संदीप देव। धर्मक्षेत्र में बड़ी दुखद स्थिति है। एक-दूसरे से ईर्ष्या इन्हें साधारण संत भी नहीं रहने दे रही है। पुरी शंकराचार्य और प्रेमानंद जी को संस्कृत नहीं आती, इसलिए वह गौण हैं। यह कहने से पहले रामभद्राचार्य जी जिस तुलसी पीठ पर बैठे हैं, उन तुलसीदास जी की अवधी में लिखी रामचरितमानस का मर्म ही समझ लेते? रामचरितमानस की चौपाई रामभद्राचार्य जी की जिह्वा पर अवश्य है, परंतु वह उनकी आत्मा को भिगो नहीं पाया है। जिसकी आत्मा अध्यात्म से पगी हो उनकी भाषा और आचरण में पल-पल प्रभु प्रकट होते हैं!
कथा आती है कि तुलसीदास जी ने रामचरितमानस पहले संस्कृत में लिखनी चाही। वह संस्कृत के भी विद्वान थे। प्रतिदिन वह रामचरितमानस लिखते, रात में रखते, सुबह उठते तो वह मिटी मिलती। यही क्रम होता रहा। तुलसी दुखी हो गये। एक दिन स्वप्न में प्रभु ने दर्शन दिए और कहा तुलसी इसे लोकभाषा में लिखो ताकि रामचरित जन-जन तक पहुंचे। फिर तुलसीदास जी ने अवधी में रामचरितमानस की रचना की।
अंग्रेजों व मिशनरी ने लिखा है कि एक ग्रंथ जो धर्मांतरण की राह में दीवार बन कर खड़ी है, वह तुलसी कृत रामचरितमानस है। आज हिंदू धर्म का सबसे अधिक लोकप्रिय ग्रंथ रामचरितमानस है। शायद ही कोई हिंदू घर हो जहां रामचरितमानस आपको न मिले? शायद ही कोई गांव हो जहां मंगलवार को रामचरितमानस के सुंदर कांड का पाठ न होता हो? शायद ही कोई हिंदू हो, जिसे रामचरितमानस का एक भी चौपाई याद न हो? लोकभाष में लिखी रामचरितमानस का यह प्रभाव हुआ कि रामायण के प्रथम और मूल रचयिता आदि कवि वाल्मीकि जी की रामायण का पाठ और उस पर आधारित रामलीला का मंचन धीरे-धीरे लुप्तप्राय जैसा हो गया!
तुलसीदास जी के जीवन को लेकर एक कथा और कही जाती है। लोकभाषा में रामचरितमानस लिखने के कारण काशी के संस्कृत के विद्वान पंडितों ने उनका बड़ा अपमान किया। वे लोग रामचरितमानस को नष्ट कर देना चाहते थे। एक रात्रि वह सभी उसे नष्ट करने पहुंचे। देखा दो छोटे बालक धनुष-बाण लेकर रामचरितमानस की रक्षा कर रहे हैं। सभी डर गये और समझ गये कि तुलसी की भक्ति अगाध है। वो लोग तुलसी के पास पहुंच कर उनके चरणों में गिर पड़े।
जब तुलसी को पता चला कि प्रभु उनकी लिखी रामचरितमानस की रक्षा के लिए कष्ट उठा रहे हैं तो वह रोने लगे कि उनके कारण उनके प्रभु को कष्ट हो रहा है। तब फोटोकॉपी मशीन तो आता नहीं था। इसलिए तुलसीदास जी ने रामचरितमानस की एक दूसरी प्रति हाथ से लिखी और उसे अपने मित्र रसखान के पास सुरक्षित रखवा दिया ताकि उनके प्रभु को उनके कारण रात्रि में जगना न पड़े! ऐसी थी तुलसी की भक्ति। तुलसी को उस समय के संस्कृतनिष्ठ विद्वान पंडितों ने कितना प्रताड़ित किया था, यह आप उनकी लिखी ‘कवितावली’ पढ़कर समझ भी सकते हैं और रो भी सकते हैं!
तुलसी पीठ पर बैठकर भी यदि रामभद्राचार्य जी को भक्त तुलसी और रामचरितमानस समझ नहीं आया तो फिर इस जीवन में उन्हें परमात्मा कहां समझ में आएंगे?
ऐसी ही भक्त थी मीराबाई। ब्रजभाषा, राजस्थानी मिश्रित अर्थात् लोकभाषा में भक्ति पद गाते-गाते वह श्रीकृष्ण में समा गई। क्या यह भी श्री रामभद्राचार्य जी भूल गये? कलियुग की ही इस दो कथा से पता चलता है कि परमात्मा भाषा का नहीं भाव का भूखा है। वह प्रेम और भक्ति का भूखा है। आदि शंकराचार्य ने भी अंत में लिखा, ‘भज गोविंदम् मूढ़ मते!’
जो भाषा, समाज, ज्ञान, अहंकार, क्रोध, मान-अपमान, अपना-पराया, राग-द्वेष आदि सब से उठकर ‘मेरे तो गिरधर गोपाल दूसरो न कोई’ में रम जाता है, वही परमात्मा से एकाकार हो पाता है। वही मोक्ष का अधिकारी है। अन्यथा आचार्य मंडन मिश्र के यहां तो पनिहारिन और तोता-मैना भी संस्कृत में शास्त्रार्थ करते थे? वंदे विष्णुं 🙏
