अर्चना कुमारी दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास पर आप सांसद स्वाति मालीवाल के साथ मारपीट मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस टीम सीएम के निजी सचिव बिभव कुमार को मंगलवार मुंबई ले गई।
पुलिस का कहना है बिभव ने अपने मोबाइल फोन को मुंबई में फॉर्मेट कर दिया। मोबाइल फोन के डाटा को दोबारा से रिट्रीव करने के लिए टीम उनको लेकर मुंबई गई है।
इसके अलावा इस बात का भी पता किया जाएगा कि बिभव मुंबई में किन-किन लोगों से मिले। किसने उनकी मोबाइल फोन को फॉर्मेट करने में मदद की थी। पुलिस इस बात की आशंका जता रही है कि मोबाइल को फॉर्मेट करने से पहले बिभव ने डाटा को किसी सिस्टम में सेव किया है। उस डाटा को पुलिस बरामद करने का प्रयास कर रही है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के लिए विशेष दल का गठन किया गया है। खुद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अंजीथाचेपयाला इसको लीड कर रही हैं। इसमें तीन इंस्पेक्टर, दो सब इंस्पेक्टर व अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। लेकिन जिला पुलिस उपायुक्त मनोज मीना एसआईटी के गठन की बात से इंकार किया।
पुलिस ने बताया जांच के लिए बिभव कुमार को मुंंबई ले जाना जरूरी था। मंगलवार दोपहर ढाई बजे की फ्लाइट से छह सदस्या टीम बिभव को लेकर मुंबई पहुंची है। टीम का नेतृत्व अंजीथाचेपयाला कर रही हैं। पुलिस वहां तमाम लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
ज्ञात हो पुलिस की टीम सोमवार शाम 5.45 बजे बिभव कुमार को लेकर सीएम हाउस पहुंची। यहां 13 मई के पूरे घटनाक्रम को दोहराया गया। वारदात के समय कौन-कौन व्यक्ति कहां था। पुलिस ने सीएम आवास पर कई लोगों को बयान भी दर्ज किए। डीवीआर की जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि घटना के समय की फुटेज उसमें से गायब है।
पुलिस आशंका जता रही है कि डीवीआर से छेड़छाड़ की गई है। पुलिस साइबर एक्सपर्ट की मदद से डीवीआर के गायब हुए डाटा को बरामद करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि लगातार बिभव पुलिस की जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं।
