वाराणसी। सर्वजन सनातन पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसम्मति से वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी के विशेष प्रतिनिधि देवेंद्र कुमार पांडेय (गोप जी) को पार्टी का नया राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। इस घोषणा के बाद से ही सनातन धर्मावलंबियों और धार्मिक-सामाजिक संगठनों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
हिंदू महासभा के पूर्व राष्ट्रीय महासचिव रहे देवेंद्र कुमार पांडेय राम जन्मभूमि आंदोलन के सक्रिय योद्धा रहे हैं, जहाँ आंदोलन के दौरान उन्हें गोली भी लगी थी। इसके अतिरिक्त, वे मध्य प्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला के गर्भगृह में वाग्देवी की प्रतिमा स्थापना (प्राकट्य) प्रकरण के प्रमुख अभियुक्तों में शामिल रहे हैं।
अपने निर्भीक और बेबाक बयानों के लिए प्रसिद्ध देवेंद्र पांडेय अतीत में राम जन्मभूमि से जुड़े कई गंभीर आरोपों को लेकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने शिलापूजन के दौरान एकत्रित ₹1400 करोड़ तथा सोने-चांदी की ईंटों के गबन का आरोप राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस), विश्व हिंदू परिषद (विएचपी) और भाजपा पर लगाया था।
इन आरोपों के संदर्भ में तत्कालीन विएचपी प्रमुख अशोक सिंघल ने पत्राचार व व्यक्तिगत भेंट के माध्यम से स्थिति स्पष्ट करने का प्रयास किया था, जबकि पांडेय इस विषय पर सार्वजनिक मीडिया बहस की चुनौती पर अड़े रहे। इसके अलावा, उन्होंने राम जन्मभूमि विवाद के उद्भव, मंदिर निर्माण में प्रयुक्त सामग्रियों के तकनीकी पहलुओं और शास्त्र सम्मत नियमों के विरुद्ध अधूरे निर्मित मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के आयोजन का भी प्रखर विरोध किया था।
शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी के अभियानों में उनकी मुख्य भूमिका रही है। गोवर्धन परिक्रमा से दिल्ली संसद भवन तक नंगे पांव पदयात्रा, देश के विभिन्न राज्यों में गो-ध्वज स्थापना यात्रा, प्रयागराज धर्म संसद का संचालन और कुंभ में शाही स्नान के दौरान गो-ध्वज के साथ जुलूस का नेतृत्व करने जैसे कई महत्वपूर्ण आयोजनों में वे अग्रणी रहे हैं।
पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित शीतला प्रसाद पांडेय, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष अशोक कुमार शर्मा व राजेश मणि त्रिपाठी, पूर्व उपाध्यक्ष विनोद दुबे, पूर्व राष्ट्रीय महासचिव आशुतोष चौबे, पूर्व राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष गौरव पांडेय, पूर्व राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशुतोष कुमार चतुर्वेदी तथा पूर्व राष्ट्रीय संयुक्त मंत्री ब्रिकेश पाठक सहित संगठन के कई प्रमुख नेताओं ने उनके निर्वाचन पर हर्ष व्यक्त किया है। पार्टी का मानना है कि देवेंद्र कुमार पांडेय के नेतृत्व में देश में एक नए और सिद्धांतवादी सनातनी राजनीतिक विकल्प का बीजारोपण होगा।
