श्वेता पुरोहित :-
मोहे आनि मिलो घनश्याम बहुत दिन बीत गयो नरसी भगत कि हुंडी शिकारी श्री राधा के श्याम बहुत दिन बीत गये॥
गतांक से आगे –
श्रीकृष्ण ने कहा कि भक्तराज नरसी को मेरे ही समान जानो वत्स! जो मनुष्य मुझे अपना स्वामी समझता है, मैं उसका दास बन जाता हूँ। तुम्हारी नैष्ठिक भक्ति देखकर आज मैं अत्यंत प्रसन्न हुआ हूँ ।’ इतना कहकर भगवान नरसिंह राम को अपने अन्तःपुर में ले गये और उन्होंने अपना सारा वैभव नरसिंह राम को दिखाया।
उस समय से नरसिंह राम स्वयं श्री भगवान की सेवा में रहने लगे। उन्हीं दिनों शरत-पूर्णिमा का समय आ गया और श्रीधाम में उसकी तैयारी हुई।
तत्काल वृन्दावन की तरह सुरम्य रासमण्डल तैयार हो गया और सोलह सहस्त्र गोपियाँ और इतने ही भगवान के स्वरूप प्रकट हो गये। उसी समय भक्तराज ने भी गोपी-वेष में अपना राग छेड़ दिया। वह भगवदगुणगान में एकदम तल्लीन हो गये। उनके इस भाव को देखकर गोपाल अत्यंत प्रसन्न हो गये और उन्होंने पुरस्कार में भक्त राज को अपना पीताम्बर उढा दिया।
उसके बाद श्री भगवान ने शंखध्वनि की और रास शुरू हो गया। भगवान ने नरसिंह राम के हाथ में दीपक देकर रास मण्डल के बीच में खड़ा कर दिया। भक्तराज रास देखने में तन्मय हो गये। अकस्मात दीपक की जलती हुई शिखा उनके हाथ के वस्त्र में लग गयी, बस,उनका सारा हाथ दीपक की भाँति जलने लगा। हाथ ही मशाल बन गया, परंतु भक्त राज को इसकी तनिक भी सुधि न रही। उनका मन तो श्री प्रभु के साथ एक हो रहा था, शरीर के साथ उसका कोई सम्बन्ध ही नहीं था। अतएव वह एक भाव से अन्त तक रास दर्शन करते रहे, उनका चित एक क्षण के लिए भी विचलित न हुआ।
अन्त में रासलीला समाप्त होने पर स्वयं *भगवान की दृष्टि नरसिंह राम के जलते हुए हाथ पर पड़ी। तुरंत उन्होंने आगे बढ़कर हाथ की आग को बुझा दिया और प्रेम से हाथ फेरकर उसकी सारी पीड़ा दूर कर दी, भक्तराज की इस तन्मयता को देखकर रूकिमणी आदि महादेवियों को बड़ा आश्चर्य हुआ। माता रूकिमणी तो प्रसन्न होकर अपना हार ही उतार कर भक्तराज को पहना दिया।
भगवान ने भी भक्त राज की भूरि-भूरि प्रशंसा की और ‘भक्त नरसिंह को मेरे समान जानो’ ऐसा कहकर उन्हें अत्यंत सम्मान प्रदान किया।
इस प्रकार आनन्दोत्सव भगवद दर्शन और भगवत्सेवा में नरसिंह राम को प्रायः एक मास बीत गया; परंतु उन्हें यह समय एक निमेष से अधिक नहीं मालूम हुआ। एक दिन वह बैठे-बैठे भगवान की चरण सेवा कर रहे थे कि अचानक उनका ध्यान अपने सौभाग्य पर गया और वह सोचने लगे ‘अह्य, मैं धन्य हूँ जो मुझे साक्षात लक्ष्मी तथा देव-मुनियों को भी दुर्लभ, भगवान की चरण सेवा करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है।
परंतु ऐसा सौभाग्य मुझे अपनी भौजाई की ही कृपा से प्राप्त हुआ ; अतएव मुझे उन्ही का उपकार मानना चाहिए ।
भक्त राज इसी विचार में डूबे हुए थे कि एकाएक उन्हें भगवान की वाणी सुनायी पड़ी ।उन्होंने कहा – “वत्स ! तुम्हारी सेवा और एकांत भक्ति से मैं अत्यंत प्रसन्न हूँ! कहो तुम क्या चाहते हो?’
नरसिंह राम ने निवेदन किया – “भगवन! यदि दास की धृष्टता न समझी जाय तो इससे पहले मेरा एक प्रश्न है।
यदि किसी दरिद्र मनुष्य को चिन्तामणि मिल जाय और वह फिर भी सामान्य धन के लिये लालच करे तो उसे क्या कहा जायेगा?’
भगवान ने उत्तर दिया ‘-‘ असन्तोषी °°°°° मूर्ख!’
तब स्वामिन! आप मुझे मूर्ख क्यों बनाना चाहते है? चिन्तामणि के समान अपने चरणकमलों की प्राप्ति कराकर फिर आज मुझसे अन्य माँग की आशा रखते हैं? नाथ ! मुझे भुलावे में न डालिये। मैं अब और कुछ नहीं चाहता, “मैं अब सदा आपकी चरण-सेवा में ही रहना चाहता हूँ।’
नरसिंह राम ने नम्रता पूर्वक कहा।
भगवान भोलेनाथ की जय 🙏
योगेश्वर श्री कृष्ण की जय 🙏
भक्तराज श्री नरसी मेहता की जय 🙏
क्रमशः – भाग – ११
