Courtesy Desk: अयोध्या: राम मंदिर में करोड़ों के चढ़ावे में कथित गबन का मामला मंदिर ट्रस्ट के गले का फांस बनता नजर आ रहा है। रोकडिया हनुमान मंदिर के पीठाधीश्वर आचार्य विनोद मिश्र ने राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू को लेकर बड़े दावे किए हैं। आचार्य ने बताया कि उनके शिष्य जौनपुर के कारोबारी अजय विश्वकर्मा ने मंदिर निर्माण के बाद करोड़ों रुपये का हार और चरण पादुका भेंट की थी। चढ़ावे का काम टिन्नू देखते थे। कुछ प्रसाद देने के बाद टिन्नू ने कहा कि आप लोग जाइए। बाद में रसीद दी जाएगी। हार को जब भगवान के गले में धारण कराया जाएगा तो आपको फोटो भेजा जाएगा। आठ महीने बाद भी उनको फोटो नहीं भेज गई। बाद में पूछने पर टिन्नू ने बताया कि हार को बेंगलुरु भेजकर गला दिया गया। उसकी ईंट बनाकर रख दिया गया है। आज तक कारोबारी परिवार को चढ़ाए गए भेंट की रसीद नहीं मिली है।
आचार्य विनोद मिश्र के दावे के बाद एक बार फिर राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू सवालों के घेरे में आ गए हैं। आचार्य ने बताया कि जौनपुर के जंघई में रहने वाले अजय विश्वकर्मा मुंबई में कारोबार करते हैं। उनका पूरा परिवार रामभक्त है। उन्होंने भव्य राम मंदिर बनने पर प्रभु के लिए भव्य गले का हार और चरणों के लिए चरण पादुका अर्पित किया। पूरा परिवार नंगे पांव पैदल अयोध्या गया। 200 किलोमीटर की यात्रा में परिवार को अयोध्या पहुंचने में चार दिन लगे।
‘आज तक भगवान को नहीं चढ़ाए गए जेवर’
आचार्य विनोद मिश्र के मुताबिक, कारोबारी का परिवार जब अयोध्या पहुंचा तो उनके आश्रम में विधिवत पूजा पाठ हुआ। चूंकि चढ़ावे का काम टिन्नू देखते थे इसलिए उनसे संपर्क किया गया। रामलला के समक्ष पहुंचकर वस्त्र और आभूषण सौंप दिया गया। यह वस्तुएं टिन्नू ने प्राप्त की थीं, लेकिन आज तक इसे भगवान को नहीं चढ़ाया गया। पूछने पर टिन्नू ने बताया कि चढ़ावे के जेवर बेंगलुरु भेजकर गलाए जाते हैं और उनकी ईंट रख दी जाती है।

राम शंकर यादव ने पेश की सफाई
गौरतलब है कि हर तरफ से लग रहे आरोपों के बीच राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू ने बुधवार को अपनी सफाई का वीडियो पेश किया। टिन्नू का कहना है कि उनके ऊप्र लग रहे आरोप निराधार हैं। उन्होंने ऑटो की कमाई से संपत्ति बनाई है। उनके ऊपर आरोप लगाने वालों को भगवान देख रहे हैं। टिन्नू की पत्नी पूनम यादव ने भी मीडिया से बातचीत में कहा कि उनके पति को बदनाम किया जा रहा है। वह देवता हैं। उन्होंने किसी तरह का घोटाला नहीं किया गया है।
साभार- मूल लिंक
