श्वेता पुरोहित :-
(रामप्रेममूर्ति श्रीमद् गोस्वामी तुलसीदासजी की मुंख्यतः श्रीमद बेनीमाधवदासजी विरचीत मूल गोसाईचरित पर आधारीत अमृतमयी लीलाएँ)
गतांक से आगे –
चित्रकूट के घाट पर, भई संतन की भीड़, तुलसीदास चन्दन घिसे, तिलक करे रघुवीर॥
श्री रहीमजी की अत्यंत उत्कट भक्तिभावना, ज्ञान, वैराग्य, विवेक-विचार आदि को देखकर एक दिन श्रीतुलसीदासजी के मन में आया कि मैं इनकी कुछ प्रशंसा करूँ । इस विचार से इन्होंने एक दिन रहीमजी के सामने एक दोहे की प्रथम पंक्ति कही-
सुर तिय नर तिय नाग तिय अस चाहत सब कोई ।
ये सुनते ही श्रीरहीमजी समझ गये कि ये मेरी बडाई करना चाहते है, अतः जब तक वे दूसरी पंक्ति कहें उसके पहले ही श्रीरहीमजी ने दूसरी पंक्ति बनाकर झट कहा-
गोद लिये हुलसी फिरैं तुलसी सो सुत होई ॥
दोनो भक्तों की ऐसी परस्पर प्रीती थी ।
- परिशिष्ट समाप्त *
पहले बताये अनुसार गोस्वामीजी ने १२६ वर्ष की रामभक्तिमय आयु का उपभोग किया । अंतिम दिनों मे वे काशी में ही लोगों को रामप्रेम का बोध कराते थे। रामचरितमानस के प्रचार तथा लोगों के हृदय में रामप्रेम जगाने में वे यशस्वी हो गये थे । अतः हृदय में कृतार्थता का भाव था । फिर भी मुख से निरंतर रामप्रेमामृत के वचनों का प्रवाह निर्झर की भाँती अखंड रुप से बहता रहता जिसमें अपने कानों को भिगों कर कृतार्थ होने के लिए पुरे भारत के रामप्रेमी आते रहते ।
अब उन्हें आभास हुआ की साकेत के लिये महाप्रयाण करने का समय उपस्थित हुआ । अपने निकट के भक्तों को उन्होंने कहा-
रामचंद्र जस बरनि कै होन चहउँ अब मौन ।
तुलसी के मुख दीजिये अबहीं तुलसी सोन ॥
भक्तों और शिष्यों ने उनका अभिप्राय समझकर सत्संगीजनों को कुछ अंतिम उपदेश देने का अनुरोध किया, तब गोस्वामीजी ने इस कवित्त में उपदेश दिया-
अलप तौ अवधि जीव तामें बहु सोच पोच
करिबे को बहुत है काह काह कीजिये ।
पार न पुरानहूँ को बेदहूँ को अंत नाही,
बानी तो अनेक चित्त कहाँ कहाँ दीजिये ॥
काब्य की कला अनन्त छन्द को प्रबन्ध बहु
राग तो रसीले रस कहाँ कहाँ पीजिये ।
लाखन्ह में एक बात तुलसी बताये जात
जनम जौ सुधारा चहौं रामनाम लिजिये ॥
श्रीमद बेनीमाधवदासजी ने गोस्वामीजी के साकेत के लिये महाप्रयाण के क्षण का शब्दांकन इसप्रकार किया है-
संवत् सोलह सै असी असी गंगके तीर ।
सावन स्यामा तीज सनि तुलसी तज्यो सरीर ॥
- संवत १६८० में गंगा के तीर, अस्सी घाटपर, श्रावण वद्य तृतीया को गोस्वामीजी ने रामनाम का उच्चारण करते हुए शरीर का त्यागकर साकेतप्रस्थान किया ।
एक महावैष्णव रामनाम का उच्चारण करता हुआ ही इस भूमण्डल पर आया । जीवनभर भी मुख में रामनाम ही था । और महाप्रयाण के समय भी राम राम का उच्चारण करते हुए ही प्रस्थित हुए ।
कैसा विलक्षण और अलौकिक जीवन था । बस मेरे पास अब स्तुति करने के लिए शब्द और बुद्धि भी नहीं है । उनके पादपद्मों में पद्मावधि वंदन करके गोस्वामीजी की जयंती के दिन मैंने जो उनकी प्रार्थना में जो पद लिखा था उसे दोहराकर तुलसीचरित का समापन करता हूँ-
तुलसी! देहू चरन-सरन परेउ द्वार तिहारे ।
पतित जान तजहु जनि रघुबीर पिआरे ॥
परेउ भवसिंधु प्रभु निजकृत अघ मारे ।
तव पद रज तरनीबिनु कहु को अब तारे ॥
बिषय आस मिटत नाही दिन दिन नव बाढे ।
देहू करवलंब मोही परेऊ कूप गाढे ॥
राम-प्रेम रहित हृदय पबि कठोर मोरे ।
झरिहै प्रभु-प्रेम सुधा बारक तै निहोरे ॥
रामचरितमानस अरु रामनाम गाते ।
तुम्ह जो दिन्ह, कलिके छल सबहि जरि जाते ॥
निजनाथ जौ तुम्हहू प्रभू बहुत मलीन तारे ।
रघुपति कर दास कहहु कबलौ पुकारे ॥
तुलसी लीलामृत के अगले अंक में मूल गोसाई चरित के विषय में कुछ विचार प्रस्तुत किये जायँगे ।
श्री गौरी शंकर की जय 🙏 🚩
सियावर रामचन्द्र की जय 🙏 🚩
पवनसुत हनुमान की जय 🙏🚩
रामप्रेममूर्ति तुलसीदासजी की जय 🙏🌷
क्रमशः (भाग – ६१)
