संदीप देव। मैं एक अलग ही दुविधा में फंस गया हूं। पिछले दिनों मैंने रामजन्म भूमि दिलवाने वाले वरिष्ठ अधिवक्ता पी.एन.मिश्र का साक्षात्कार किया था, शंकराचार्यों के मठों पर विवाद को लेकर। असल में मिश्र जी ने इलाहाबाद हाईकोर्ट के जरिए चारों शंकर पीठ को संरक्षित कराया है। ज्योतिष पीठ पर नकली शंकराचार्य के दावे को निरस्त कराया और पुरी पीठ पर नकली शंकराचार्यों के विरुद्ध निषेधाज्ञा लागू करवाया है।
इसमें मिश्र जी ने ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य को ब्राह्मण न मानने वाले को कोर्ट में लगाए गये लौकिक स्कूल आदि का प्रमाण पत्र तो दिखाया ही, उन्होंने शास्त्र से सत्यकाम जाबाल का उदाहरण देकर भी बताया कि यदि गुरु ने शिष्य को ब्राह्मण घोषित कर दिया है तो दूसरों को उस पर आपत्ति करने का अधिकार नहीं है। मिश्र जी ने पुरी के पूर्व शंकराचार्य भारती कृष्ण तीर्थ जी पर लगे आरोपों का भी अपने साक्षात्कार में निराकरण किया।
इस साक्षात्कार को देखने के बाद निग्रहाचार्य श्रीभागवतानंद गुरु Nigrahacharya Shri Bhagavatananda Guru जी का मैसेज आया कि “मुझे मिश्र जी के कुछ बिंदुओं पर शास्त्रीय रूप से आपत्ति है और मैं उसका खंडन करूंगा।” मैंने उनका मैसेज मिश्र जी को स्थानांतरित कर दिया। मिश्र जी ने कहा कि “वो अपने निग्रह संप्रदाय के अनुसार निश्चित रूप से खंडन कर सकते हैं। हमारे सनातन धर्म में तो खंडन-मंडन की परंपरा रही ही है।”
कल मिश्र जी का एक मैसेज आया कि “निग्रहाचार्यजी ने खंडन की जगह मेरे लिए अशोभनीय भाषा का प्रयोग किया है। मेरे लिए मूर्ख/महामूर्ख शब्द का उपयोग किया है, जो आपत्तिजनक है। उन्होंने वितंडा भी किया है, जिसका मुझे खंडन करना होगा। चूंकि आपके चैनल पर प्रसारित मेरे साक्षात्कार पर उन्होंने अशोभनीय शब्दों का व्यवहार किया है, इसलिए आपको मेरा पक्ष प्रसारित करना होगा। मेरे पास निग्रहाचार्य जी की तरह कोई यूट्यूब चैनल नहीं है कि मैं अपनी बात कह सकूं। अभी यह एक तरफा हो रहा है।”
फिर मिश्र जी ने कहा कि “अच्छा तो यह हो कि निग्रहाचार्य मुझसे शास्त्रार्थ करें। जनता के समक्ष जीवंत शास्त्रार्थ करवा कर विद्वानों से निर्णय करवाया जाए कि किसका मत वेद-सम्मत है!” मिश्र जी ने अपना पूर्व पक्ष रखते हुए एक बड़ा पत्रनुमा संदेश मुझे भेजा, जो मैंने निग्रहाचार्यजी को प्रेषित कर दिया।
