अर्चना कुमारी । श्रद्धा हत्याकांड में आरोपी आफताब कैदी नंबर 11529 बना है और बताया जाता है कि आरोपी तिहाड़ जेल पहुंचने के बाद मंद-मंद मुस्कुराता रहा। खाना खाने के बाद रात भर आराम से सोया और जेलकर्मियों से अंग्रेजी में ही बोलकर पानी मांगा।
जेल सूत्रों का कहना है कि चेहरे पर घटना को लेकर कोई शिकन और पछतावा नहीं है। आफताब का पुलिस रिमांड के दौरान भी एक वीडियो जारी हुआ था, जहां हवालात में वह चैन से सो रहा था। इस बीच सोमवार को उसे पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए ले जाया गया जहां दूसरे सत्र के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री रोहिणी में उसका टेस्ट चल रहा है। इससे पहले उसे तिहाड़ जेल नंबर-4 में रखा गया । यहां वॉर्ड नंबर-15 के सेल नंबर-16 में रखा गया है। इस जेल को फर्स्ट टाइमर कैदियों वाली जेल भी कहा जाता है।
जहां किसी जुर्म में पहली बार गिरफ्तार किए जाने वाले विचाराधीन कैदियों को रखा जाता है, ताकि ऐसे कैदी तिहाड़ में पहले से बंद अन्य खतरनाक कैदियों और गैंगस्टरों की संगत से दूर रह सकें। जेल के जिस सेल में आफताब को बंद किया गया है, उसमें इसके साथ दो और कैदी भी हैं। यह दोनों कैदी चोरी-झपटमारी मामलों में बंद हैं। इसके वॉर्ड में 60 से अधिक कैदी और हैं। लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से जब इन 60 कैदियों के घूमने का वक्त होता है, तब आफताब को उसके सेल में ही बंद करके रखा जाता है।
जब यह 60 कैदी बंद रहते हैं, तब आफताब और इसके साथ बंद किए गए दो अन्य कैदी अपनी सेल से बाहर निकल सकते हैं। लेकिन आफताब से बोल दिया गया है कि वह अपने वॉर्ड से बाहर ना निकले। उसके ऊपर इस मामले को लेकर गुस्साए दूसरे कैदी जानलेवा हमला कर सकते हैं। इसके मूवमेंट वाले तमाम एरिया में 13 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि इसकी प्रत्येक गतिविधियों पर 24 घंटे नजर रखी जा सके। सुरक्षा की दृष्टि से जेल के एक जवान को इसके वॉर्ड के अंदर लगाया गया है।
जेल प्रशासन का कहना है कि जेल में इसने अपना नाम 28 साल का आफताब अमीन, अपने पिता का नाम अमीन पूनावाला और मां का नाम पूनावाला लिखवाया है। घर के प्रेजेंट और परमानेंट एड्रेस के रूप में इसने सी-1/301 यूनीक पार्क न्यू दीवान, मेन वसई वेस्ट पालघर, महाराष्ट्र लिखवाया है। जेल में रहते हुए इसने मुलाकात के लिए जेल रजिस्टर में चार नाम लिखवाए हैं, जिनसे इसने मिलने की इच्छा व्यक्त की है। इन चार लोगों में इसके माता-पिता, भाई और एक दोस्त हैं।
