कैसे अलविदा कह दूं काशी!
कैसे अलविदा कह दूं काशी,
तू तो मन में,
आत्मा में,
रोम-रोम में रची,
बसी है काशी!
विदा हो रहा हूं,
फिर लौटूंगा काशी
तुमसे कौन भाग सका,
जो मैं भागूंगा!
तू ही तो आरंभ है,
तू ही अंत है,
तू ही जीवन है,
तू ही मोक्ष है काशी!
बस अब जाने दे,
तू वैरागी है,
तुझसे फिर यह मोह क्यों
मोह से मुक्ति की तू धरती,
अब मुझे भी मुक्त कर दे,
सदा के लिए नहीं,
बस अगली यात्रा तक,
तब तक के लिए,
अलविदा कहने दे न काशी!
