इंडिया स्पीक डेली ब्यूरो। व्यासपीठ पर बैठकर भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य स्वरूप, उनकी त्रिभंग मुद्रा और नाम के अक्षरों का उपहास उड़ाने वाले बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री अब अपने ही वैचारिक इकोसिस्टम में चौतरफा घिर गए हैं। साधु-संतों, वैष्णव आचार्यों और प्रबुद्ध सनातनी समाज के तीखे आक्रोश के बीच योगगुरु बाबा रामदेव ने मंच से धीरेंद्र शास्त्री की न केवल बखिया उधेड़ी, बल्कि उनके पूरे ‘पर्चा-तंत्र’, ‘भूत-प्रेत नाटक’, ‘भाले की राजनीति’ और भगवान श्रीकृष्ण पर की गई छिछोरी टिप्पणी को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें खुलेआम ‘पाखंडी’, ‘धूर्त’, ‘बावला’ और ‘मदारी’ करार दिया।
बाबा रामदेव के इस प्रलयंकारी प्रहार के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सामने आकर ‘मीठे बोल’ और विनम्रता का मुखौटा पहनने की कोशिश की, जिसके बाद समर्थकों की आपसी जंग रोकने के लिए बाबा रामदेव ने एक और संतुलित बयान जारी कर स्पष्ट किया कि उन्होंने एकांत में बार-बार समझाने के बाद ही मजबूरन सार्वजनिक रूप से डाँट लगाई है।
१. बाबा रामदेव का मूल प्रहार: “पाखंडी कहीं का, धूर्त! तेरी मति मारी गई”
मंच से बिना नाम लिए किंतु शत-प्रतिशत स्पष्ट संकेतों में बाबा रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री के कृत्यों पर जो तीखा हमला बोला, उसका एक-एक शब्द सनातन धर्म के भीतर पनप रहे पाखंड और उन्माद की राजनीति की पोल खोलता है।
भगवान श्रीकृष्ण के अपमान और बांके बिहारी जाकर भी न सुधरने पर फटकार:
“देवी-देवताओं की तुलना करें—राम महान हैं, कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं। और फिर माफ़ी माँग ली, और माफ़ी माँग करके फिर वहाँ जाकर के बाँके बिहारी का मत्था टेक दिया, और उसके बाद भी क्या बोल रहा है? ‘कृष्ण तो टेढ़े ही हैं।’ अरे, तेरी मति मारी गई पाखंडी! हम जानबूझ के बोल रहे हैं, ऐसी बातें मत बोलो। समाज में हल्की बातें किसी को भी बोलने का अधिकार नहीं है… हमारी क्या औक़ात है, हम देवी-देवताओं की तुलना करें, उनका अपमान करें, उनका अनादर करें, उनके बारे में हँसी-ठिठोली करें? और हम व्यक्तिगत रूप से भी कोई ऐसा बोलता है तो उसको समझाते हैं, और फिर न समझे तो फिर हमको मंच पर बोलना पड़ता है। क्योंकि कल को कोई यह न कहे कि स्वामी रामदेव के होते हुए कोई व्यक्ति पाखंड कर रहा था और स्वामी रामदेव ने नहीं टोका, इसलिए आज हमने यहाँ मंच से ठोका है।”
यहाँ बाबा रामदेव ने उस सबसे बड़ी धूर्तता पर उंगली रखी है कि धीरेंद्र शास्त्री ने पहले माफी मांगने का नाटक किया, फिर वृंदावन में बांके बिहारी जी के दरबार में मत्था टेका और उसके तुरंत बाद भी अपनी जिद पर अड़े रहते हुए कहा कि “कृष्ण तो टेढ़े ही हैं!” भगवान के ही दरबार में मत्था टेककर बाहर निकलते ही उसी भगवान को फिर से ‘टेढ़ा’ कहना यह साबित करता है कि उनका पश्चाताप केवल कैमरों के लिए एक ढोंग था।
शास्त्रों के अज्ञान और ‘भूत-प्रेत’ के पाखंड पर सीधा हमला:
