Archana Kumari. लाल किला हिंसा को लेकर पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव का कहना है कि किसानों ने उनके साथ विश्वासघात किया । पुलिस कमिश्नर 26 जनवरी को दिल्ली में हुई हिंसा और लाल किले में जो कुछ हुआ उसे लेकर वार्षिक प्रेस सम्मेलन में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे।
इस बीच किसान नेता गुरनाम सिंह चढ़ूनी ने कहा कि हिंसा के आरोपियों को दिल्ली पुलिस यदि गिरफ्तार करने आए तो पुलिस को हरियाणा के गांवों में बंधक बना लेना। यह किसान नेता हिसार में महापंचायत में राकेश टिकैत के साथ हिस्सा लिया था।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव ने पुलिस मुख्यालय में आयोजित सवालों का जवाब देते हुए दोहराया किसानों ने उनके साथ विश्वासघात किया। ट्रैक्टर रैली की अनुमति देते जो शर्तें तय हुई थीं, उन्हें तोड़ा गया।
दिल्ली पुलिस कमिश्नर साल 2020 में सामने आई चुनौतियों, उपलब्धियों और अपराध के ब्यौरे का लेखा जोखा पेश किया। उन्होंने वर्ष 2019 के मुकाबले पिछले साल लूट और झपटमारी की वारदात को छोड़ अपराध के ग्राफ में कमी का दावा किया।
उनका कहना था कि दिल्ली में हुए दंगे, लॉकडाउन व कोरोना काल के दौरान पुलिस अहम भूमिका निभाई लेकिन वह टूलकिट और किसानों के मसले पर खुलकर बोलने से बचते नजर आए। पुलिस कमिश्नर ने कहा हिंसा के लिए विदेश से फंडिंग की गई।
जहां तक टूलकिट की बात हैं तो यह अफवाहें फैलाने की एक बड़ी साजिश थी, जिससे देश के माहौल को बिगाड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि पिछला वर्ष बेहद चुनौती पूर्ण रहा। पहले दिल्ली में दंगे हुए, फिर कोरोना और लॉकडाउन। पुलिस ने हर स्थिति का सामना किया।
एक तरफ दंगे में मारे गए लोगों के हत्याराें और दंगाईयों को को पकड़ने की चुनाैती थी तो दूसरी तरफ तनावग्रस्त इलाके में कानून व्यवस्था कायम रखने के साथ शांतिपूर्ण माहौल बनाना। इसके बाद कोरोना की वजह से लॉकडाउन आ गया।
लोग अपने घरों में कैद हो गए। काम धंधे छूट गए। ऐसे में पुलिस ने लोगों का पेट भरने का भी काम किया। उनका कहना था कि उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के बाद पुलिस ने अलग-अलग थानों में 755 मामले दर्ज कर अब तक 1818 लोगों को गिरफ्तार किया ।
दंगों में जहां 53 लोगों की मौत हुई थी, वहीं 581 लोग जख्मी हो गए थे। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि वैज्ञानिक तकनीक का सहारा लेकर हर आरोपी के खिलाफ सबूत जुटाकर ही उसे गिरफ्तार किया गया।
इसमें 231 लोगों को सीसीटीवी और वीडियो फुटेज, 137 फेशियल रिकग्निशन और 94 ड्राइविंग लाइसेंस की मदद से पहचान कर गिरफ्तार किया गया। बाकी कुछ को मौके से और कुछ को पूछताछ कर उनके खिलाफ सबूत जुटाकर पकड़ा गया।
उन्होंने बताया कि दंगों को लेकर सबसे अधिक 153 मामले खजूरी खास में दर्ज किए। वहीं इसके बाद भजनपुरा में 137, गोकुलपुरी-118, करावल नगर-91, जाफराबाद-79, दयालपुर-76, ज्योति नगर-35, वेलकम-26, न्यू उस्मानपुर-24, शास्त्री नगर-10 और सोनिया विहार में पांच मामले दर्ज किए गए।
इनमें 60 केस क्राइम ब्रांच को तथा एक केस स्पेशल सेल को दिया गया। तीन एसआईटी गठित की गई जबकि दंगे की साजिश का पर्दाफाश करने के लिए स्पेशल सेल को जिम्मेवारी सौंपी गई है।
