संदीप देव। आप लोगों को लगता होगा कि मैं विष्णु सहस्रनाम के सकामोपासना के श्लोक देने में देरी करता हूं। परंतु सत्य यह है कि भगवान के इन नामों के अर्थ को डी-कोड करने में मुझे कई-कई दिन लग जाते हैं। रामानुज संप्रदाय ने कार्य सिद्धि के लिए श्लोकों का नाम तो दे दिया है, परंतु वहां उस कार्य के लिए भगवान के नामों के अर्थ के रहस्य को प्रकट नहीं किया है। गीता प्रेस आदि की अन्य पुस्तिकाओं में भगवान के नामों का संक्षिप्त अर्थ तो हैं, परंतु उस अर्थ में छिपे रहस्य को नहीं बतलाया गया है। इसके लिए मुझे संपूर्ण वैष्णव साहित्य और विष्णु रहस्य से जुड़े ग्रंथों का अध्ययन करना पड़ता है। इसके अलावा जब मैं स्वयं विष्णु सहस्रनाम का पाठ करता हूं तो नाम का असली रहस्य वहां प्रकट होने लगता है। यही कारण है कि मैं कार्य सिद्धि श्लोक तो रामानुज संप्रदाय की पुस्तक से लेता हूं, भगवान के नाम के अर्थ के लिए विभिन्न वैष्णव साहित्य का अवलोकन करता हूं और उन नामों के रहस्य को समझने के लिए स्वयं के पाठ और अनुभूति से गुजरता हूं, तब जाकर यह मेरे समक्ष प्रकट होता है। अतः इसी कारण से देरी होती है। उम्मीद है पाठक इसे अन्यथा नहीं लेंगे।
तो आइए आज के इस तीसरे अंक में ग्रह शांति के लिए विष्णु सहस्रनाम के किस श्लोक का पाठ या जाप करें और क्यों करें, इसे समझते हैं:-
यदि ग्रह अमंगल हैं तो उसे ज्योतिषशास्त्र में ‘अरिष्टग्रह योग’ कहा जाता है। ज्योतिष में ‘अरिष्ट’ का अर्थ होता है – अशुभ, अमंगल या कष्टकारी। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, जब कुंडली में ग्रह ऐसी स्थिति में होते हैं जो जातक के स्वास्थ्य, मानसिक शांति या जीवन में संकट पैदा करते हैं, तो इसे अरिष्ट योग या अरिष्ट ग्रह योग कहा जाता है। इसकी शांति किए बिना जातक को शांति नहीं मिलती है।
आइए पहले समझते हैं कि अरिष्ट योग क्यों बनता है?
ज्योतिषशास्त्र में सूर्य, शनि, मंगल, राहु और केतु को अशुभ ग्रह माना जाता है। जब लग्न का स्वामी (लग्नेश) या चंद्रमा त्रिक भाव (6,8,12) में कमजोर होते हैं, तो कष्टकारी योग बनता है। कहा जात है कि यदि जन्म के समय कमजोर चंद्रमा इन अशुभ ग्रहों से घिरा हो, तो यह बचपन में स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बनता है।
फिर इसका निवारण क्या है?
ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के अरिष्ट प्रभावों को कम करने के लिए मंत्र जाप को बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। संबंधित अशुभ ग्रह के बीज मंत्रों का नियमित जाप इससे मुक्ति प्रदान करती है, परंतु हर कोई बिना किसी बड़े ज्योतिष या गुरु की सलाह के संबंधित अशुभ ग्रह के बीज मंत्रों का जाप अपने मन से नहीं कर सकता। ऐसे में एक सामान्य व्यक्ति क्या करे?
फिर याद आते हैं वेदव्यास जिन्होंने महाभारत में भीष्म पितामह के मुख से कहलवाया है कि सभी धर्मों में श्रेष्ठ धर्म ‘विष्णु’ हैं। और इस सर्वश्रेष्ठ विष्णु की अराधना और प्रसन्नता के लिए वेदव्यास जी विष्णु सहस्रनाम के जाप की आज्ञा भीष्म पितामह के मुख से दिलवाते हैं और वहीं स्वयं साक्षात् विष्णु श्रीकृष्ण के रूप में उपस्थित होकर एक तरह से इसकी संस्तुति देते हैं। तो विष्णु सहस्रनाम के लिए ब्रह्माण्ड के सबसे बड़े गुरु- ‘कृष्णं वन्दे जगद्गुरुम्’- की आज्ञा है। अतः इसका जाप हर कष्ट का निवारण है।
अरिष्टग्रह शांति के लिए फिर विष्णु सहस्रनाम से कौन–से श्लोक का करें पाठ या जाप?
रामानुजाचार्य स्वामी अरिष्टग्रह शांति के लिए विष्णु सहस्रनाम के 15 वें श्लोक के जाप का सुझाव देते हैं। यह श्लोक है:-
लोकाध्यक्ष: सुराध्यक्षो धर्माध्यक्ष: कृताकृत:।
चतुरात्मा चतुर्व्यूहश्चतुर्दंष्ट्रश्चतुर्भुज:।।15।।
इस श्लोक में भगवान के आठ नाम आए हैं। पहला नाम है ‘लोकाध्यक्ष:’ अर्थात् धर्माधिकारियों के स्वामी। इस अर्थ में वह सभी ग्रहों के स्वामी ठहरते हैं। अतः सभी अशुभ ग्रह अपने इस स्वामी के नाम जप से शांत हो जाते हैं। दूसरा नाम है, ‘सुराध्यक्ष:’। अर्थात् देवताओं के स्वामी। भगवान विष्णु केवल ग्रहों के ही नहीं, देवताओं के भी स्वामी हैं। अशुभ ग्रह में पिता सूर्य और पुत्र शनि, दोनों को देवता का स्थान प्राप्त है। अतः भगवान का यह नाम सूर्य और शनि दोनों की शांति करता है।
भगवान का तीसरा नाम ‘धर्माध्यक्ष’ है। शनि ग्रह को न्याय का देवता माना गया है। धर्माध्यक्ष के रूप में भगवान विष्णु उस न्याय देवता शनि के भी ईश्वर हैं। भगवान का अगला नाम ‘कृताकृत:’ है। इसका अर्थ है कि भगवान ही सारे संसार के प्रवर्तक अर्थात् आरंभ हैं और निवर्तक अर्थात् अंत भी हैं। सारे संसार का तात्पर्य समस्त ब्रह्माण्ड से है। अतः सभी ग्रहों के प्रवर्तक भी भगवान श्री हरि हैं और निवर्तक भी वही हैं। इसमें अरिष्ट योग वाले सूर्य, शनि, मंगला राहु, केतु- जैसे सभी अशुभ ग्रह आ जाते हैं। तो ये सभी ग्रह उस महाविष्णु का ही विस्तार हैं और काल के अंत में वह उन्हीं में समाहित हो जाएंगे। इन नामों में भगवान के फल प्रदाता रूप का वर्णन हुआ है। जब भगवान फल प्रदाता रूप में स्वयं उपस्थित हैं तो फिर अशुभ ग्रहों के प्रभाव को तो कम होना ही है। बस आप कर्म सकारात्मक रखें और स्वयं का कर्ताभाव छोड़ कर निमित्त-भाव को धारण कर लें। तो भगवान श्री हरि विष्णु के नाम वाले इस 15 वें श्लोक के निरंतर जाप से सभी अशुभ ग्रहों की शांति हो जाती है। वंदे विष्णुं
#SandeepDeo
