श्वेता पुरोहित। एक बार देवताओं की महासभा आहूत की गयी थी। सभी लोग अपने-अपने वाहनों से पधार रहे थे। वाहन सभाकक्ष के बाहर अवस्थित थे। क्रमश: गरुड़, हंस, मयूर, उलूक और कपोत आदि आ चुके थे । इतनेमें यमराजका पदार्पण हुआ और वे अन्दर प्रवेश करने लगे। सहसा उनकी दृष्टि कपोतपर पड़ी और वे अन्दर आसनपर आसीन हो गये। एकाएक यमराज को देखकर कपोत को भयावह लगा और वह घबड़ाया हुआ बेचैन हो उठा। उसकी इस स्थिति को देखकर गरुड़ ने पूछा-मित्र, तुम भयभीत लग रहे हो। अचानक इतने घबराये क्यों लग रहे हो ?
कपोत ने कहा- यमराज को सामने उपस्थित देखकर मेरा कलेजा काँप रहा है। उनकी लाल-लाल आँखें मैं भूल नहीं पा रहा हूँ और मुझे लगता है कि मेरी मौत अभी और आज ही हो जायगी। इसी भयवश काँप रहा हूँ।
यह सुनकर गरुड़जी हँसे और कहा- तुम इसकी चिन्ता न करो, आओ मेरी पीठपर सवार हो जाओ और निमिषमात्र में (एक बार पलक झपकने का समय) मैं तुम्हें साठ हजार योजन दूर मैनाक पर्वत की चोटी पर पहुँचा दूँगा और किसी को पता भी नहीं चलेगा।
गरुड़जी ने उसे पहुँचाकर पुनः अपना आसन ग्रहण कर लिया। सभाका समापन हुआ। सर्वप्रथम यमराजजी निकले और उनके नेत्र कपोतको खोजने लगे । इसे देखकर गरुड़जीने कहा- महाराज, क्या देख रहे हैं ? उन्होंने कहा- यहाँ कबूतर बैठा था, कहाँ गया ? दिखायी नहीं पड़ रहा है। इसपर गरुड़जीने कहा- महाराज, उसे तो मैं बहुत दूर पर्वतकी चोटीपर छोड़ आया हूँ। यमराजजीने हँसते हुए कहा – गरुड़जी ! आपने तो मेरी चिन्ताको दूर कर दिया, जिसके लिये आप बधाईके पात्र हैं; क्योंकि कबूतरकी मृत्यु बहुत दूर पर्वत-शिखरपर नियत है। यह यहाँसे वहाँ तुरन्त कैसे पहुँचेगा? क्या नियतिके विधि-विधान मिथ्या हो जायँगे—यही मेरी चिन्ता थी। परन्तु आपने उसे नियत स्थानपर पहुँचाकर नियतिकी व्यवस्था और प्रकृतिके कार्योंमें सहयोग किया। इसके लिये मैं आपका आभारी हूँ।
कहा गया है –
तुलसी जसि भवतब्यता तैसी मिलइ सहाइ ।
आपुनु आवइ ताहि पहिं ताहि तहाँ लै जाइ ॥
