श्वेता पुरोहित :
(रामप्रेममूर्ति श्रीमद् गोस्वामी तुलसीदासजी की मुंख्यतः श्रीमद बेनीमाधवदासजी विरचीत मूल गोसाईचरित पर आधारीत अमृतमयी लीलाएँ)
गतांक से आगे –
संतन्ह निंदा अति बुरी भूलि करें न कोई ।
जनम जनम के सुकृतको पल में डारै खोई ॥
गंगा के उस पार हरिदत्त नाम का एक परम दरिद्र ब्राह्मण रहता था। वह तुलसीदासजी की महिमा सुनकर उनके पास आया और उसने अपनी दीन दशा सुनाई। श्रीगोस्वामीजी ने गंगा माता से प्रार्थना की। श्रीगंगाजी ने उसे बहुत सी तराई की भूमि प्रदान कर उसकी दरिद्रता दूर कर दी ।
एकबार गोस्वामीजी कुटि के बाहर बैठकर भजन कर रहे थे उसी समय भक्तों और भक्ति की सर्वदा निन्दा करनेवाला भुलई शाह नाम का एक कलवार मरा था। लोग उसका दाह कर्म करने के लिए गंगा तट पर ले जा रहे थे। पीछे पीछे उसकी पत्नी रोती बिलखती जा रही थी।
गोस्वामीजी को उसने अत्यंत दीन होकर पृथ्वी पर माथा टेककर प्रणाम किया। इन्होंने सहजभाव से ‘सौभाग्यवती भव’ कहकर आशिर्वाद दिया। उसने जब स्थिति स्पष्ट की तो आपने उसके पती के मृत शव को मँगाकर-
अकालमृत्यु हरणं सर्वव्याधिविनाशनम् ।
विष्णोः पादोदकं पीत्वा पुनर्जन्म न विद्यते ॥
यह मंत्र पढ़ते हुए उसके मुख में भगवच्चरणामृत डाला। भगवत्कृपा से वह जीवित हो गया। अपने दुष्कर्मों के फलस्वरुप मरने पर उसे जो भीषण नरक यंत्रणा सहनी पड़ी थी, उसका स्मरण करके तथा संत की कृपा एवं महा महिमा को विचारकर उसको अपनी करनी पर अत्यंत पश्चात्ताप हो रहा था।
तब गोस्वामीजी ने निन्दा को महान अनर्थकारी बताते हुए कहा-
संतन्ह निंदा अति बुरी भूलि करें न कोई ।
जनम जनम के सुकृतको पल में डारै खोई ॥
अतः इस महापराध से सतत सावधान रहते हुए निरन्तर भगवद् भजन का उपदेश दिया। गोस्वामीजी की कृपा से उस निंदक का संपुर्ण परिवार परम भक्त हो गया। पर इस तरह गोस्वामीजी के नाम पर और एक बहुत बडा चमत्कार जमा हो ही गया।
इससे उनके दर्शनार्थीयों की भीड बढ़ गयी। और गोस्वामीजी को ये बात बिल्कुल भी नहीं सुहाती थी की लोग भक्ति को छोडकर चमत्कारों को अधिक महत्त्व दें। अतः उन्होंने किसी को भी दर्शन देना बंद कर दिया। कुटिया से बाहर निकलना ही छोड़ दिया।
पर तीन छोटे बालक ऋषिकेश, शान्तिपद और दातादीन नित्यप्रति उनका दर्शन करने आते थे और उनके हाथों चरणोदक लेकर ही घर जाते थे। कोई कोई इसे गोस्वामीजी का पक्षपात बताते। धीरे धीरे जब इस संबंध में विशेष चर्चा होने लगी और बात गोस्वामीजी तक पहुँच गयी तब दूसरे दिन गोस्वामीजी लोगों का भ्रम दूर करने के लिए उन बालकों के आने पर भी बाहर नही आए। जब बालकों को लगा की आज दर्शन नहीं होंगे तो उन्होंने विरह में तत्क्षण प्राण त्याग दिए। उन बालकों का ऐसी अलौकीक प्रीति देखकर लोग दंग रह गये।
तब गोस्वामीजी ने बाहर आकर चरणामृत पिलाकर उन तीनों को पुनः जीवित कर दिया। गोस्वामीजी का दर्शन पाकर वे कृतकृत्य हो गये।
श्री गौरी शंकर की जय 🙏 🚩
सियावर रामचन्द्र की जय 🙏 🚩
पवनसुत हनुमान की जय 🙏🚩
रामप्रेममूर्ति तुलसीदासजी की जय 🙏🌷
क्रमशः (भाग – ४९)
