इंडिया स्पीक डेली लीगल ब्यूरो, प्रयागराज। ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के विरुद्ध न्यायिक और प्रशासनिक मोर्चों पर लगातार विवाद खड़ा करने की कोशिश में जुटे आशुतोष ब्रह्मचारी खेमे को प्रयागराज की दीवानी अदालत से बड़ा विधिक झटका लगा है। न्यायालय सिविल जज (वरिष्ठ श्रेणी), प्रयागराज ने आशुतोष पक्ष की उस अर्ज़ी को सिरे से निरस्त कर दिया है, जिसमें माघ मेला 2027 से पूर्व मामले को मूल वाद (Regular Suit) के रूप में दर्ज करने और अंतरिम निषेधाज्ञा (Injunction) पर प्रतिदिन (डे-टू-डे) सुनवाई करने की गुहार लगाई गई थी।
न्यायालय के इस कड़े आदेश ने न केवल विरोधी खेमे की हड़बड़ी में कोई अंतरिम राहत या प्रतिकूल आदेश हासिल करने की मंशा पर पानी फेर दिया है, बल्कि कानूनी प्रक्रिया को दरकिनार करने की रणनीति को भी न्यायिक धरातल पर नाकाम कर दिया है।
क्या थी विरोधी पक्ष की अर्जी और रणनीति?
न्यायालय सिविल जज (वरिष्ठ श्रेणी), प्रयागराज के समक्ष विचाराधीन वाद (ज्योतिषपीठ, जोशीमठ, बदरिकाश्रम आदि बनाम उ०प्र० राज्य आदि) में आवेदकगण द्वारा सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) की धारा 151 के अंतर्गत प्रार्थना पत्र 17ग दाखिल किया गया था।
इस अर्ज़ी में आवेदकगण ने दलील दी कि:
* अदालत द्वारा 31 अगस्त 2026 को पारित आदेश के अनुसार पत्रावली अभी मात्र प्रकीर्ण वाद (Miscellaneous Case) के रूप में दर्ज है।
* माघ मेला 2027 निकट है और मेला क्षेत्र में शिविर व भूमि आवंटन की प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ होने वाली है।
* आवेदकगण का मुख्य उद्देश्य माघ मेला से पूर्व मूल वाद दर्ज कराकर अंतरिम निषेधाज्ञा प्राप्त करना है।
* इसलिए तात्कालिकता का हवाला देते हुए मांग की गई कि पत्रावली को तत्काल नियमित ‘मूल वाद’ में दर्ज किया जाए और सीपीसी के आदेश 39 नियम 1 व 2 के तहत अंतरिम निषेधाज्ञा प्रार्थना पत्र पर अदालत रोज़ाना सुनवाई करे।
कानूनी जानकारों के अनुसार, यह अर्ज़ी स्थापित न्यायिक प्रक्रिया की कतार को लांघकर त्वरित दबाव बनाने और एकपक्षीय राहत हासिल करने का प्रयास थी।
अदालत में विधिक प्रतिवाद: रिव्यू व क्षेत्राधिकार तय हुए बिना अंतरिम आदेश कैसा?
