अर्चना कुमारी। कुणाल उर्फ विजय को कार राजा कहा जाता है क्योंकि वह लग्जरी कार चुराने में माहिर है। उसके बुजुर्ग दादा व पिता दिल्ली के बड़े कारोबारी थे। वह खुद दक्षिण दिल्ली के एक नामी कान्वेंट स्कूल से दसवीं कक्षा तक पढ़ा है। लेकिन गलत संगत में पड़कर वह कार चुराने लग गया। उसकी पत्नी ने कुछ साल पहले उसे सुधरने की नसीहत दी लेकिन वह इस पेशे को नहीं छोड़ पाया ।
इसके बाद उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई लेकिन इसके बावजूद कुणाल चोरी करता रहा लेकिन दिल्ली पुलिस ने अब इस शातिर को गिरफ्तार कर लिया है । पुलिस का कहना है कि इसका कार चोरी करने का तरीका भी दूसरे चोरों से अलग था। शातिर कुणाल ऑन डिमांड जिस कार को उसे चोरी करना होता था, पहले आरोपी उसी मॉडल और कलर की दूसरी गाड़ी की नंबर प्लेट चोरी करता था।
इसके बाद कार चोरी कर उस पर चोरी की गई नंबर प्लेट लगा दी जाती थी। बाद में इसकी मदद से कार को आसानी से रिसीवर तक पहुंचा दिया जाता था। पुलिस का कहना है कि यदि रास्ते में कोई पुलिसकर्मी उसकी जांच भी करता था तो कलर और मॉडल के हिसाब से उसको पकड़ा नहीं जाता था। । पुलिस ने आरोपी के पास से चार लग्जरी गाड़ियां, भारी मात्रा में नंबर प्लेट, औजार, चाबिया व अन्य सामान बरामद किया ।
आरोपी ने बताया कि वह साल 2013 से कार चोरी के धंधे में है, पहले उसके खिलाफ नौ मामले दर्ज हैं और वह चार बार गिरफ्तार भी हो चुका है। उसकी गिरफ्तारी से अभी 10 वारदातें सुलझी हैं। पुलिस को आरोपी ने बताया कि घूमने के दौरान वह अपनी पसंद के हिसाब से कार के कलर और मॉडल की लिस्ट बना लेता था।
इस बीच जैसे ही उसे ऑन डिमांड ऑर्डर मिलता था, वह पहले उसी मॉडल की किसी दूसरी कार की नंबर प्लेट चोरी करता था। इसके बाद दूसरी कार चोरी कर उस पर वह नंबर प्लेट लगा देता था। कार चोरी करने में उसे महज पांच ही मिनट लगते थे। छानबीन के दौरान बताया कि वह कार का शीशा तोड़कर उसका ईसीएम बदलकर वारदात को अंजाम देता था।
कार चोरी करने के बाद वह उसे जीपीएस या दूसरे कारणों से अलग-अलग पार्किंग में खड़ा करता था। जब उसे पूरा यकीन हो जाता था कि कोई उसके पीछे नहीं है तब वह रिसीवर को बुलाकर कार सौंप देता था। एक कार के बदले उसे 80 हजार से 1.15 लाख तक मिल जाते थे और इस तरह वह लखपति कार राजा बन गया था।