निग्रहाचार्य जी को मैंने लिखा, “नमस्ते स्वामी जी, आपने अपने किसी वीडियो में शायद एडवोकेट पी.एन.मिश्र जी के लिए मूर्ख आदि कह दिया है। मुझे लगता है राम मंदिर दिलवाने वाले, शंकराचार्य पीठ की अदालत से रक्षा कराने वाले और शंकराचार्य की परंपरा को रक्षित करने वाले ऐसे व्यक्ति के प्रति यह शब्द नहीं कहा जाना चाहिए। वो भी परंपरा से आदि शंकराचार्य के शिष्य हैं, श्री विद्या के ज्ञाता हैं और चारों शंकर पीठ द्वारा उन्हें अनेक उपाधियों से विभूषित किया है। वो शास्त्रों पर आपसे शास्त्रार्थ करना चाहते हैं और पब्लिक के बीच चाहते हैं, जिसका लाइव सजीव प्रसारण हो। कोलकाता में उनका शंकर मठ है, प्रयागराज के पास अंजोरा धाम है, जहां वह 25 ब्राह्मण बच्चों को वेद की शिक्षा दिलवा रहे हैं। वो चाहते हैं कि वो और आप अपने रिफ्रेंस में सभी शास्त्रों को प्रमाण स्वरूप वहां रखें और एक लंबा शास्त्रार्थ हो।”
इसके बाद निग्रहाचार्य जी का ऑडियो संदेश आया, जिसका लब्बोलुआब यह है कि ‘मिश्र जी अपनी मान्यता को शंकराचार्यों के समक्ष रखें। यदि शंकराचार्य मान लेंगे तो मैं सीधे शंकराचार्य से शास्त्रार्थ करूंगा। मिश्र जी से शास्त्रार्थ क्यों करूं?” फिर निग्रहाचार्यजी ने मिश्र जी के फुल पैंट-शर्ट पहनने पर आपत्ति की। मुझे लगता है कि फुल पैंट-शर्ट पहन कर ही मिश्र जी ने पहले इलाहाबाद हाईकोर्ट से और बाद में सुप्रीम कोर्ट से हम सनातनी हिंदुओं को रामजन्म भूमि दिलवाया है, हर सनातनी इसके लिए उनका ऋणी है।
निग्रहाचार्य जी की इस आपत्ति पर मिश्र जी ने लिखा कि ” पैंट-शर्ट पहनने वाले अधिवक्ता डॉ.पी.वी.काणे ने 10 खंडों में ‘धर्मशास्त्र का इतिहास’ लिखा है, जिसके लिए पूर्व में भारत सरकार ने उन्हें ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किया है।’
मिश्र जी ने बताया कि पैंट-शर्ट पहनने वाले इस मिश्र पर सुप्रीम कोर्ट ने अपने रामजन्मभूमि के निर्णय में माननीय न्यायधीशों ने पैरा-841 में जो लिखा है, उसे निग्रहाचार्यजी को पढ़ना चाहिए,” श्री पी.एन.मिश्र ने अपने प्रस्तुतिकरण को विस्तृत करते हुए अपनी बहस को पवित्र धर्मशास्त्रों; वाल्मीकि रामायण, स्कंदपुराण, रूद्रयामल, रामचरितमानस, नरसिंह पुराण एवं अन्य शास्त्रों पर निर्भर किया है। स्कंद पुराण के अयोध्या महात्म्य के श्लोक 15-17, 18-25 आदि पर भरोसा किया है। उन्होंने साबित किया कि उपर्युक्त श्लोक भगवान राम की जन्मस्थली की भौगोलिक स्थिति को स्पष्ट करते हैं, जो अभी भी सत्य है। श्री मिश्र हमें साक्षियों के मौखिक साक्ष्य की ओर ले गये, जिन्होंने (शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी) भगवान राम के जन्मस्थान के संबंध में स्कंद पुराण में वर्णित स्थानों को अपनी गवाही से सिद्ध किया है। हंस बेकर द्वारा तैयार मानचित्र के जरिए श्री मिश्र ने स्कंद पुराण में वर्णित कई चिन्हों के जरिए विवादित स्थल को रामजन्म भूमि के रूप में प्रमाणित किया है, जो आज भी मौजूद है!”
