अर्चना कुमारी चंडीगढ हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल की एक महिला सिपाही ने बृहस्पतिवार को दिल्ली जा रही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवनिर्वाचित सांसद कंगना रनौत को कथित रूप से थप्पड़ मार दिया।
महिला सिपाही को निलंबित कर दिया गया है और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसका कहना है उसकी मां किसान आंदोलन में गई थी,जिस पर कंगना ने उस समय कहा था सौ रुपया लेकर वहां महिला किसान धरना दे रही है।
इस बयान से वो नाराज़ थी। घटना के बारे में कंगना ने बताया कि उसके विमान में सवार होने से पहले हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ सिपाही ने कथित रूप से थप्पड़ मारा।
कंगना ने एक वीडियो बयान जारी कर कहा कि दिल्ली जाते वक्त चंडीगढ हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ की एक महिला सिपाही ने उन्हें थप्पड़ मारा और उनके साथ गाली-गलौज की।
कंगना ने ‘पंजाब में आतंक और हिंसा में हैरान करने वाली वृद्धि‘ शीषर्क से एक वीडियो बयान पोस्ट किया। कंगना ने वीडियो में कहा कि वह सुरक्षित और ठीक हैं, लेकिन पंजाब में बढते आतंकवाद को लेकर चिंतित भी हैं।
कंगना ने दिल्ली पहुंचने के बाद बयान जारी कर कहा कि महिला सिपाही उनकी ओर अचानक आई। कंगना ने कहा, ‘‘उसने मुझे थप्पड़ मारा और मुझे गाली देनी शुरू कर दी।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब मैंने उससे पूछा कि उसने ऐसा क्यों किया, तो उस सिपाही ने कहा कि वह किसान आंदोलन का समर्थन करती है।‘‘
ज्ञात हो हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से लोकसभा के लिए निर्वाचित होने वाली कंगना ने कांग्रेस के प्रत्याशी विक्रमादित्य सिंह को 74 हजार मतों से शिकस्त दी थी।
