श्वेता पुरोहित :-
(रामप्रेममूर्ति श्रीमद् गोस्वामी तुलसीदासजी की मुंख्यतः श्रीमद बेनीमाधवदासजी विरचीत मूल गोसाईचरित पर आधारीत अमृतमयी लीलाएँ)
गतांक से आगे –
श्री रामचरितमानस की रचना के पहले की घटना है। एक दिन एक सुघर सलोना, साँवला बालक प्रातःकाल ही श्रीमद गोस्वामी तुलसीदासजी के पास आकर प्रणाम करके बैठ गया। इन्होंने सहज भाव से ही कहा ‘बालक ! भगवान की स्तुति का कोई पद तो सुनाओ। बालक ने अत्यंत ही सुमधुर स्वर से एक पद गाया। उसके गान पर रीझ कर गोस्वामीजी ने रामचरित पर आधारित चार नए पदों की रचना कर तुरंत उसे दिए और बोले कि जब इनको याद कर लोगे तो फिर सुनाना।
बालक ने दूसरे ही दिन प्रातःकाल पुनः आकर सभी पद सुना दिये और चार नवीन पदों की माँग की। इसी व्याज से अब नित्यप्रति चार पद बनाने लगे। यदि किसी दिन आलस्य करते तो बालक मचल जाता। बिना पद लिए घर जाता ही नहीं। श्रीराम कृपा से हृदय में नित्य नवीन भावों की स्फूर्ति होने लगी।
फलस्वरूप धीरे धीरे रामजन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के प्रायः सभी प्रमुख प्रसंगों की सुललित गीतों की रचना हो गयी। संवत १६२८ में सभी पदों को शृंखलाबद्ध करके उसका नाम ‘गीतावली’ रखा । गोस्वामीजी ने इसे सर्वप्रथम श्रीहनुमानजी को सुनाया। कोटि कविकुल तिलक श्रीहनुमानजी इस रचना को सुनकर अत्यंत प्रसन्न हो उठे।
एक बार श्रीतीर्थराज प्रयाग में मकर संक्रांति का पुण्य पर्व विचार कर गोस्वामीजी ने कुछ काल तक वहाँ निवास किया। एक दिन श्री अक्षयवटजी का दर्शन करने गए तो वहाँ इन्होंने दो परम तेजस्वी मुनियों को देखा। ये उन्हें दूर ही से दण्डवत प्रणाम करके हाथ जोड़कर खड़े हो गए। उनमें से एक महात्मा ने हाथ के इशारे से इन्हें समीप बुलाया और बैठ ने के लिए सुंदर आसन दिया।
ये आसन को प्रणाम कर उसे समेट कर पृथ्वी पर ही बैठ गये और अपना परिचय देते हुए उन दोनों महात्माओं का भी परिचय पूछा। वे दोनों महात्मा थे – श्रीयाज्ञवल्क्यजी और भरद्वाज जी। श्रीतुलसीदासजी ने सुना कि याज्ञवल्क्यजी भरद्वाजजी को वही कथा सुना रहे हैं, जो उनके गुरुजी ने सूकरक्षेत्र में उन्हें सुनायी थी। तब तो इन्हें बड़ा आश्चर्य हुआ।
अतः श्रीयाज्ञवल्क्यजी से इस संबंध में जिज्ञासा की तो उन्होंने श्रीरामचरित प्राप्ति की परंपरा का वर्णन किया कि इस चरित्र को सर्वप्रथम शिवजी ने रचकर अपने मानस में छिपा रखा था फिर समय पाकर श्रीपार्वतीजी को सुनाया और अधिकारी जानकर कागभुशुण्डिजी को प्रदान किया। उन्हीं कागभुशुण्डिजी से मुझे प्राप्त हुआ। गोस्वामीजी समझ गये की हमारे गुरुदेवजी ने भी तो शिवजी का कहा हुआ रामचरित सुनाया था अतः दोनों चरित्रों मे साम्य स्वाभाविक है।
