श्वेता पुरोहित।
रत्नाकर दस्यु के श्रीमद् वालमीकि रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की कहानी अनोखी है। रामचरित मानस के रचयिता तुलसीदास की जीवन गाथा भी कम विचित्र नहीं है।
दोनों के रामकथा गाने का ढंग भी अलग-अलग और अनोखा है। वाल्मीकिजी ने त्रेता युग में रामायण की रचना की। उनकी कथा के नायक राम राजकुमार हैं, शासक हैं उन्हें वाल्मीकि ने जैसा देखा, जैसा पाया वैसा ही उनके चरित्र का वर्णन किया पर तुलसीदास ने राम गाथा को भक्ति भाव से लिखा। उनके रामचरित मानस के राम मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। तुलसी ने राम के आदर्श रूप को एक भक्त के रूप में प्रस्तुत किया।
वाल्मीकि की रामायण संस्कृत भाषा में थी इसलिए वह तत्कालीन पाठक समाज के उसी वर्ग में समादृत और प्रचलित हुई जिन्हें संसकृत का ज्ञान था। कुछ लोगों का मत है कि उसी रामायण को जनभाषा और सरल भाषा में गाने के लिए कवि वाल्मीकि ने कलयुग में गोस्वामी तुलसीदास के रूप में अवतार लिया। उन्होंने अपने रामचरित मानस को अवधी मिश्रित हिंदी में रच कर जन-जन में लोकप्रिय और समादृत बना वाल्मीकि के गोस्वामी तुलसीदास को रूप में अवतार लेने की एक यह कथा भी प्रचलित है।
संभवतः बहुत कम लोगों को ज्ञात होगा कि सर्वप्रथम रामायण की रचना हनुमान जी ने की थी। उन्होंने पत्थरों की शिलाओं में अपने सुदृढ़ नखों से कुरेद-कुरेद कर यह रामायण लिखी थी। इसका नाम ‘हनुमद् रामायण’ था। कहते हैं जब वाल्मीकि जी ने उस रामायण को देखा तो उन्हें लगा उन्होंने संस्कृत में जो रामायण लिखी है वह श्रेष्ठता में हनुमान जी की रामायण के आगे कहीं नहीं टिकती।
वे प्रसन्नता से नाचने लगे। उन्हें प्रसन्न देख हनुमान जी ने कहा – तुम जो चाहो वरदान मांग लो। लेकिन वाल्मीकि ने सोचा कि इनकी रचना अगर विश्व विख्यात हो गयी तो उनकी रामायण को कोई नहीं देखेगा। हनुमान जी ने वरदान मांगने को कहा था तो वाल्मीकि जी ने उनसे कहा कि अगर आप मुझे वरदान देना ही चाहते हैं तो मैं यह वरदान मांगता हूं कि आप अपनी लिखी इस रामायण को समुद्र में प्रवाहित कर दीजिए। हनुमान जी ने तो वरदान मांगने के लिए कह ही दिया था तो उन्होंने शिला पर लिखी अपनी रामायण को समुद्र में प्रवाहित तो कर दिया लेकिन उनको वाल्मीकि पर बड़ा क्रोध
आया।
उन्होंने वाल्मीकि को कहा कि तुमने कलियुगी व्यक्ति की तरह आचरण किये। मुझे अपनी दुर्लभ रामायण समुद्र में प्रवाहित करने को विवश किया अब मैं तुम्हें शाप देता हूं कि तुमको कलियुग में भी अवतार लेना होगा। यह सुन कर वाल्मीकि भयभीत हो गये। इस पर हनुमान जी ने उन्हें यह भी विश्वास दिलाया कि वे सदा उनके साथ रहेंगे और कलियुग का प्रभाव उन पर नहीं पड़ने देंगे। हनुमान जी के इस शाप के चलते ही कलियुग में वाल्मीकि को गोस्वामी तुलसीदास के रूप में अवतार लेना पड़ा। सभी जानते हैं की कलियुग में वाल्मीकि ने जब तुलसीदास के रूप में अवतार लिया तो हनुमान जी ने कई अवसर पर उनकी मदद की यहां तक की उनकी सहायता से ही तुलसीदास को चित्रकूट में राम के दर्शन भी हुए।
तुलसी कृत श्रीरामचरित मानस भारतीय संस्कृति में एक विशेष स्थान रखता है। उत्तर भारत में रामायण के रूप में कई लोगों द्वारा प्रतिदिन पढ़ा जाता है। श्रीरामचरित मानस में इस ग्रन्थ के नायक को एक महाशक्ति के रूप में दर्शाया गया है जबकि महर्षि वाल्मीकि कृत रामायण में श्रीराम को एक मानव के रूप में दिखाया गया है। तुलसी के प्रभु राम सर्वशक्तिमान होते हुए भी मर्यादा पुरुषोत्तम हैं। रामचरित मानस के बारे में स्वयं तुलसी ने कहा है-
नाना पुराण निगमागम सम्मतं यद्, रामायणे निगदितं क्वचिदन्यतोपि।
स्वान्तः सुखाय तुलसी रघुनाथ गाथा, भाषानिबंध मति मंजुलमातनोति॥
अर्थात:
नाना पुराणों, वेद शास्त्र जिससे सहमत हैं रामायण में उसी का वर्णन किया गया है और कुछ नहीं।
स्वयं सुख प्राप्ति के लिए अपनी मति के अनुसार इस रघुनाथ गाथा को भाषा में निबद्ध किया है।
अतः यह विश्वास पूर्वक कहा जा सकता है कि गोस्वामी तुलसीदासजी महाराज ने अपनी मौलिकता में और अपनी कल्पनाशीलता में सृजन धर्मिता का निर्वहन किया है। हृदयस्थ श्रीराम भक्ति के आश्रय में तथा भूतभावन भगवान शिव की कृपा से तत्कालीन उपलब्ध भारतीय पारम्परिक संस्कृत साहित्य का आधार लेकर श्रीरामचरितमानस को भाषा बद्ध किया है। रामायण के सृजन में उन्हें शोध की सामग्री महर्षि वेदव्यास प्रणीत पुराण, गीता, उपनिषद् आदि साहित्य से प्राप्त हुई है।
श्री गौरी शंकर की जय 🙏 🚩
सियावर रामचन्द्र की जय 🙏 🚩
पवनसुत हनुमान की जय 🙏🚩
रामप्रेममूर्ति तुलसीदासजी की जय 🙏🌷
महर्षि वाल्मीकि की जय 🙏🌷
