🌿 ईश्वर सनत्कुमार संवाद में श्रावण मास के माहात्म्य का वर्णन 🌿
श्वेता पुरोहित:-
शौनक बोले- हे सूत ! हे सूत ! हे महाभाग ! हे व्यासशिष्य ! हे अकल्मष ! आपके मुख कमल से अनेक आख्यानों को सुनते हुए हम लोगों की तृप्ति नहीं होती है, अपितु फिर-फिर सुनने की इच्छा बढ़ती जा रही है । तुला राशि में स्थित सूर्य में कार्तिक मास का माहात्म्य, मकर राशि गत सूर्य में माघमास का माहात्म्य और मेषराशि गत सूर्य में वैशाख मास का माहात्म्य और इसके साथ उन-उन मासों के जो भी धर्म हैं, उन्हें आपने भली भाँति कह दिया; यदि आपके मत में इनसे भी अधिक महिमामय कोई मास हो तथा भगवत्प्रिय कोई धर्म हो तो उसे आप अवश्य कहिये, जिसे सुनकर कुछ अन्य सुननेकी हमारी इच्छा न हो। वक्ताको श्रद्धालु श्रोताके समक्ष कुछ भी छिपाना नहीं चाहिये ।
सूतजी बोले- हे मुनियो ! आप सभी लोग सुनें, मैं आपलोगोंके वाक्यगौरवसे [अत्यन्त] सन्तुष्ट हूँ; आप- लोगों के समक्ष कुछ भी गोपनीय मेरे लिये नहीं है ।
दम्भरहित होना, आस्तिकता, शठताका परित्याग, उत्तम भक्ति, सुननेकी इच्छा, विनम्रता, ब्राह्मणोंके प्रति भक्तिपरायणता, सुशीलता, मनकी स्थिरता, पवित्रता, तपस्विता और अनसूया – ये श्रोता के बारह गुण बताये गये हैं। वे सभी आप लोगों में विद्यमान हैं, अतः मैं आप लोगों पर प्रसन्न होकर उस तत्त्व का वर्णन करता हूँ ।
एक समय प्रतिभाशाली सनत्कुमार ने धर्म को जानने की इच्छा से परम भक्ति से युक्त होकर विनम्रतापूर्वक ईश्वर (भगवान् शिव)-से पूछा ।
सनत्कुमार बोले- योगियों के द्वारा आराधनीय चरणकमल वाले हे देवदेव! हे महाभाग ! हमने आपसे अनेक व्रतों तथा बहुत प्रकार के धर्मों का श्रवण किया, फिर भी हम लोगों के मन में सुनने की एक अभिलाषा है। बारहों मासों में जो मास सबसे श्रेष्ठ, आपकी अत्यन्त प्रीति करानेवाला, सभी कर्मों की सिद्धि देनेवाला हो और अन्य मास में किया गया कर्म यदि इस मास में किया जाय तो वह अनन्त फल प्रदान करानेवाला हो – हे देव! उस मास को बताने की कृपा कीजिये; साथ ही लोकानुग्रह की कामना से उस मास के सभी धर्मों का भी वर्णन कीजिये ।
ईश्वर बोले – हे सनत्कुमार ! मैं अत्यन्त गोपनीय भी आपको बताऊँगा ! हे सुव्रत ! हे विधिनन्दन ! मैं आपकी श्रवणेच्छा तथा भक्तिसे प्रसन्न हूँ । बारहों मासों में श्रावण मुझे अत्यन्त प्रिय है। इसका माहात्म्य सुननेयोग्य है, अतः इसे श्रावण कहा गया है। इस मास में श्रवण-नक्षत्रयुक्त पूर्णिमा होती है, इस कारण से भी इसे श्रावण कहा गया है। इसके माहात्म्य के श्रवणमात्रसे यह सिद्धि प्रदान करनेवाला है, इसलिये भी यह श्रावण संज्ञावाला है। निर्मलता-गुणके कारण यह आकाश के सदृश है, इसलिये ‘नभा’ कहा गया है ।
इस श्रावणमास के धर्मों की गणना करने में इस पृथ्वीलोक में कौन समर्थ हो सकता है, जिसके फलका सम्पूर्णरूप से वर्णन करने के लिये ब्रह्माजी चार मुखवाले हुए, जिसके फलकी महिमा को देखने के लिये इन्द्र हजार नेत्रों से युक्त हुए और जिसके फल को कहने के लिये शेषनाग दो हजार जिह्वाओं से सम्पन्न हुए। अधिक कहने से क्या प्रयोजन; इसके माहात्म्य को देखने और कहनेमें कोई भी समर्थ नहीं है । हे मुने ! अन्य मास इसकी एक कलाको भी नहीं प्राप्त होते हैं। यह सभी व्रतों तथा धर्मोंसे युक्त है। इस महीने में एक भी दिन ऐसा नहीं है, जो व्रत से रहित दिखायी देता हो। इस मासमें प्रायः सभी तिथियाँ व्रतयुक्त हैं ।
इसके माहात्म्य के सन्दर्भ में मैंने जो कहा है, वह केवल प्रशंसामात्र नहीं है। आर्तों, जिज्ञासुओं, भक्तों, अर्थ की कामना करनेवाले, मोक्ष की अभिलाषा रखनेवाले और अपने-अपने अभीष्ट की आकांक्षा रखनेवाले चारों प्रकार के लोगों (ब्रह्मचर्य, गृहस्थ, वानप्रस्थ, संन्यास-आश्रमवाले) को इस श्रावण में व्रतानुष्ठान करना चाहिये ।