“कुछ लोग न वेद पढ़े हैं, न दर्शन उपनिषद पढ़े हैं, न पुराण पढ़े हैं, न रामायण न महाभारत। न संविधान को जानते हैं, न लोकतंत्र को जानते हैं। और खड़े होकर के कुछ का कुछ बकवास करते रहते और कहते, ‘हम सनातनी हैं, हम हिंदू धर्म को बचाएंगे।’ अरे तू ख़ुद ही को बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त!… ये ढोंगी पाखंडी कथाकार… जो धर्म के नाम पर, देवी-देवताओं के नाम पर, भूत-प्रेत बाधा के नाम पर, बोले जिनमें प्रेत बाधा है लाओ मैं तुम्हारे सबके अंदर भूत घुसा सकता हूँ, कितने सेकंड में? 10 सेकंड में। थोड़े बाल फैला कर के अभी नाटक करूँगा तो यहाँ गड़बड़ी हो जाए… सबसे ज़्यादा इस पाखंड का शिकार हमारी माँ-बहन-बेटियाँ होती हैं।”
‘एक हाथ में माला, दूसरे में भाला’ और ‘फूट तंत्र-लूट तंत्र’ की राजनीति पर तमाचा: बाबा रामदेव ने धर्म की आड़ लेकर युवाओं को भड़काने और राजनीतिक रोटियां सेंकने वाले पूरे तंत्र की बखिया उधेड़ते हुए कहा:
“पहले फूट डालो, फिर लूटो; पहले फूट तंत्र, फिर लूट तंत्र—और षड्यंत्र करके धार्मिक उन्माद, मज़हबी उन्माद, सांप्रदायिक उन्माद, राजनीतिक उन्माद, आर्थिक उन्माद, सामाजिक उन्माद लोगों में पैदा करो, और फिर उनको कहो, ‘अरे हिंदुओं तुम ख़तरे में हो, हम तुमको बचाएंगे।’ अरे तू काहे को बचाएगा? तेरी औक़ात क्या है? जब से सृष्टि है, तब से सनातन था, सनातन है, और सनातन रहेगा। सनातन की आड़ लेकर के कुछ ढोंगी, कुछ पाखंडी, कुछ स्वार्थी और लालची लोग सनातनियों को भी कहते, ‘एक हाथ में माला लो और दूसरे हाथ में भाला लो।’ क्या सिखाना चाहते हो तुम? तुम भाला लेकर के हिंदू और सनातन को बचाओगे, देश को बचाओगे? तो ये पुलिस क्या काम आएगी? ये पैरामिलिट्री क्या करेगी? ये मिलिट्री क्या करेगी? देश का लोकतंत्र और संविधान क्या करेगा, तुम्हारे भाले से बचेगा? बकवास करते, दो कौड़ी की अक़ल नहीं है।”
इसके साथ ही बाबा रामदेव ने स्पष्ट किया कि हमारे तीर्थ, देवी-देवता, गौ माता, व्रत-त्यौहार (जैसे करवा चौथ) किसी भी सनातनी प्रतीक का मज़ाक उड़ाने वाले खुद मज़ाक के पात्र हैं—“वो मदारी जैसे… क्या बोलें इससे ज़्यादा?”
२. धीरेंद्र शास्त्री का जवाब: मीठे बोल की आड़ में चतुराई और ‘प्रशंसा’ वाला दंभ
बाबा रामदेव द्वारा सार्वजनिक रूप से ‘धूर्त’, ‘बावला’ और ‘मदारी’ कहे जाने के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सीधे टकराव से बचते हुए बेहद सधी हुई ‘मीठी भाषा’ का सहारा लिया, किंतु अपने मूल अपराध पर एक शब्द भी पश्चाताप नहीं जताया।
धीरेंद्र शास्त्री ने कहा:
“पूज्य स्वामी जी ने हमारा नाम नहीं लिया है। बहुत सरल हैं स्वभाव में, महापुरुष हैं… पर अपने हैं, जैसे हैं अपने हैं, और दोनों में बड़ा आनंद है। कोई बात हो गई योगी स्वामी जी के मन में, उन्होंने बढ़िया आशीर्वाद दे दिया, यह भी आशीर्वाद है। वो हमारे बड़े हैं, अभिभावक हैं, वरिष्ठ हैं। चार दिन पहले पूज्य स्वामी जी आए थे मंच पर, ख़ूब प्रशंसा उन्होंने हमारी की थी, ख़ूब बढ़िया महिमा गाई थी। चार दिन बाद पूज्य स्वामी जी ने ऐसा कहा, कोई बात उनको लगी होगी सो उन्होंने कही होगी। हमको सहज सब स्वीकार है। पूज्य स्वामी जी ही स्तुति कर देते, वही निंदा कर देते, अपने हैं।”
