूजा की जाती है। श्रीलंका में गणेश के 14 प्राचीन मंदिर स्थित हैं। कोलंबो के पास केलान्या गंगा नदी के तट पर स्थित केलान्या में कई प्रसिद्ध बौद्ध मंदिरों में भगवान गणेश की मूर्तियां स्थापित हैं।
इंडोनेशियन द्वीप पर भारतीय धर्म का प्रभाव ईसा पूर्व से है। यहां के भारतीयों के लिए भगवान गणेश की मूर्तियां ख़ासतौर पर भारत से मंगाई जाती हैं। यहां के 20 हज़ार के नोट पर भी गणेश जी की तस्वीर है। यहां उन्हें ज्ञान का प्रतीक माना जाता है।
थाईलैंड में गणपति ‘फ्ररा फिकानेत’ के रूप में प्रचलित हैं। यहां इन्हें सभी बाधाओं को हरने वाले और सफलता के देवता माना जाता है। नए व्यवसाय और शादी के मौके पर उनकी पूजा मुख्य रूप से की जाती है। गणेश चतुर्थी के साथ ही वहां गणेश जी का जन्मोत्सव मनाया जाता है।
गणेश पूजा कैसे करें?
माता पिता की सेवा करने से अधिक कोई कर्म गणेश भगवान को प्रसन्न नही कर सकता। माता पिता की सेवा गणेश पूजा है। नमामि विघ्नेश्वर।
Courtesy by Pawan Vijay