यहां यह भी बता दूं कि मिश्र जी शंकराचार्य से दीक्षित शिष्य हैं और करपात्री जी की श्रीविद्या की दीक्षा भी उन्हें ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती जी से प्राप्त हुई है। शंकराचार्य परंपरा एवं संस्कृति रक्षक परिषद के अध्यक्ष हैं श्री मिश्र जी। इस परिषद का निर्माण पुरी पीठाधीश्वर निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज एवं द्वारका एवं ज्योजिष के पूर्व पीठाधीश्वर ब्रह्मलीन शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती जी महाराज के निर्देशानुसार हुआ था।
तात्पर्य यह कि शर्ट-पैंट पहनने वाला यह अधिवक्ता शास्त्रों में उतना ही निष्णात है, यह रामजन्म भूमि पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय और गुरु-शिष्य परंपरा से प्राप्त ज्ञान और सीधे शंकर परंपरा के शिष्य के रूप में प्रमाणित होता है। मिश्र जी का कहना है कि “शास्त्रार्थ के लिए जो भी योग्यता है, लौकिक अथवा आध्यात्मिक, वह दोनों मुझमें है। अतः निग्रहाचार्यजी को शास्त्रार्थ से पलायन नहीं करना चाहिए।
मिश्र जी ने कहा, “फुलपैंट शर्ट पहनने वाला भी शास्त्र का उतना ही बड़ा ज्ञाता हो सकता है। पूजा-पाठ और अपने मठ में मैं धोती ही पहनता हूं और यदि निग्राहाचार्य जी शास्त्रार्थ के लिए मान जाते हैं तो मैं निश्चित रूप से शास्त्रार्थ में धोती ही पहनूंगा। अपने प्रोफेशन में मैं पैंट-शर्ट पहनता हूं और धार्मिक कार्यों में धोती और लगभग हर सनातन धर्मी ऐसा ही करता है।”
मिश्र जी ने कहा, “आदि शंकराचार्य ने भी कापालिक, दिगंबर जैन, बौद्ध लामाओं, शारदा आदि 72 मत-मतांतरों के विद्वानों से शास्त्रार्थ किया था तो क्या शंकराचार्य जी ने कापालिक की तरह काले कपड़े पहनकर, जैनों से दिगंबर अर्थात् नग्न हो कर और शारदा से साड़ी पहनकर शास्त्रार्थ किया था? यह क्या (कु) तर्क है? ज्ञान का वस्त्र से क्या तात्पर्य?”
वैसे मनुस्मृति में पोशाक पर लिखा है:-
वयस: कर्मणोऽर्थस्य श्रुतस्याऽभिजनस्य च।
वेष-वाग्-बुद्धिसारूप्यमाचरन् विचरेदिह ।।4.18।।
इसकी आचार्य कौण्डिन्नयायन ने व्याख्या करते हुए कहा:- “मनुष्य अपने वय (उम्र), अपने काम का, अपनी संपत्ति का, अपने अध्ययन का और अपने कुल के भी अनुकूल रूप में वेष को (परिधान को), वाक् को (बोलचाल को) और बुद्धि को (भावना को, विचार को) अपनाकर इस लोक में विचरण करे।”
मेधातिथि ने पोशाक पर इसकी व्याख्या करते हुए लिखा है:-
“पोशाक भी व्यक्ति के व्यवसाय के अनुरूप होनी चाहिए, धन के अनुरूप भी और व्यक्ति के परिवार के अनुरूप भी होनी चाहिए।”
अतः मनुस्मृति के अनुसार भी निग्रहाचार्य जी का मिश्र जी के पोशाक पर विवाद व्यर्थ है और मिश्र जी का पोशाक उनके वकालत पेशे के अनुरूप है।
इस बीच निग्रहाचार्य जी ने कल फेसबुक पर एक पोस्टर बनाकर डाला कि ‘निग्रहाचार्य को मिली शास्त्रार्थ की चुनौती’ और फिर इस पर यूट्यूब और फेसबुक पर वीडियो भी बनाकर डाल दिया। हमारी whatsapp पर जो भी बातचीत हुई, या मिश्र जी ने जो संदेश निग्रहाचार्य जी के लिए और निग्रहाचार्यजी ने जो संदेश मिश्र जी के लिए दिया था उसे निग्रहाचार्य जी ने अपने वीडियो में पढ़ कर बताया और मुझे दूत की संज्ञा दी कि मैं एक मध्यस्थ रूप में दोनों का मैसेज दोनों को प्रेषित कर रहा हूं।