शास्त्री के इस बयान की तीन बड़ी चालाकियां और भीतर छिपा अहंकार साफ़ दिखाई देता है:
1 . बच निकलने का पैंतरा: पहली पंक्ति में ही वे यह कहकर पल्ला झाड़ने की कोशिश करते हैं कि “उन्होंने हमारा नाम नहीं लिया है”, जबकि रामदेव ने बांके बिहारी मत्था टेकने से लेकर भूत-प्रेत और भाले तक सब कुछ उन्हीं का खोला था।
2 . ‘चार दिन पहले प्रशंसा’ वाला दंभ: बड़े शातिर तरीके से शास्त्री याद दिलाते हैं कि “चार दिन पहले पूज्य स्वामी जी आए थे मंच पर, ख़ूब प्रशंसा उन्होंने हमारी की थी”। इसके जरिए वे यह जताना चाहते हैं कि रामदेव खुद उनके मंच पर महिमा गा चुके हैं, इसलिए आज की फटकार का कोई मोल नहीं है। यह अहंकार की पराकाष्ठा है—अर्थात जब कोई आपकी प्रशंसा करे तो वह महापुरुष है, और जब आपकी शास्त्र-विरुद्ध गलतियों पर टोके तो आप उसे “मन की कोई बात” कहकर खारिज कर दें!
3. ‘आप्त प्रमाण’ को ठुकराना: सनातन धर्म में शास्त्रों और वरिष्ठ संतों के वचनों का प्रमाण (‘आप्त प्रमाण’) सर्वोपरि होता है। ऊपर से ‘आशीर्वाद’ कहकर शास्त्री ने अपने शास्त्रीय अपराध और भगवान श्रीकृष्ण के अपमान के मूल प्रश्न को पूरी तरह गोल कर दिया।
३. बाबा रामदेव का दूसरा बयान: “हमारे बालकवत व शिष्यवत हैं, एकांत में बार-बार समझाया था”
जब दोनों के समर्थक सोशल मीडिया पर आपस में गुत्थम-गुत्था होने लगे, तो बाबा रामदेव ने एक और बयान जारी कर विवाद को विराम देने की अपील की। इस बार भी उन्होंने पूरी दृढ़ता से यह स्थापित किया कि धीरेंद्र शास्त्री को उन्होंने पहले एकांत में बार-बार समझाया था, और न मानने पर ही मजबूरन सार्वजनिक रूप से डाँटा है।
बाबा रामदेव ने कहा:
“हमारे पूज्य श्रद्धेय बागेश्वर बाबा जी हमारे बालकवत हैं, वो हमारे अनुज भी हैं और वो हमारे लिए शिष्यवत हैं। और इसलिए जो हमको अनुचित लगा, जिससे हम आहत हुए, तो अधिकारपूर्वक हमने उनको डाँट दिया। उन्होंने भी हमारे फटकार को भी प्यार मान करके स्वीकार किया, यह उनकी भी महानता है। तो इसमें किसी भी प्रकार का बवाल नहीं काटना चाहिए… एक अरब 96 करोड़ 8 लाख 89 हज़ार 127 वर्ष पुरानी जिस देश की संस्कृति… ऐसा सनातन धर्म जो विश्व में श्रेष्ठतम है… संत की, ग्रंथ की, और भगवंत की, गुरु-ग्रंथ-गोविंद की किसी भी प्रकार से कोई निंदा करना—ये किसी का लक्ष्य नहीं होना चाहिए। हाँ, बड़ों का काम है—माता-पिता बड़े होते ही इसलिए हैं कि जब किसी से कोई गलती हो, एकांत में टोकें। और फिर जब कोई ऐसी बात लगे कि भैया अब तो बात ज़्यादा ही बढ़ गई, तो ऐसा लगा हमको कि हम बहुत बार एकांत में कह चुके थे, सार्वजनिक रूप से हमको कहना पड़ा, इसका हमें बहुत दुख भी है, लेकिन अब इस बात को हम यहीं पर समाप्त करना चाहते हैं।”
यहाँ कालगणना के साथ एक अरब 96 करोड़ 8 लाख 89
हज़ार 127 वर्ष पुराने सनातन की प्राचीनता और ‘गुरु-ग्रंथ-गोविंद’ की मर्यादा का उल्लेख कर बाबा रामदेव ने स्पष्ट कर दिया कि जो सनातन सृष्टि के आदि से चला आ रहा है, उसे किसी कल के जन्मे ‘पर्चा वाले बाबा’ के भाले या लतीफेबाजी से बचाने की आवश्यकता नहीं है।
४. क्या था भगवान श्रीकृष्ण पर अभद्र टिप्पणी का पूरा मामला?