इस प्रार्थना पत्र पर विपक्षी संख्या-4 (प्रतिवादी पक्ष) के विद्वान अधिवक्ता श्री विकास दुबे ने कड़ा विधिक विरोध दर्ज करते हुए विस्तृत आपत्ति (प्रार्थना पत्र 19ग) प्रस्तुत की। प्रतिवादी पक्ष ने अदालत के सामने स्पष्ट कानूनी आधार रखे:
* वाद अभी पंजीकृत ही नहीं: पत्रावली अभी तक मूल वाद के रूप में पंजीकृत ही नहीं हुई है, ऐसे में विशेष प्राथमिकता देने की मांग कानूनन सही नहीं है।
* पुनर्विचार याचिका (Review 91/2026) लंबित: पूर्व में आदेश 7 नियम 11 सीपीसी से संबंधित आदेश (दिनांक 31.08.2026) के विरुद्ध रिव्यू प्रार्थना पत्र 91/2026 इसी न्यायालय में विचाराधीन है। क्षेत्राधिकार (Jurisdiction) और वैधानिक निषेध संबंधी मूल आपत्तियों पर निर्णय लिए बिना प्रतिवादी के अधिकारों को प्रभावित करने वाला कोई भी अंतरिम आदेश पारित करना न्यायिक अनुशासन के सर्वथा प्रतिकूल होगा।
* कानून से ऊपर तात्कालिकता नहीं: केवल ‘माघ मेला’ का नाम लेकर कानूनी अनिवार्यताओं और स्थापित प्रक्रियाओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
अदालत का फैसला: प्राथमिकता के नाम पर बाईपास नहीं होगी प्रक्रिया
दोनों पक्षों के विद्वान अधिवक्ताओं (आवेदकगण की ओर से श्री अजय कुमार शुक्ल व श्री बलराम गोविन्द त्रिपाठी तथा विपक्षीगण की ओर से श्री विकास दुबे) की दलीलें सुनने और पत्रावली का अवलोकन करने के बाद सिविल जज (वरिष्ठ श्रेणी), प्रयागराज श्री अमन कुमार श्रीवास्तव ने 28 अक्टूबर 2026 को स्पष्ट आदेश पारित किया।
अदालत ने अपने आदेश में रेखांकित किया कि पत्रावली अभी मूल वाद के रूप में दर्ज नहीं हुई है। इसके साथ ही न्यायालय में पहले से ही माननीय उच्च न्यायालय तथा अपर जिला जज (ADJ) स्तर से प्राथमिकता पर निस्तारित किए जाने के निर्देश वाली पत्रावलियों का कार्यभार है। ऐसे में स्थापित कानूनी प्राथमिकताओं को तोड़कर प्रस्तुत प्रार्थना पत्र 17ग स्वीकार करने योग्य नहीं है।
न्यायालय ने स्पष्ट व्यवस्था देते हुए:
* प्रार्थना पत्र 17ग (प्रतिदिन सुनवाई व मूल वाद में दर्ज करने की मांग) को सीधे निरस्त (खारिज) कर दिया।
* आपत्ति निस्तारित करते हुए मामले की अग्रिम कार्यवाही हेतु 03 नवंबर 2026 की तिथि नियत की।
अर्थात् माघ मेला 2027 से पहले आशुतोष की ओर से मूल वाद दर्ज कराने और रोज़ाना सुनवाई की अर्ज़ी को प्रयागराज सिविल कोर्ट ने खारिज कर दिया।
उल्लेखनीय है कि यह पूरा मामला उसी निरंतर रचे जा रहे षड्यंत्र का हिस्सा है, जिसकी शुरुआत ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज की धार्मिक व सामाजिक प्रतिष्ठा को आघात पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। पूर्व में आशुतोष ब्रह्मचारी द्वारा प्रयागराज में पूज्यपाद शंकराचार्य जी महाराज के विरुद्ध पाक्सो (POCSO) एक्ट जैसे अत्यंत गंभीर और संवेदनशील कानून के तहत झूठा व मनगढ़ंत मामला दर्ज कराने का कुत्सित प्रयास किया गया था। जब संगीन और झूठे आरोपों की वह साजिश कानूनी धरातल पर टिक नहीं सकी, तब माघ मेला भूमि आवंटन और दीवानी मुकदमों की आड़ लेकर प्रक्रियागत पेच फंसाने की कोशिशें शुरू की गईं। प्रयागराज अदालत के इस ताज़ा फैसले ने साफ कर दिया है कि न्यायिक मंचों पर कानूनी अनुशासन और तथ्यों की अनदेखी कर दुर्भावनापूर्ण हथकंडों से मनमाफिक आदेश हासिल नहीं किए जा सकते।
नोट: यूट्यूब और सोशल मीडिया की बंदिशों के बाद अब यह तय है कि सच बोलने के लिए अपना आजाद प्लेटफार्म चाहिए। India Speak Daily केवल मेरा नहीं, आपकी निडर आवाज़ का मंच है। आइए, मिलकर इस पर अपनी स्वतंत्र Live Streaming और Video Platform को सनातनियों का वैचारिक अधिष्ठान बनाएं। नीचे ‘ISDian बनें’ बटन पर क्लिक कर आज ही इसके सदस्य बनें👇

निचली अदालतें अभी भी न्याय कर रही हैं।