श्वेता पुरोहित।
श्री व्यास जी ने राजा परीक्षित से कहा – परीक्षित होनी तो होके रहती है, इसे कोई बदल नहीं सकता। आज मैं तुम्हे उस रहस्य को बताता हूँ, जो दुर्लभ है।
एक समय सृष्टि से जल तत्व अदृश्य हो गया। सृष्टि में त्राहि-त्राहि मच गया और जीवन का अंत होने लगा तब ब्रह्मा जी, विष्णु जी, ऋषिगण तथा देवता मिलकर भगवान शिव जी के शरण में गए और शिवजी से प्रार्थना की और बोले नाथों के नाथ आदिनाथ अब इस समस्या से आप ही निपटें। श्रृष्टि में पुन: जल तत्व कैसे आएगा।
देवों की विनती सुन कर भोलेनाथ ने ग्यारहों रुद्रों को बुलाकर पूछा आप में से कोई ऐसा है जो सृष्टि को पुनः जल तत्व प्रदान कर सके। दस रूदों ने मना कर दिया। ग्यारहवां रुद्र जिसका नाम हर था उसने कहा मेरे करतल में जल तत्व का पूर्ण निवास है।
मैं सृष्टि को पुन: जल तत्व प्रदान करूँगा लेकिन इसके लिए मूझे अपना शरीर गलाना पड़ेगा और शरीर गलने के बाद इस श्रृष्टि से मेरा नामो निशान मिट जायेगा।
तब भगवान शिव ने हर रूपी उस रूद्र को वरदान दिया और कहा – इस रूद्र रूपी शरीर के गलने के बाद तुम्हें नया शरीर और नया नाम प्राप्त होगा और मैं सम्पूर्ण रूप से तुम्हारे उस नये तन में निवास करूँगा जो सृष्टि के कल्याण हेतू होगा।
हर नामक रूद्र ने अपने शरीर को गलाकर सृष्टि को जल तत्व प्रदान किया। और उसी जल से एक महाबली वानर की उत्पत्ति हुई। जिसे हम हनुमान जी के नाम से जानते हैं। यह घटना सतयुग के चौथे चरण में घटी। शिवजी ने हनुमान जी को राम नाम का रसायन प्रदान किया। हनुमान जी ने राम नाम का जप प्रारम्भ किया। वे त्रेतायुग में अन्जना और केशरी के यहाँ पुत्र रूप में अवतरित हुए।
एकादश रुद्रावतार केसरी नंदन हनुमान की जय 🙏🚩
