श्वेता पुरोहित :-
गतांक से आगे –
उनके पास भगवान की दी हुई प्रतिमा, करताल , मोरपंख का मुकुट और पीताम्बर के सिवा और कुछ तो था नहीं। इन्हीं वस्तुओं के साथ वैष्णव-वेष में वे अपने घर आये। उन्होंने बड़ी नम्रता के साथ अपने भाई-भौजाई को प्रणाम किया। उनके इस वेष को देखकर वंशीधर को बड़ा आश्चर्य और साथ ही क्रोध हुआ। उन्होंने कहा – “अरे मुर्ख ! तैने यह क्या बाना धारण किया है? मस्तक पर तिलक, गले में तुलसी की माला, हाथ में करताल, सिर पर मोरपंख का मुकुट और कमर में पीताम्बर – यह सब किसने तुझे पहनाया है! उतार फेंक इस वेष को।’
नरसिंह राम ने बड़ी विनय के साथ कहा – “भाईजी ! यह आप क्या कह रहे हैं? यह वेष स्वयं वैकुण्ठवासी भगवान श्रीकृष्ण जी का दिया हुआ है। मेरे लिये यही उनका परम पवित्र प्रसाद है। भगवान के प्रसाद की आज्ञा स्वयं भगवान की आज्ञा है।
भाई! आप मेरे बड़े भाई होने के नाते पितातुल्य पुज्य हैं। आपकी बातें मानना ही मेरा धर्म है। परंतु मैं लाचार हूँ। यह वेष मेरे प्रियतम परमात्मा का दिया हुआ है। यह मूर्ति, करताल, मुकुट पीताम्बर आदि सभी वस्तुएँ उन्हीं से प्रसाद स्वरूप प्राप्त हुई है। अतः ये मुझे प्राणों से भी अधिक प्रिय हैं। इन वस्तुओं का और इस वेष का त्याग मुझसे जीते जी नहीं हो सकता। अवश्य ही संसार की दृष्टि में यह मेरा पागलपन ही है। दुनिया का चश्मा ही न्यारा है; दुनिया को सयाने मनुष्य दीवाने से प्रतीत होते हैं, यह इतिहास प्रसिद्ध बात है। क्या प्रहलाद को हिरण्यकशिपु ने पागल नहीं समझा था? विभीषण को रावण ने मूर्ख नहीं समझा था? जहाँ ऐसी बात है वहाँ तो दिवाना बनकर रहना ही श्रेयस्कर है।
आशा है, इस ढिठाई के लिए आप क्षमा करेंगे। नरसिंह राम ने निर्भीकता पूर्वक उत्तर दिया।
‘बेवकूफ ! क्यों व्यर्थ मुझे समझने की चेष्टा कर रहा है? भगवान कहाँ तेरे लिये रास्ता देख रहे थे कि तू उनसे मिल आया? तेरे-जैसे अक्लमन्दों को यदि वह दर्शन देने लगे तब तो संसार ही सूना हो जाय, वैकुण्ठ में फिर घुसने को जगह भी न मिले। अरे, कोई धूर्त मिल गया होगा धूर्त –
जैसे को तैसा मिला इसमें कौन नयाई ।
मूरख को मूरख मिला आओ मूरख भाई ।।
‘नरसिंह ! अब इस बेवकूफी को छोड़, नहीं तो बहुत पछताना पड़ेगा। नात-गोत, सम्बन्धी कोई साथ न देगा। लड़की का विवाह तो हो गया, परंतु लड़के का विवाह होना मुश्किल हो जायगा।’ वंशीधर ने पुनः समझाने की चेष्टा की।
भाभी दुरतगौरी कठोर वचनों से घर त्याग का निर्णय
भाई जी! मुझे तो बस मूर्ख ही रहने दीजिए, यदि परमात्मा की भक्ति करने से आपका कुल नीचा हो जाता हो तो ऐसे कुल की मुझे कोई परवाह नहीं; मुझे तो भगवान का°°°°°°
अभी तक दुरितगौरी चुपचाप दोनों भाईयो की बातचीत सुनती रही; परंतु अब नरसिंह राम का हठ उसको असहाय हो उठा। उसने बीच में ही उनकी बात काटते हुए रोषपूर्ण शब्दों में कहना शुरू किया। देखो बड़ा टीका लगाकर भगतराज आ गये। छोटे-बड़े का तनिक-भी लिहाज नहीं; लाख समझाओ परंतु अपनी ज्ञान कथनी नहीं छोड़ेगें। तेरा ज्ञान तुझे मुबारक हो; हमें तुझे साथ रखकर नात-गोत में अपनी नाक नहीं कटानी है। या तो यह वेष उत्तार दे और भले आदमी की तरह घर में रह और नहीं तो हमें मुँह मत दिखा। मैंने तुम सब लोगों का ऋण नहीं खाया है। यदि कुछ भी लाज-शर्म हो तो “अपनी कुभार्या को साथ लेकर घर से निकल जा।” इतने दिन न मालूम कहाँ भूखों मरता रहा, अब फिर मेरी जान खाने को आ गया।
“भाभी! ऐसे कठोर वचन क्यों मुँह से निकाल रही हो? यदि आपको मेरा कुटुम्ब भारस्वरूप मालूम हो रहा है तो कल से मैं अलग ही हो जाऊँगा। आप व्यर्थ मन में कलेश न मानें, मैं तो आपको माता के समान मानता हूँ।” नरसिंह राम ने विनम्र स्वर में कहा।
दुरतगोरी ने कहा – “तू बड़ा टेकवाला है, यह मुझे मालूम है। यदि ऐसी ही तेरी इच्छा है तो फिर कल क्यों? आज ही अच्छा मुहूर्त है फिर यह अन्न-जल तेरा कमाया हुआ तो है नहीं, तू अभी अलग हो जा। तू तो बड़ा भगत होकर आया है तुझे किस बात की चिंता है ?
भगवान भोलेनाथ की जय 🙏
योगेश्वर श्री कृष्ण की जय 🙏
भक्तराज श्री नरसी मेहता की जय 🙏
क्रमशः – भाग – १५