निग्रहाचार्यजी ने मेरे लिए दूत की भूमिका बता ही दी है तो मेरा कर्तव्य है कि मैं दोनों की बातें दोनों को पहुंचाऊं, जो मैं पहुंचा भी रहा हूं। और चूंकि मिश्र जी सोशल प्लेटफार्म पर नहीं हैं तो उनकी बातों का माध्यम बनूं, जिसके लिए निग्रहाचार्य जी ने भी स्वीकृति दे दी है।
मैं तो चाहता हूं कि दोनों विद्वानों के मध्य शास्त्रार्थ हो, जिससे सनातन धर्मियों का बड़ा भला होगा। हिंदुओं को बहुत कुछ जानने को मिलेगा। शास्त्रों के प्रति हिंदुओं में रुचि जगेगी। अतः निग्रहाचार्य जी को श्री मिश्र जी की चुनौती स्वीकार कर सनातन धर्मियों पर उपकार करना चाहिए।
मिश्र जी ने शास्त्रार्थ की चुनौती देते हुए लिखा है, “मनु महाराज ने मनुस्मृति में लिखा है कि जो ब्रह्मवैवर्त क्षेत्र के ब्राह्मण होंगे वर्णाश्रम सदाचार सभी लोग उनसे ही सीखें। मैं ब्रह्मवैवर्त क्षेत्र का शांडिल्य गोत्रीय ब्राह्मण हूं। निग्रहाचार्य भारतीय ब्राह्मण नहीं हैं। इन लोगों के पूर्वज शक द्वीप से आए साकलद्विपी ब्राह्मण हैं। यदि इनकी मनुस्मृति और शास्त्रों में आस्था है तो उनको यहां के ब्राह्मणों से सीखना ही होगा। यह मनु महाराज का आदेश है। शास्त्रार्थ कर या तो निग्रहाचार्य मुझसे सीख सकते हैं या फिर मुझे परास्त कर अपनी मान्यताओं और ज्ञान को स्थापित कर सकते हैं। दोनों ही सूरतों में उनका भला ही होगा। निग्रहाचार्यजी को शास्त्रार्थ के लिए आमंत्रित कर मैं अनुग्रह कर रहा हूं, जिससे विमुख होकर वह अपना ही अहित कर रहे हैं। वह उम्र और ज्ञान में मुझसे कनिष्ठ हैं, मैं उन्हें आशीर्वाद देता हूं और चाहता हूं कि वह शास्त्रार्थ के लिए मेरी चुनौती स्वीकार कर पधारें।”
मैं अपनी ओर से निश्चित रूप से यह कहना चाहूंगा कि श्री मिश्र को महामूर्ख कह कर अपमानित करना हिंदुओं के लिए घोर कृतघ्नता का परिचायक है। उन्होंने 30 दिन तक कोर्ट के बैठने से लेकर उठने तक पैरों पर खड़े रहकर 1834 ई से लेकर 2019 ई सन तक 300 से अधिक अदालती निर्णयों और 200 से ज्यादा हिंदू शास्त्रों, विदेशी यात्रियों के यात्रा वृतांतों, मुस्लिम मजहबी ग्रंथों, गजटियरों आदि से सहस्राधिक तर्क देते हुए श्रीराम जन्मभूमि को मुस्लिमों से छीनकर हिंदुओं को दिलवाया। इसके लिए आजतक मुस्लिम आतंकवादी उनके प्राणों के पीछे हाथ धोकर पड़े हैं।
श्री मिश्र ने दो वैदिक गुरुकुल की स्थापना की है, जिसमें प्रत्येक में 25-25 गरीब ब्राह्मण बालकों को नि:शुल्क आवासीय एवं शैक्षणिक सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल एवं उप्र में दो गौशालाएं भी स्थापित कर रखी हैं, जिनमें 20 देशी गायों की सेवा हो रही है। उन्होंने विशाल अंजोरा धाम मंदिर का निर्माण करवाया है, जिसमें 15 देव विग्रह हैं। इसके अलावा दो छोटे मंदिर उन्होंने पश्चिम बंगाल में भी बनवाए हैं, जहां आए दिन हिंदुओं का जीवन संकट में पड़ा रहता है। पुजारियों के लिए वह सेवा-पूजा का अर्थ बार वहन करते हैं। मैं स्वयं उनके अंजोरा धाम मंदिर और गुरुकुल में सपरिवार जाकर वहां की व्यवस्था देख चुका हूं।
श्री मिश्र जी राम सेतु की रक्षा और गंगा की निर्मलता के लिए भी हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में केस करने वाले अधिवक्ताओं में शामिल हैं। उन्होंने धर्म की वृद्धि के लिए पांच भाषाओं में 13 ग्रंथों का सृजन किया है। मिश्र जी को UGC से मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालयों द्वारा अनेक उपाधियां प्राप्त हैं, जिनमें से शीर्ष उपाधि डी.लिट् है।
