श्वेता पुरोहित :-
आज मोरे अंगना में आओ गोपाल चले आओ नंदलाल दर्शन को प्यासी गुजरिया श्याम
अंगना में आओ मेरे माखन को खाओ
गतांक से आगे –
सज्जनों अब आप नरसी भक्त के कुटुम्ब विस्तार के बारे में जानिए।
जिस समय की बात है, उस समय भारत का सम्राट हुमायूँ था और उसके आधीन जूनागढ का शासक एक क्षत्रिय राजा था, जिसका नाम नाम था राव माण्डलीक।
राजा हुमायूँ के आधीन होने पर भी राज्य कार्य में वह सब तरह से स्वाधीन था, केवल उसे एक नियत कर मात्र अदा करना पड़ता था। सरकारी काम- काज में उन दिनों नागर-जाति अत्यंत प्रवीण थी।राज्य के प्रधानमंत्री से लेकर एक साधारण सिपाही के पद तक पर अधिकांश नागर जाति के ही लोग थे। एक तरह से सरकारी नौकरियाँ पूर्ण रूप से नागर-जाति के ही हाथ में थी। नागर-जाति ‘कलम, कड़छी और बर्छी’ द्वारा अत्यंत प्रतिष्ठित और सम्पन्न हो गई थी। यही कारण है कि आज भी नागर-जाति का राजकीय विभागों में विशेष हाथ है।
नरसिंह राम के बड़े भाई वंशीधर का जन्म भी उसी जाति में हुआ था। अतः राज्य की ओर से उनकी नियुक्ति सौ रूपये मासिक वेतन पर थानेदार के पद पर हो गयी। राज्य की ओर से उन्हें काफी नौकर चाकर और वाहन आदि मिले थे। अतः उनका परिवारिक जीवन बड़े सुख के साथ बीतता था। समाज में भी पर्याप्त प्रतिष्ठा प्राप्त थी। अगर कुछ कमी थी तो बस यही कि उनकी पत्नी दुरितगौरी का स्वभाव अच्छा नहीं था। उसे पति की अमलदारी का बहुत अधिक अभिमान था। ‘झूठ-मूठ के षडयन्त्र रचना और दूसरों को कष्ट पहुँचाना उसका स्वभाव ही बन गया था।” उसके दुर्गणों को देखते हुए ऐसा मालूम होता था मानो उसका नाम ‘दुरितगौरी’ अक्षरशः सत्य है। यथा नाम तथा गुण वाली कहावत उस पर पूर्ण रूप से चरितार्थ होती थी। फिर भी गृहस्थी सुख शान्ति के साथ चल रही थी।
जब से बालक नरसिंह राम की वाणी महात्माजी की कृपा से खुली तब से दादी जयकुँवरी को उनके विवाह की चिंता रहने लगी। शीघ्र से शीघ्र अपनी सन्तान को विवाह-बन्धन में जकड़ देना भारत के माता-पिता अपना एक कर्तव्य सा समझते हैं। इस तरह वे एक बहुत बड़े सन्तान-ऋण से अपने को शीघ्र मुक्त कर लेना चाहते हैं। जयकुँवरी ने भी सम्भवतः इसी भावना से नरसिंह राम जी के विवाह का प्रयत्न करना शुरू कर दिया। घर सम्पन्न और प्रतिष्ठत था, अतएव उन्हें इस कार्य में सफलता भी शीघ्र ही मिल गयी।
प्रायः नौ वर्ष की उम्र में ही उन्होंने नरसिंह रामजी का विवाह माणिकगौरी नाम की एक सात वर्ष की बालिका के साथ कर दिया। माणिकगौरी सुरूपवती और सुलक्षणा कन्या थी; अतएव मनचाही योगया पौत्रवधू पाकर उसे बड़ा सन्तोष हुआ।
क्रमश – भाग ४