गौरतलब है कि यह पूरा बवाल मध्य प्रदेश के शिवपुरी (करैरा) में आयोजित धीरेंद्र शास्त्री की कथा से शुरू हुआ था, जहाँ व्यासपीठ से उन्होंने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की हीन तुलना करते हुए कहा था:
“तुम अपने वाले ठाकुर जी की एक भी फोटो देख लो, कहीं बैठे हैं तो टेढ़े… वो खड़े भी होते हैं तो तीन जगह से टेढ़े—पांव के ऊपर पांव, कमर कहीं लचकाएं, बंसी बजाएं तो टेढ़े… हमाए वाले खड़े भी होते तो सीधे। हमाए वाले का नाम भी सीधा, चलना भी सीधा, दिखते भी सीधे… तुम्हारे वाले का नाम भी टेढ़ा, चलते भी टेढ़े, खड़े भी टेढ़े होते… वो ‘क’ में जो ‘ऋ’ की मात्रा नीचे लगी है न, वो भी ऐसे टेढ़ी मुड़ी है… हमारे वाले का धाम भी सीधा—अयोध्या, तुम्हारे वाले का वृंदावन… बंसी का बजाना तो खेल भी है, धनुष का चलानाखेल नहीं… गायों को चराना तो खेल है, बंदरों को नचाना खेल नहीं।”
इस बयान के बाद देश भर के वैष्णव संतों में आक्रोश फैल गया। पद्म पुराण के अनुसार अवतारों में भेदबुद्धि रखना महापाप (नामापराध) है और श्रीमद्भगवद्गीता (१०.३१) में स्वयं श्रीकृष्ण कहते हैं—“रामः शस्त्रभृतामहम्” (शस्त्रधारियों में मैं ही राम हूँ)। पहले इसे ‘चूक’ बताकर माफी मांगने, फिर वृंदावन जाकर भी पुराने रुख पर अड़े रहने और समर्थकों द्वारा ‘व्याजस्तुति’ व ‘सूरदास’ की आड़ लेने की इसी धूर्तता पर बाबा रामदेव ने मंच से यह करारा प्रहार किया।
निष्कर्ष
बाबा रामदेव के दोनों बयानों से सत्ता-समर्थित धार्मिक इकोसिस्टम के भीतर का अंतर्विरोध और सत्य खुलकर सामने आ गया है। पहली बात तो यह सिद्ध हो गई कि धीरेंद्र शास्त्री न तो वेद-उपनिषद और शास्त्रों के जानकार हैं और न ही उन्हें व्यासपीठ की मर्यादा का ज्ञान है; और दूसरी बात यह कि उन्हें एकांत में बार-बार टोकने के बावजूद जब उनका अहंकार नहीं टूटा, तब जाकर सार्वजनिक मंच से उन्हें ‘पाखंडी’, ‘धूर्त’ और ‘मदारी’ कहकर आइना दिखाना पड़ा।
सनातन समाज के लिए यह एक बड़ा संदेश है कि धर्म की रक्षा भूत-प्रेत के तमाशे, भाले की उग्र लफ्फाजी (‘फूट तंत्र और लूट तंत्र’) और अपने ही आराध्य श्रीकृष्ण के उपहास से नहीं, बल्कि शास्त्र-ज्ञान, संविधान-सम्मत विवेक और ‘गुरु-ग्रंथ-गोविंद’ की मर्यादा से होती है।
नोट: यूट्यूब और सोशल मीडिया की बंदिशों के बाद अब यह तय है कि सच बोलने के लिए अपना आजाद प्लेटफार्म चाहिए। India Speak Daily केवल मेरा नहीं, आपकी निडर आवाज़ का मंच है। आइए, मिलकर इस पर अपनी स्वतंत्र Live Streaming और Video Platform को सनातनियों का वैचारिक अधिष्ठान बनाएं। नीचे ‘ISDian बनें’ बटन पर क्लिक कर आज ही इसके सदस्य बनें 👇