देश के चार शंकराचार्यों के द्वारा श्री मिश्र को धर्मांलंकार, विद्वान मनीषी, मंडन मार्तंड (स्वमत प्रतिपादकों में सूर्य), विद्वन मार्तंड (विद्वानों में सूर्य), विप्र कुलभूषण (ब्राह्मणों के आभूषण), शंकराचार्य संवत् प्रवर्तक (चार शंकराचार्यों की सहमति से), रामजन्म भूमि पुनरुद्धारक आदि अनेकानेक उपाधियों व सम्मानों से विभूषित हैं।
आदि शंकराचार्य के ‘मठाम्नाय महानुशासन’ पर अंग्रेजी में विश्व में एक मात्र भाष्य श्री मिश्र ने लिखा है। उनके भाष्य ‘मठाम्नाय महानुशासन’ के आधार पर यूनिवर्सिटी ऑफ लंदन से एक विद्वान ने PHD की है। विदेशी विद्वान डेविड रिगले ने उनके ग्रंथ ‘एरा ऑफ आदि शंकराचार्य’ को आदि शंकराचार्य पर स्रोत ग्रंथ के रूप में सुचिबद्ध किया है। उनके अन्य ग्रंथ ‘अमिट काल रेखा’ को अनेक शोधकर्ताओं ने अपने थिसिस में संदर्भित किया है और यहां तक कि उनके ग्रंथों को तीन पीठ के शंकराचार्यों ने भी उद्धृत किया है। ‘अमिट काल रेखा’ में वितंडावादी मतों का खंडन किया गया है।
‘अमिट काल रेखा’ श्रृंखला में चार पुस्तकें हैं। महामंडलेश्वर काशिका नंद गिरि द्वारा आदि शंकराचार्य को 1200 वर्ष पूर्व का लिखा गया था, जिसका खंडन कर मिश्र जी ने उन्हें 2500 वर्ष पूर्व का सिद्ध किया है।
इस श्रृंखला के अंतिम विशाल ग्रंथ में 408 संदर्भ ग्रंथों से हजारों प्रमाण वाक्य उद्धृत करते हुए मिश्र जी ने इतिहासकार इरफान हबीब और क्विंसलैंड यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर दामोदर सिंघल के उन मतों का खंडन किया है, जिनमें कहा गया था कि एकेश्वरवाथ आदिशंकराचार्य ने जीसस क्राइस्ट और पैगंबर मोहम्मद से सीखा था। इसका खंडन करते हुए पुरातात्विक, मौद्रिक, अभिलेखीय, ऐतिहासिक, साहित्यिक आदि स्रोतों के आधार पर श्री मिश्र ने प्रमाणित किया कि आदि शंकराचार्य ईस्वी पूर्व 507 में प्रकट (जन्म हुआ था) हुए थे और 475 ईस्वी पूर्व में कैलाश गमन किए थे।
अतः जब-जब सनातन वैदिक हिन्दू धर्म पर आघात हुआ मिश्र जी ने पुरजोर तरीके से न केवल सनातन धर्म के मान बिंदुओं की रक्षा की, बल्कि उनका पूरी तरह से दमन कर दिया।
ऐसे समादृत विद्वान को मूर्ख और महामूर्ख कहना अशिष्टाचरण, अशोभनीय और म्लेच्छवत कार्य ही माना जाएगा। हम हिंदू निग्रहाचार्यजी से हाथ जोड़ कर विनती करते हैं कि वह मिश्र जी के लिए कहे गये अपने मूर्ख/महामुर्ख शब्द को वापस लें। यह न उनकी गरिमा के अनुरूप है, न मिश्र जी की गरिमा के अनुरूप है।
हम सभी उनसे आग्रह करते हैं कि वह मिश्र जी के साथ शास्त्रार्थ करते हुए अपने नाम को सार्थक करें। हम हिंदुओं को भी परमेश्वरनाथ मिश्र और निग्रहाचार्य जी का शास्त्रार्थ देखने और उससे बहुत कुछ सीखने-समझने का अवसर मिलेगा। धन्यवाद। #Sandeepdeo
——————————————————————————————————
सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता पी.एन.मिश्र जी का निग्रहाचार्यजी के नाम संदेश, जो मैंने निग्रहाचार्य भेज दिया था। इसमें शास्त्रार्थ का विषय प्रतिपादित किया गया है। यह वह विषय है, जिस पर निग्रहाचार्य ने आपत्ति दर्ज करते हुए ‘मूर्ख’ ‘महामूर्ख’ जैसा आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है:-
१) यह मैंने कब कहा कि शंकराचार्य के भाष्य को मैं नहीं मानता?
