श्वेता पुरोहित :-
🌿🌼 श्री बाँके बिहारी जी का चमत्कार – सत्य घटना भगवान का भक्त के लिए प्रेम🌼🌿
श्री बाँके बिहारी जी महाराज के सच्चे भक्त श्री बिंदुजी महाराज के जीवन की एक कथा बताती हूँ।
बात बहुत ज्यादा पुरानी नहीं है। वृन्दावन में गोस्वामी श्री बिंदुजी महाराज नाम के एक भक्त रहते थे। वे काव्य रचना में प्रवीण थे। श्रीबिहारीजी महाराज उनके प्राणाराध्य थे। इसलिए वो रोज एक नई रचना श्रीबिहारीजी महाराज को सुनाने के लिए रचते और शाम को जब बिहारीजी के दर्शन के लिए जाते तो उन्हे भेंटकर आते। उनके गले में साक्षात् सरस्वती का वास था। जब वो रचना बिहारी जी को सुनते तो सभी दर्शनार्थियो के हृदय को भी मंत्र मुग्ध कर देते।
उनके साथ के अन्य साधू संत बताते हैं की श्री बिहारीजी महाराज से उनका प्रत्यक्ष साक्षात्कार था। उनके बारे में अनेक घटनायें आज भी वृंदावन वासियों में प्रसिद्ध है। उन्हीं में से एक विशेष प्रसंग बताती हूँ।
एक बार श्री बिंदुजी महाराज ज्वर ग्रस्त हो गए। कई दिनों तक कंपकंपी देकर बार बार बुखार आता रहा। उनके शिष्यगण उनकी सेवा में लगे थे। वैध जी से दवा लाई गयी। औषधि से श्री बिंदुजी महाराज का बुखार तीन-चार दिनों बाद कुछ हल्का पड़ा। उस दिन सुबह बिंदुजी के शिष्यों ने श्रीबिहाराजी महाराज की श्रृंगार आरती से लौटकर चरणामृत और तुलसी पत्र अपने गुरुदेव बिंदुजी को दिया।
बिंदुजी कहने लगे – “किशोरी लाल! आज सांझ कू श्रीबिहारी जी के दरसन करबे चलिंगे।”
पर महाराज! आप कू तो कमजोरी बहुत ज्यादा है गयी है, कैसे चल पाओगे” किशोरीलाल, उनके शिष्य ने अपनी शंका प्रकट की।
“अरे कुछ नायें भयौ- ठाकुर कू देखे कई दिन है गये – या लिए आज तो जरूर ही – जायेंगे।” बिंदुजी ने अपना निर्णय सुनाया।
‘ठीक है, जो आज्ञा’ कहकर किशोरीलाल अपने काम करने लगा, गुरु आज्ञा भला वो टाले भी कैसे?
कुछ देर बाद बिंदुजी अचानक बेचैन हो गए, क्योंकी आज तक कभी ऐसा नहीं हूआ था की जब बिंदुजी बिहारीजी के दर्शन करने गये हों और उन्हें कोई नई स्वरचित काव्य रचना अर्पित न की हो। आज उनके पास कोई रचना नही थी। उन्होंने कागज़ कलम लेकर लिखने का प्रयास भी किया पर शारीरिक कमजोरी की वजह से कुछ भी लिख ही नहीं पाए।
धीरे-धीरे दोपहरी बीत गयी। सूर्यनारायण अस्ताचल की ओर चल दिए। तभी बिंदुजी ने किशोरी लाल को आवाज दी –
‘किशोरीलाल !’
