संदीप देव। बचपन याद है आप सबको? बचपन में एक कोल्ड ड्रिंक आता था, ‘गोल्ड स्पॉट’! यह भारतीय कैंपा कंपनी का था। मुझे बचपन में इसका स्वाद बहुत पसंद था।
पिताजी मुझे जब छुट्टियों में हॉस्टल से लाने जाते थे तो रेलवे स्टेशन या बस स्टैंड पर मुझे ‘गोल्ड स्पॉट’ जरूर पिलाते थे और खुद ‘थम्स अप’ पीते थे। उन्हें लगता था कि ‘थम्स अप’ हार्ड है, बच्चा नहीं पी पाएगा। हॉस्टल से घर जाने की ललक और फिर स्टेशन पर ‘गोल्ड स्पॉट’ मिलना, यह ऐसा कांबिनेशन बना कि ‘गोल्ड स्पॉट’ का स्वाद मेरे मस्तिष्क में कैद हो गया।
एक बार की बात है। मैं छुट्टियों में घर आया था। घर पर पिताजी से जिद कर रहा था कि मुझे सिनेमा दिखाने ले चलिए। मम्मी को भी तंग कर रहा था कि सिनेमा हॉल में सिनेमा देखना है। यह वर्ष 1985 की बात है। उस वर्ष राजकपूर की ‘राम तेरी गंगा मैली’ रिलीज हुई थी। मैं तब केवल नौ साल का था। मेरी जिद पर मुझे क्या, मेरे पिताजी पूरे गांव को ‘राम तेरी गंगा मैली’ दिखाने ले गये। मेरे पिताजी के पास तब मेटाडोर वैन होती थी। उसमें गांव के जितने लोग आए, सभी को वह सिनेमा दिखाने ले गये।
समस्तीपुर में एक सिंगल स्क्रीन सिनेमाघर, जो अभी भी है, उसका नाम ‘अनुरूप टॉकीज’ है। ‘राम तेरी गंगा मैली’ उसी में लगी थी। एक दूसरा सिनेमा हॉल था ‘भोला टॉकीज’ उसमें मिथुन चक्रवर्ती की कोई फिल्म लगी थी, जिसके पोस्टर पर मार-धाड़ का सीन था। बचपन से मुझे एक्शन फिल्में पसंद है। मैंने जिद किया कि मैं वही फिल्म देखूंगा, लेकिन गांव वालों की जिद के आगे एक छोटे बच्चे की जिद कहां चलती! सबने पिताजी को कहा कि ‘राम तेरी गंगा मैली’ ही दिखाओ। पिताजी ने सभी की बात मानकर उसी की टिकट ली। महिला-पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग,युवा- सभी बारात की तरह फिल्म देखने गये थे।
मेरे बगल में मेरे बाबा (दादाजी) की सौतेली मां ‘खैरी मामा'(खैरी गांव उनका मायका था। बिहार में गांव में महिलाओं को मायके वाले गांव के नाम से ही पुकारते हैं) बैठी थी। पिताजी ने फिल्म के इंटरवल में सबके लिए कोल्ड ड्रिंक ऑर्डर किया। खैरी मामा को और मुझे ‘गोल्ड स्पॉट’ मिला।
खैरी मामा जल्दी-जल्दी अपना ‘गोल्ड स्पॉट’ पी गई और फिर कही कि ‘बउआ बच्चा ई नयी पी अइछई। तोरा अच्छा भी नई लगईत होतउ’ (अर्थात् बच्चे को यह नहीं पीना चाहिए। तुम्हें अच्छा नहीं लग रहा होगा) कह कर मेरा ‘गोल्ड स्पॉट’ छीनकर पी गई। मैं रुआंसा हो गया। मैं धीमे-धीमे स्वाद लेकर पी रहा था। मेरा मन रोने को हुआ। बाद में मैंने मम्मी को बताया। सभी खूब हंसे कि बुढ़ापे में भी ‘खैरी मामा’ को ‘गोल्ड स्पॉट’ पसंद है!
तो ‘गोल्ड स्पॉट’ के साथ मेरे बचपन, मेरे पिताजी और हम दोनों पिता-पुत्र के रिश्ते की कई यादें जुड़ी है। बाद में कैंपा कंपनी के बंद होने पर ‘गोल्ड स्पॉट’ भी बंद हो गया। मैं काफी दिनों तक दुकान पर ‘गोल्ड स्पॉट’ मांगा करता था, लेकिन दुकान वाले कहते, अब वह नहीं आता है। यह सुनकर मन बड़ा उदास होता था।
कुछ वर्ष पूर्व मुकेश अंबानी की रिलायंस कंपनी ने बंद कैंपा ब्रांड को करीब 25 करोड़ में खरीद लिया और उसके दोनों फ्लेवर को पुनः बाजार में लांच कर दिया। पहली बार मेरा छोटा भाई Amardeep Deo रिलायंस के स्टोर से इसे लेकर आया। औरेंज कैंपा पीते ही, स्वाद कुछ जाना-पहचाना लगा। दिमाग पर जोर डालते ही अवचेतन मन को ट्रिगर हुआ और ‘गोल्ड स्पॉट’ का स्वाद मन और जिह्वा पर उतर आया। मैं इसे पीकर कितना खुश हुआ बता नहीं सकता! पिताजी तब शरीर में थे। मैंने कहा, ‘पिताजी याद है, यह ‘गोल्ड स्पॉट’ का स्वाद है!’ उन्होंने भी कहा, ‘हां यह तो ‘गोल्ड स्पॉट’ही है!’
अभी कुछ महीने पहले मेरे पिताजी अचानक इस दुनिया से विदा हो गये। मुझे औरेंज कैंपा देखकर उनकी बहुत याद आती है। वह बचपन मेरी आंखों के सामने तैर जाता है। मैं जहां भी औरेंज कैंपा देखता हूं, गाड़ी रोक कर खरीदता हूं।
मैं जानता हूं कि कोल्ड ड्रिंक पीना सेहत के लिए नुकसानदायक है। मैं इसे किसी को पीने की सलाह नहीं देता। लेकिन मैं खुद को औरेंज कैंपा पीने से रोक भी नहीं पाता। मुझे लगता है कि मेरे पिताजी इसे मेरे लिए लेकर आए हैं। जब मैं इसे पीता हूं तो मेरे, उनके और ‘गोल्ड स्पॉट’ के रिश्ते पुन: जीवंत हो उठते हैं। मैं कुछ पल उनके साथ जीने लगता हूं। इस स्वाद में मेरे पिताजी की यादें बसी हैं!
