श्वेता पुरोहित :-
सभी सखाओं को छोड़़कर दौडा़-दौडा़ ” मैया ! मैया!” पुकारता हुआ कन्हैया अपनी मैया के पास चला आया।
“कहाँ जा रही है मैया तू ?”
भोलेपन से श्रीकृष्ण ने कहा।
“कहीं नहीं, तू जा खेल ले सखाओं के साथ।”
नहीं मैया, ” बता तो कहाँ जा रही है तू ? “
“लाला ! तेरे लिए माखन मिश्री लेने जा रही हूँ।” पूजा के सामान को अपने आंचल से छिपाती हुई मैया बोली।
“नहीं मैया, तू झूठ बोल रही है, मैंने, अभी देखा है कि घर में ढेर सारी माखन की मटकियां और ढेर सारी मिश्री पड़ी है ! मैया, तू सच-सच बता कहाँ जा रही है।”
“लाला, मैं किसी ज़रुरी काम से जा रही हूँ, तू जा खेल।”
“नहीं मैया, तू सज-धज के जरुर मेला देखने जा रही है। मैं भी जाऊँगा, मेला देखने।”
“अरे लाला ! रात को भी भला कहीं मेला होता है। सच बताऊँ मैं तो यमुना मैया की पूजा करने जा रही हूँ।”
“अरी मैया, मैं भी जाऊँगा पूजा करने।”
“नहीं लाला, वहाँ बच्चे थोड़े ही जाते हैं।”
“नहीं मैया, अब मैं छोटा तो नहीं हूँ, देख न कितना बड़ा हो गया हूँ।”
लाला की चिकनी-चुपड़ी बातें सुन कर मैया का मन पसीज गया। अत: वह गोपाल से बोली – “देख गोपाल ! मैं तुझे ले तो जाऊँ, लेकिन तू वहाँ करेगा क्या ?”
“मैया, मैं भी देखूंगा, तू कैसे पूजा करती है,
कभी मुझको भी तो करनी होगी।”
“अच्छा, तू मुझे परेशान तो नहीं करेगा ?”
“तेरी साैगंध खाकर कहता हूँ मैया, मैं बिलकुल परेशान नहीं करुंगा।”
“अच्छा ठीक है।”
इतना कहकर मैया ने यमुना की ओर मुख किया और चल दी। कन्हैया ने भी मैया के आंचल के कोने को पकड़ लिया और धीरे-धीरे मैया के पीछे-पीछे चलने लगा ताकि भक्त मैया के श्रीचरणों की रज सिर पर गिरती रहे।
यमुना पर पहुँच कर मैया ने यमुना को प्रणाम किया। यमुना की स्तुति करते हुए उसने दोना निकाला, उसमें एक दीपक जलाया तथा उसे चारों ओर से फूल इत्यादि से सजाकर यमुना में छोड़ दिया और हाथ जोड़ कर व आँख बन्द करके यमुना मैया के सामने न जाने क्या गुन-गुनाने लगी।
कन्हैया ने देखा कि यमुना के दोनों ओर छोटी-बड़ी बूढ़ी बहुुत सी गोपियां मग्न हुईं यमुना मैया की पूजा कर रही हैं।
तथा अपने-अपने दीपकों को भांति-भांति के भावों से प्रवाहित कर रही है। लाखों-लाखों दीपक यमुना के जल में झिलमिल-झिलमिल करते हुए बह रहे थे।
थोड़ी देर बाद यशोदा मैया ने आँख खोलीं और यमुना जी को प्रणाम करते हुए वापिस जाने लगी पंरतु वहां कन्हैया का अता-पता ही नहीं था।
“कन्हैया ! अओ कन्हैया !!
इसीलिए तो मैं इसे नहीं ला रही थी। अब कहाँ ढूँढूं इस अन्धेरे में।”
मैया की आवाज़ सुनकर “मैं यहाँ हूँ ! ” – कन्हैया ने जवाब दिया।
इधर-उधर निगाह दाैड़ाते हुए माता ने देखा कि लाला यमुना के बीच में घुसा हुआ था और बहते हुए दीपकों के साथ खेल रहा था।
“अरे क्या है ?
पानी से निकल, कहीं सांप आदि न डस ले।”
कन्हैया मुस्कराते हुए सोचता है कि भला काैन सा सांप मुझे डसेगा।
इतना बड़ा विषधर कालिय नाग तो बेचारा मेरा कुछ न कर सका। अरे फिर मैं तो हमेशा ही हजारों फन वाले सांप (शेष नाग) के ऊपर लेटा रहता हूँ।
“अरे ! जल्दी निकल पानी से ।
क्या कर रहा है तू वहाँ।”- मैया ने कड़कती हुई आवाज़ में कहा।
बहते दीपकों की ओर इशारा करते हुए कन्हैया कहने लगे -श- मैया मैं तो इन्हें किनारे लगा रहा हूँ।”
“अरे, पागल है तू,भला किस-किस को किनारे लगाएगा ?”
“मैया, मैंने सभी का ठेका थोड़े ही ले रखा है।
जो मेरे सामने आएगा, मैं उसे किनारे लगा दूंगा।”
अर्थात भव सागर में डूबते कष्ट पाते हुए सभी जीवों को किनारे लगाने का ठेका भगवान ने नहीं लिया है ।
क्योंकि भगवान जीव स्वतंत्रता में बाधा नहीं देना चाहते।
हाँ, जो भाग्यशाली जीव भगवान के सम्मुख अर्थात शरणागत हो जाता है, उसे ही भगवान दु:खों के सागर से पार लगा देते है।
ॐ देवकीसुत गोविन्द वासुदेव जगत्पते देहि में तनयं कृष्ण त्वामहम शरणम गतः 🙏