इस प्रकार युगल मुनीवर्यों का दर्शन कर एवं संवाद श्रवण कर इन्होंने अपने आपको कृतार्थ माना। दूसरे दिन पुनः जब वहाँ गये तो न वह अक्षयवट दिखाई पड़ा न वे युगल मुनि। फिर तो ये दोनों मुनियों के रुप शील स्वभाव का स्मरण करते हुए वहाँ से चल पडे।
एक दिन संयोग की बात हो गई, गोस्वामीजी को जाना था अयोध्याजी और चले गये काशी की ओर। जब कुछ दूर निकल गये तो ध्यान आया। फिर उन्होंने विचार किया कि भगवान जो करते हैं सो अच्छा ही करते हैं।
अब श्रीरामचरितमानस के परमाचार्य, अपने माता, पिता, गुरु श्री शिवजी का दर्शन करके फिर अयोध्या चलूँगा। ऐसा निश्चय करके आगे बढ़े और श्रीगंगाजी के बीच सीतामढी नाम का एक स्थान मिला। वहाँ पर एक सीतावट के नाम से प्रसिद्ध विशाल वटका वृक्ष था। इष्ट के नाम से संबंधित स्थल विचारकर इन्होंने वहीं विश्राम करने का निश्चय किया।
परँतु ज्यों हि आसन लगाया, इनकी समाधि लग गई। तीन दिन तक शरीर की सुधि बुधि नहीं रही। यह तो वह स्थल है जहाँ महर्षि वाल्मीकि उल्टा राम नाम जपकर व्याध से ब्रह्म समान हो गये थे। जहाँ जानकीजी ने लव और कुश को जन्म दिया। जब देह का अनुसंधान हुआ तो पाँच कविताओं में वहाँ का महात्म्य वर्णन किया-
जहाँ बालमीकि भये ब्याध ते मुनीन्द साधु
मरा मरा जपि सिख सुनि रिषि सात की ।
सीय को निवास लवकुश को जनम थल
तुलसी छुअत छाँह ताप गरै गात की ॥
बिटप महीप सुर सरित समीप सोहै
सीता बटु पेखत पुनीत होत पातकी ।
बारिपुर दिगपुर बीच बिलसति भूमि
अंकित जो जानकी चरण जल जात की ॥
वहाँ से चलकर चरणाद्रि (चुनारगढ़) आये। यहाँ आने पर पता चला कि यहाँ के राजा ने साधुओं की सेवा तथा अन्य और भी परमार्थ कार्य में अधिक द्रव्य व्यय हो जाने से समय पर सरकारी भुगतान नहीं किया, अतः दिल्ली के बादशाह ने उन्हें कैद में डाल दिया है। मंत्रियों की प्रार्थना पर गोस्वामीजी ने भोजपत्र पर हनुमानजी का एक सिद्ध मंत्र लिखकर दिया और कहा कि इसे बादशाह को देना, ये देखते ही राजा को छोड देगा। ऐसा ही हुआ।
मंत्राक्षरों मे श्रीहनुमानजी की विकराल मूर्ति को देखते ही बादशाह अत्यन्त भयभीत होने लगा। उसी समय उसे अदृष्ट वाणी भी सुनाई पड़ी कि राजा को छोड़ दो, अन्यथा अभी सर्वनाश हो जायेगा। राजा छूटकर घर आ गये।
गोस्वामीजी किसी समय अयोध्या में थे तब की घटना है। एकबार श्रीकनकभवनबिहारी जी का दर्शन करने गये। भगवान के शयन का समय था। श्रीमुक्तामणीदासजी नाम के एक संत शयन कराने के लिए पद गा रहे थे-
सैन करहु रघुबीर पिआरे ।
हौं पठई आई कौसिला बडे भूप उठि सदन सिधारे ॥
पद सुनकर गोस्वामीजी बड़े प्रसन्न हुए और कृपा करके उन्होंने मुक्तामणिदास को तात्काल परमसिद्ध बना दिया ।
श्री गौरी शंकर की जय 🙏 🚩
सियावर रामचन्द्र की जय 🙏 🚩
पवनसुत हनुमान की जय 🙏🚩
रामप्रेममूर्ति तुलसीदासजी की जय 🙏🌷
क्रमशः (भाग – ५९)
