अर्चना कुमारी। नूंह हिंसा में गिरफ्तार ‘गौ रक्षक’ बिट्टू बजरंगी को बृहस्पतिवार को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। बजरंगी को बृष्पतिवार नूंह की एक अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में फरीदाबाद जिले की नीमका जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ऊषा कुंडू की शिकायत पर नूंह के सदर थाने में बजरंगी उर्फ राजकुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी, जिसके बाद उसे मंगलवार को फरीदाबाद से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का दावा है कि बजरंगी के पास से आठ तलवारें बरामद की गई हैं। नूंह पुलिस ने अदालत से अनुरोध किया कि बिट्टू बजरंगी को नूंह जिला जेल में नहीं भेजा जाए, क्योंकि डर है कि वहां मुस्लिम कैदी उसे नुकसान पहुंचा सकते हैं। पुलिस द्वारा प्रस्तुत रिमांड अनुरोध पत्र में कहा गया, ‘नूंह जेल में बंद ज्यादातर आरोपी मुस्लिम समुदाय से हैं।
अगर बिट्टू को नूंह जेल भेजा गया तो उसकी जान को खतरा हो सकता है। मुस्लिम कैदियों में बिट्टू के खिलाफ गुस्सा है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आरोपी को गुरुग्राम की भोंडसी जेल भेजा जाना चाहिए। साथ ही जेल अधीक्षक को उचित निर्देश दिए जाने चाहिए। दलीलें सुनने के बाद अदालत ने बजरंगी को फरीदाबाद की नीमका जेल भेज दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस अब बजरंगी के सहयोगियों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। प्राथमिकी के मुताबिक, बजरंगी और उसके कुछ अज्ञात समर्थकों ने तलवार और त्रिशूल लेकर नलहड़ मंदिर जाते समय रोके जाने पर एएसपी कुंडू के नेतृत्व वाली पुलिस टीम के साथ कथित तौर पर र्दुव्यवहार किया और उन्हें धमकी दी थी।
बजरंगी की पहचान सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हुई। फरीदाबाद पुलिस ने दंगों से जुड़े एक अन्य मामले में बजरंगी को गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारीं हिंसा के दो दिन बाद की गई थी लेकिन उसके जांच में शामिल होने के बाद उसे जमानत पर छोड़ दिया गया था। बजंरगी पर भड़काऊ भाषण देने और सार्वजनिक तौर पर हथियार लहराने का आरोप है।
