श्वेता पुरोहित:-
जब पूतना आई, उस समय गोकुल की गायें वन में चरने गई थीं और नंद जी मथुरा गए हुए थे। इस घटना का सूचितार्थ क्या है? गायों का वनगमन अर्थात इंद्रियों का विषय-वन में गमन। इंद्रियाँ इस विषय-वन में घूम रही होंगी तो पूतना-वासना मन में आ धमकेगी, अज्ञान, मन पर सवार हो जाएगा। जब इंद्रियां विषयों में खो जाती हैं, बहिर्मुख हो जाती हैं, तब वासना आ जाती है। इंद्रियों को प्रभु-सेवा की ओर मोड़कर निरुद्ध करेंगे तो पूतना-वासना सता नहीं पायेगी।
नंद अर्थात जीव। जीव जब हृदय-गोकुल को छोड़कर मथुरा अर्थात् देहसुख, देह-दृष्टि में खो जाए, तब हृदय-गोकुल में पूतना-अज्ञान बस जाते हैं। नंद अर्थात् जीव, श्री कृष्ण जी को छोड़कर मथुरा जाय अर्थात देहसुख में फँस जाए तभी वासना आ धमकती है। नंद अपने आवास में नहीं होता है, तभी पूतना आती है। पवित्र शरीर (मथुरा) में पुण्यशाली ह्रदय ही गोकुल है। नंद जीवात्मा है। नंद (जीवात्मा) परमानंद परमात्मा श्री कृष्णजी से विमुख होकर कंस (काम-कलह) से मिलने जाय और गायें (इंद्रियाँ) वन(विषयों) की ओर दौड़ जायें, तभी पूतना (अविद्या) आ जाती है। पूतना श्रृंगार करके आई है। अविद्या अपने साथ कई दोषों को लेकर आती है।
⚜️⚜️ जय जगन्नाथ ⚜️⚜️