‘जी गुरुदेव’
‘नैक मेरो पुरानों चादर तो निकार दे अलमारी में ते ।’
किशोरीलाल समझ न सके कि गुरुदेव को अचानक पुरानी चादर की क्या आवश्यकता आ पड़ी।
पर उन्होंने आज्ञा पालन करते हूँ, अलमारी से चादर निकाल कर गुरूजी के सिरहाने रख दी।
वो चादर क्या थी उसमें दसियो तो पैबंद लगे थे। रज में लिथ रही थी बुरी तरह, पर वो चादर उनके गुरु की याद थी उनके लिए, इसलिए बहुत प्रेम से संभल कर रखी थी। बिंदुजी ने उस चादर को सहेज कर अपने पास रख लिया।
जब सूर्यास्त हो जाने पर बिंदुजी श्रीबिहारीजी महाराज के दर्शन करने के लिए निकले तो उन्होंने वही चादर ओढ़ रखी थी। तब वृन्दावन में आज कल की तरह बिजली की जगमग नहीं हुआ करती थी। दुकानों पर जो रौशनी होती थी उसी से बाजार प्रकाशित होते थे। बिंदुजी के सभी शिष्य चुपचाप गुरूजी के पीछे चल रहे थे।
श्रीबिहारीजी महाराज के मंदिर में पहुँच कर बिंदुजी ने किशोरीलाल का सहारा लेकर मंदिर की सीढ़ियां चढ़ी और श्रीबिहारीजी महाराज के दाहिने ओर वाले कटहरे के सहारे द्वार से लगकर दर्शन करने लगे।
वे जितनी देर वहाँ खड़े रहे उनकी दोनों आँखों से अश्रु बिना रुके बहते रहे। आज कोई रचना तो थी नही जिसे बिहारजी को सुनाते। इसलिए बस चुपचाप दर्शन करते रहे। काफी समय बस वो यूंही वहाँ खड़े रहे। तब किशोरी लाल ने पूछा गुरु जी चले। “हाँ” में सिर हिला कर बिंदु जी ने कटहरे पर सिर टिकाकर दंडवत प्रणाम किया। एक बार फिर अपने प्राणप्यारे को जी भर के देखा और जैसे ही कटहरे से उतरने लगे उनकी चादर किसी ने पीछे से पकड़ ली, उन्होंने पीछे घूम कर देखा!
जो देखा वो बहुत अद्भुत था। निज महल के सिंघासन से उतर कर बिहारीजी महाराज उनके सामने आ खड़े हुए –
‘क्यों! आज नाँय सुनाओगे अपनी कविता?’
अक्षर-अक्षर जैसे मधुर रग में पिरी आवाज! खनकती सी मधुर मधुर स्वर! बिहारी जी के नूपुरों की ध्वनि ने उनके पैर रोक दिए, ‘सुनाओ न !’ एक बार फिर आग्रह के साथ बिहारीजी ने कहा। यह स्वप्न था या साक्षात इसका निर्णय कौन करता, ये तो सिर्फ बिंदुजी महाराज को दिख रहा था। बिंदुजी तो जैसे आत्म-सुध ही खो बैठे थे। शरीर की कमजोरी न जाने कहाँ गायब हो गयी। वे फिर से कटहरे का सहारा लेकर खड़े हो गए। आँखों से आंसुओं की धार, गदगद हृदय, शारीर में कम्पन! समझ ही नहीं आ रहा था क्या हो रहा है।
बिंदुजी की कण्ठ ध्वनी ने अचानक सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। लोग कभी उनकी तरफ देखते कभी उनकी चादर की ओर।
किन्तु श्रीबिन्दु थे की श्रीबिहारीजी महाराज की ओर अपलक दृष्टि देख रहे थे। मंदिर में जगमोहन में उनके भजन की गूंज के सिवाए और कोई शब्द सुनाई नहीं दे रहा था- बिंदुजी देर तक गाते रहे
“कृपा की न होती जो आदत तुम्हारी ।
तो सूनी ही रहती अदालत तुम्हारी ॥
गरीबो के दिल में जगह तुम न पाते ।
तो किस दिल में होती हिफाजत तुम्हारी ॥”
ये पंक्तिया उस दिन श्री बिंदु जी महाराज ने श्री बिहारी जी को समर्पित की।
बोलो बाँके बिहारी लाल की जय!
वृंदावन बिहारी लाल की जय, बोलो भक्त और भगवान की जय।
श्री कुंजबिहारी की जय🙏🌷
जय श्री राधे राधे 🙏🪷 हरे कृष्ण🙏🌷
