श्वेता पुरोहित :-
भाद्रपद माह की शुक्ल पक्ष की अष्टमी को राधाजी का जन्म हुआ था। इसलिए आज के दिन को “राधाष्टमी” के नाम से जाना जाता है।
श्री राधा जी की जन्म कथाः
आज से पाँच हजार दो सौ वर्ष पूर्व मथुरा जिले के गोकुल-महावन कस्बे के निकट रावल गांव में वृषभानु एवं कीर्ति देवी की पुत्री के रूप में राधा रानी ने जन्म लिया था।
राधा रानी के जन्म के संबंध में यह कहा जाता है कि राधा जी माता के पेट से पैदा नहीं हुई थी, उनकी माता ने अपने गंर्भ में वायु को धारण कर रखा था। उसने योग माया की प्रेरणा से वायु को ही जन्म दिया। परन्तु वहाँ स्वेच्छा से श्री राधा प्रकट हो गईं।
श्री राधा रानी जी कलिंदजाकूलवर्ती निकुंज प्रदेश के एक सुन्दर मंदिर में अवतीर्ण हुई। उस समय भाद्र पद का महीना था, शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि, अनुराधा नक्षत्र, मध्यान्ह
काल १२ बजे और सोमवार का दिन था। उस समय राधा जी के जन्म पर नदियों का जल पवित्र हो गया। सम्पूर्ण दिशाए प्रसन्न निर्मल हो उठीं।
वृषभानु और कीर्ति देवी ने पुत्री के कल्याण की कामना से आनंददायिनी दो लाख उत्तम गौए ब्राह्मणों को दान में दीं।
ऐसा भी कहा जाता है कि एक दिन वृषभानु जी जब एक सरोवर के पास से गुजर रहे थे, तब उन्हें एक बालिका “कमल के फूल” पर तैरती हुई मिली, जिसे उन्होंने पुत्री के रूप में अपना लिया।
श्री राधा रानी जी आयु में श्री कृष्ण जी से ग्यारह माह बडी थीं।
लेकिन श्री वृषभानु जी और कीर्ति देवी को ये बात जल्द ही पता चल गई कि श्री किशोरी जी ने अपने प्राकट्य से ही अपनी आँखे नहीं खोली हैं। इस बात से उन्हें बड़ा दुःख हुआ। कुछ समय पश्चात जब नन्द महाराज की पत्नी यशोदा जी गोकुल से अपने लाडले के साथ वृषभानु जी के घर आती हैं तब वृषभानु जी और कीर्ति जी उनका स्वागत करती हैं।
यशोदा जी कान्हा को गोद में लिए राधा जी के पास आती हैं और जैसे ही श्री कृष्ण और राधा आमने-सामने आते हैं तब राधा जी पहली बार अपनी आँखे खोलती हैं।
अपने प्राण प्रिय श्री कृष्ण को देखने के लिए वे एक टक कृष्ण जी को देखती हैं। अपनी प्राण प्रिय को अपने सामने एक सुन्दर-सी बालिका के रूप में देखकर श्री कृष्ण जी स्वयं बहुत आनंदित होते हैं। जिनके दर्शन बड़े बड़े देवताओ के लिए भी दुर्लभ हैं तत्वज्ञ मनुष्यसैकड़ों जन्मो तक तप करने पर भी जिनकी झाँकी नहीं पाते, वे ही श्री राधिका जी जब वृषभानु के यहाँ साकार रूप से प्रकट हुई और गोप ललनाएँ जब उनका पालन करने लगीं, स्वर्ण जडित और सुन्दर रत्नों से रचित चंदन चर्चित पालने में सखीजनों द्वारा नित्य झुलाई जाती हुई श्री राधा प्रतिदिन शुक्ल पक्ष के चंद्रमा की कला की भांति बढ़ने लगीं।
श्री राधा क्या हैं: रास की रंग स्थली को प्रकाशित करने वाली चन्द्रिका, वृषभानु मंदिर की दीपावली, गोलोक चूड़ामणि, श्री कृष्ण की हारावली है।
शास्त्रों के अनुसार ब्रह्माजी ने वृन्दावन में श्री कृष्ण के साथ साक्षात राधा का विधिपूर्वक विवाह संपन्न कराया था। बृज में आज भी माना जाता है कि राधा के बिना कृष्ण अधूरे हैं और कृष्ण बिना श्री राधा। धार्मिक पुराणों के अनुसार राधा और कृष्ण की ही पूजा का विधान है।
हमारा उन परम शक्ति को शत्-शत् नमन है।
करुणामई, कृपामयी और दयामयी श्री राधारानी जी के प्राकट्य उत्सव की मंगल बधाई एवं अनन्त शुभकामनाएं !!👏👏🪷🌿
