श्वेता पुरोहित :-
(रामप्रेममूर्ति श्रीमद् गोस्वामी तुलसीदासजी की मुंख्यतः श्रीमद बेनीमाधवदासजी विरचीत मूल गोसाईचरित पर आधारीत अमृतमयी लीलाएँ)
गतांक से आगे –
चित्रकूट में रमि रहे रहिमन अवध नरेस
जा पर बिपदा परत है सो आवत एहि देस
संवत १६१६ से पुर्व की बात है। संडीले के श्रीनन्दलाल स्वामी छः महीने तक श्रीमद गोस्वामी तुलसीदासजी की सन्निधि में रहकर दो आवृत्ति श्रीरामरक्षा स्तोत्र पढ़े और जब चलने लगे तो उन्होंने स्मृति के लिए कुछ चिह्न स्वरुप प्रसाद की इच्छा की तो गोस्वामीजी ने उन्हें एक शालग्राम भगवान का अर्चाविग्रह, स्वहस्तलिखित श्रीराम कवच तथा एक बढ़िया कम्बल देकर विदा किया।
इसी प्रकार भारत के कोने-कोने से संत महात्मा आ-आ कर गोस्वामीजी का दर्शन तथा सत्संग करते। इनमें श्रीयादवाचार्यजी, श्रीमद बेनीमाधवदासजी, श्रीअनन्यमाधवजी, श्री चित्सुखाचार्यजी, श्रीकरुणेशजी, श्रीसदानन्दजी, श्रीतपस्वी मुरारीदासजी, श्रीनागा बाबाजी, श्रीविरही भगवंतजी, श्रीविभवानन्दजी, श्रीदेवजी, श्रीदिनेशजी और दक्षिण देश के पिल्लै स्वामीजी विशेष उल्लेखनीय है ।
श्रीगोस्वामीजी किसी समय चित्रकूट में वास कर रहे थे, उन्हीं दिनों अकबर के पुत्र जहाँगीर ने रहीम की सारी सम्पत्ति जब्त कर ली और इन्हें दिल्ली छोड़ देने का आदेश दिया।
भक्त और कवि हृदय श्रीरहीमजी ने चित्रकूट को प्रस्थान किया और वहाँ पहुँचकर यह दोहा कहा-
चित्रकूट में रमि रहे रहिमन अवध नरेस ।
जा पर बिपदा परत है सो आवत एहि देस ॥
चित्रकूट में गोस्वामीजी और रहीमजी की ऐसी प्रगाढ़ मैत्री हुई कि कभी कभी रहीमजी भी गोस्वामीजी की कुटिया पर ही रह जाते थे ।
किसी ने तुलसीदास जी के इस व्यवहार से इन पर संदेह किया कि यह भी मुसलमान तो नहीं? जो मुसलमान से इतना प्रेम करते है। उस समय गोस्वामीजी ने यह सवैया छन्द कहा था –
धूत कहौ अवधूत कहौ
रजपूत कहौ जुलहा कहौ कोऊ ।
काहू की बेटि सो बेटा न ब्याहब
काहू की जाति बिगार न सोऊ ॥
तुलसी सरनाम गुलाम हौ राम को
जाके रुचै सो कहै कछु ओऊ ।
माँगिकै खैबो मजीद को सोइबो
लेवे को एक न देवे को दोऊ ॥
गोस्वामीजी और रहीमजी प्रायः साथ साथ ही श्रीकामदगिरी की परिक्रमा किया करते थे। एक दिन कहीं के राजा चित्रकूट आये थे। उन्होंने मंदाकिनी में स्नान किया और खूब सजधज कर हाथी पर बैठकर कामदगिरी कि ओर आ रहे थे। हाथी ने अपने स्वभाववश अपनी सूंड से कुछ धूल मिट्टी उपर को फेंक दी। जिससे राजा का साज शृंगार धूमिल हो गया। राजा को बड़ा क्रोध आ गया और उसने हाथी का वध करने की आज्ञा दी।
राजा के सैनिक उस हाथी को एक बहुत बड़े पेड़ में लोहे की जंजीरों से बाँधकर उसे मारने का उपक्रम कर ही रहे थे कि इतनें में तुलसीदासजी और रहीमजी उसी मार्ग से निकले। भीड़-भाड़ देखकर उधर आकृष्ट हुए। पूछने पर सब बात मालूम हुई तो दोनों महानुभावों ने निश्चय किया कि जैसे तैसे इस हाथी के प्राण बचाने चाहिए।
फिर तो राजा को सुनाते हुए गोस्वामीजी ने पूछा
धूरि धरत निज सीस पर कहु रहीम केहि काज ।
रहिमजी ने उत्तर दिया-
जेहि रज मुनि पतिनी तरी सो ढूँढत गजराज ॥
अर्थात् भगवान की जिस चरण कमल की धूलि से गौतम मुनि की पत्नी अहिल्या का उद्धार हुआ, उसी चरण धूलि को अपने उद्धार के लिए यह गजराज ढूँढ रहा है। यह सुनते ही राजा को भाव आया कि अहो! यदि ऐसी बात है तो इस गजराज के साथ हमारा भी उद्धार हो जायगा। फिर उसने तुरंत आदेश दिया की हाथी को न मारा जाय। हाथी की जान बच गयी ।
श्री गौरी शंकर की जय 🙏 🚩
सियावर रामचन्द्र की जय 🙏 🚩
पवनसुत हनुमान की जय 🙏🚩
रामप्रेममूर्ति तुलसीदासजी की जय 🙏🌷
क्रमशः (भाग – ६०)