२) शंकराचार्य जी ने अपने भाष्य में कहाँ कहा है कि ऋषिकाएँ मंत्र द्रष्टा नहीं हैं अथवा ब्राह्मण के अतिरिक्त अन्यवर्ण के लोग मंत्र द्रष्टा नहीं हैं ?
३) शंकराचार्य परंपरा में व्यास जी उनके पूर्ववर्ती सिद्ध हैं । उन्होंने पुराण लिखे हैं । जहाँ वेद अथवा शंकराचार्य जी का भाष्य मौन है वहाँ व्यास जी के पुराण प्रमाण हैं ।
४) रही बात आचार्य सायण के भाष्य की तो वे एक महान विद्वान थे। राजा के मंत्री थे, परंतु संन्यासी नहीं थे। यदि कहीं उनका भाष्य आदि शंकराचार्य और व्यास जी के मत के विरुद्ध पाया जायेगा तो वहाँ इन दोनों आचार्यों के मत के आधार पर चलना पड़ेगा।
५) करपात्री जी महाराज का भाष्य या उनकी मान्यतायें यहाँ शास्त्रार्थ का विषय नहीं हैं। वैसे सम्भवतः अब तक न तो करपात्री जी का ऋग्वेदभाष्य और न ही ऐतरेय ब्राह्मण भाष्य प्रकाश में आया है ।
६) यहाँ तो शास्त्रार्थ का विषय यह है कि क्या कवष ऐलूश जन्मना शूद्र थे और वत्सप्रीत भालंदि वैश्य थे?
७) क्या चारों वर्ण में जन्मे व्यक्ति, और महिलायें मन्त्रद्रष्टा ऋषि/ ऋषिकाएँ हैं या नहीं ?
८) क्या पी एन मिश्र महा मूर्ख हैं या निग्रहाचार्य जी महामूर्ख हैं?
९) क्या शंकराचार्यों के विरुद्ध निग्रहाचार्य का आक्षेप सत्य है या असत्य?
१०) करपात्री जी के मत से बलवान आदि शंकराचार्य का मत है और आदि शंकराचार्य के मत से बलवान व्यास जी का मत है, व्यास जी के मत से बलवान स्पष्ट वेदमत है । यही चारों शंकराचार्यों को मान्य है और यही मुझे भी मान्य है।
११) वितण्डावाद त्याग कर जो शास्त्रार्थ का अति संक्षिप्त विषय है उसी पर मुझे और निग्रहाचार्यजी को अपना मत सत्य सिद्ध करने हेतु हुए शास्त्रार्थ करना चाहिए।
१२) निग्रहाचार्य जी शंकराचार्य संप्रदाय के नहीं हैं उन्हें अपने संप्रदाय की गुरुता बढ़ाने के लिए शांकर भाष्य के खंडन की आवश्यकता पड़ सकती है। मैं तो उस भाष्य को मानता हूँ जब तक कि निग्रहाचार्य या अन्य कोई उसे वेद विरुद्ध नहीं सिद्ध कर देता जो कि असंभव है।
१३) विभ्रम न फैलायें अपने ज्ञान का प्रदर्शन करते हुए निग्रहाचार्य जी शास्त्रार्थ में हार या जीत को वरण करने का साहस करें।
१४) उन्होंने वृंदावन के नाम से बनाए गए अपने वीडियो में मेरे विरुद्ध जो कुछ कहा है उसका मैं खंडन करूँगा और वे उसका मण्डन करें। शास्त्रार्थ का विषय यही है।