सनत्कुमार बोले – हे भगवन् ! हे सत्तम ! आपने जो कहा कि इस मास में सभी दिन एवं तिथियाँ व्रतरहित नहीं हैं; तो आप उन्हें मुझे बतायें । किस तिथि में और किस दिन में कौन-सा व्रत होता है, उस व्रत का अधिकारी कौन है, उस व्रत का फल क्या है, उसकी विधि क्या है, किस-किसने उस व्रतको किया, उसके उद्यापन की विधि क्या है, प्रधान पूजन कहाँ हो और जागरण करने की क्या विधि है, उसका देवता कौन है, उस देवता की पूजा कहाँ होनी चाहिये, पूजन की सामग्री क्या-क्या होनी चाहिये और किस व्रतका कौन-सा समय होना चाहिये; हे प्रभो! वह सब [आप मुझे] बतायें ।
यह मास आपको प्रिय क्यों है, किस कारण यह पवित्र है, इस मास में भगवान्का कौन-सा अवतार हुआ, यह [सभी मासोंसे] श्रेष्ठ कैसे हुआ और इस मासमें कौन-कौन धर्म अनुष्ठानके योग्य हैं; हे प्रभो! [यह सब] बतायें। आपके समक्ष मुझ अज्ञानीका प्रश्न करनेमें कितना ज्ञान हो सकता है, अतः आप सम्पूर्ण रूपसे बतायें। हे कृपालो ! मेरे पूछनेके अतिरिक्त भी जो शेष रह गया हो, उसे भी लोगोंके उद्धारके लिये आप कृपा करके बतायें । रविवार, सोमवार, भौमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और शनिवारके दिन जो करना चाहिये, हे विभो ! वह सब मुझे बताइये । आप सबके आदि में आविर्भूत हुए हैं, अतः आपको आदिदेव कहा गया है। जैसे एककी विधि-बाधा से अन्य की विधि-बाधा होती है, वैसे ही अन्य देवताओं के अल्प देवत्व के कारण आपको महादेव माना गया है। तीनों देवताओं के निवासस्थान पीपलवृक्ष में सबसे ऊपर आप की स्थिति है ।
कल्याणरूप होने के कारण आप शिव हैं और पापसमूह को हरने के कारण आप हर हैं। आपके आदिदेव होने में आपका शुक्ल वर्ण प्रमाण है; क्योंकि प्रकृति में शुक्ल वर्ण ही प्रधान है, अन्य वर्ण विकृत हैं। आप कर्पूरके समान गौर वर्णके हैं, अतः आप आदिदेव हैं । गणपति के अधिष्ठानरूप चार दलवाले मूलाधार नामक चक्र से, ब्रह्माजीके अधिष्ठानरूप छः दलवाले स्वाधिष्ठान नामक चक्र से और विष्णु के अधिष्ठानरूप दस दलवाले मणिपूर नामक चक्र से भी ऊपर आपके अधिष्ठित होने के कारण आप ब्रह्मा तथा विष्णु के ऊपर स्थित हैं – यह आपकी प्रधानता को व्यक्त करता है । हे देव ! एकमात्र आपकी ही पूजासे पंचायतन पूजा हो जाती है, जो कि दूसरे देवता की पूजा से किसी भी तरह सम्भव नहीं है ।
आप स्वयं शिव हैं। आपकी बायीं जाँघपर शक्तिस्वरूपा दुर्गा, दाहिनी जाँघ पर गणपति, आपके नेत्रमें सूर्य तथा हृदय में भक्तराज भगवान् श्रीहरि विराजमान हैं । अन्न के ब्रह्मारूप होने तथा रसके विष्णुरूप होने और आपके उसका भोक्ता होनेके कारण हे ईशान ! आपके श्रेष्ठत्वमें किसे सन्देह हो सकता है ! सबको विरक्तिकी शिक्षा देनेहेतु आप श्मशान में तथा पर्वतपर निवास करते हैं। पुरुषसूक्त में ‘उतामृतत्वस्येशानो०’ इस मन्त्र के द्वारा प्रतिपादन के योग्य हैं-ऐसा महर्षियों ने कहा है । जगत्का संहार करनेवाले हालाहल को गले में किसने धारण किया! महाप्रलय की कालाग्नि को अपने मस्तकपर धारण करनेमें कौन समर्थ था! संसाररूप अन्धकूपमें पतनके हेतु कामदेवको किसने भस्म किया ! आप ऐसे हैं कि आपकी महिमा का वर्णन करनेमें कौन समर्थ है ! एक तुच्छ प्राणी मैं करोड़ों जन्मों में भी आपके प्रभाव का वर्णन नहीं कर सकता। अतः आप मेरे ऊपर कृपा करके मेरे प्रश्नोंको बतायें ।
॥ इस प्रकार श्रीस्कन्दपुराण के अन्तर्गत ईश्वर सनत्कुमार संवाद में श्रावणमासमाहात्म्य में पहला अध्याय पूर्ण हुआ ॥
🪷 ॐ नमः पार्वतीपतये हर हर महादेव!
क्रमशः
