संदीप देव। आज हमारे घर की पांचवीं वर्षगांठ है। एक मध्यमवर्गीय परिवार के लिए अपना घर केवल ईंट-गारे की इमारत नहीं, बल्कि जीवन का सबसे बड़ा सपना होता है। 13 अगस्त 2021 को गृहप्रवेश की पूजा के साथ हमारा यह सपना साकार हुआ। भगवान श्री हरि विष्णु की मेरे और मेरे परिवार पर अपरंपार कृपा रही है।
गृहप्रवेश की पूजा से एक दिन पहले ही मां और पिताजी गांव से आए थे। पूजा संपन्न कराने के लिए मिथिला (दरभंगा) से पंडित अरुण झा जी का आगमन हुआ था। नया घर देखते ही पिताजी की आंखें खुशी के आंसुओं से छलछला आईं—उनके बेटे ने अपना घर बना लिया था। वे भावुक होकर रो पड़े थे। मां अत्यंत प्रसन्न थीं; उन्होंने ही मुझे बताया था कि पिताजी तो घर में कदम रखते ही रोने लगे थे।


आज पिताजी हमारे बीच इस दुनिया में नहीं हैं, उनकी बहुत याद आती है। पर मन को यह तसल्ली मिलती है कि उनके जीवनकाल में ही हमारा घर बन गया और हमें उनका प्रत्यक्ष आशीर्वाद प्राप्त हुआ। यदि यह घर उनके जाने के बाद बना होता, तो उस खुशी का अहसास कभी इतना पूर्ण न होता।

यह घर मेरी धर्मपत्नी श्वेता देव का सपना था। वह 11 अगस्त 2004 को ढाई साल के बेटे उमंग को लेकर दिल्ली आई थी। गांव की देहरी लांघकर वह मेरे साथ रहने आई थी, ताकि उमंग की पढ़ाई-लिखाई सही ढंग से शुरू हो सके। मैं तब ‘दैनिक जागरण’ में संवाददाता था। जिस मकान में वह आई थी, वह किराए का था और बहुत छोटा। उससे पहले दिल्ली में केवल मैं और मेरा छोटा भाई अमरदीप देव साथ रहते थे। दैनिक जागरण में मेरी नौकरी 2003 में लगी थी।


2004 से 2011 तक हम किराए के कई मकानों में रहे। फिर मार्च 2011 में पिताजी ने हम दोनों भाइयों के परिवारों के रहने के लिए दिल्ली के उत्तम नगर में एक मकान खरीद कर दिया। 2011 से 2021 तक हम सब एक साथ उसी घर में रहे। वर्ष 2020 का दौर कोरोना की छाया में बीता। दोनों बच्चे घर से ही ऑनलाइन पढ़ाई कर रहे थे और हम भी वहीं से काम संभालते थे। मेरी पुस्तकों का संग्रह इतना बढ़ चुका था कि वह घर छोटा पड़ने लगा। स्थिति यह थी कि रात को सोते समय पलंग की मुंडेर पर रखी किताबें सिर पर आ गिरती थीं। तब 2020 में हमने नए घर की तलाश शुरू की और 10 अगस्त 2020 को इसे अंतिम रूप दिया। बैंक लोन का सहारा मिला, अन्यथा यह हमारी पहुंच से बाहर था।



आज दिल्ली वाले घर में अमरदीप और उसका परिवार रहता है, जबकि हरियाणा वाले घर में मैं और श्वेता रहते हैं। बेटा जिज्ञासु नौकरी के सिलसिले में बाहर है। यही एक मध्यमवर्गीय परिवार की छोटी-सी, आत्मीय कहानी है।

हमारे गृहप्रवेश के अवसर पर मेरी साली विनीता रॉय, उनके पति लक्ष्मण रॉय, दोनों बच्चे (पुलु व लवु) और उनके ससुर जी उपस्थित थे। श्वेता की मां भी गांव से आई थीं। अमरदीप की पत्नी मीनू देव के माता-पिता भी समस्तीपुर से पधारे थे। अमरदीप, बेटा जिज्ञासु और भतीजे लप्पू ने एक पैर पर खड़े होकर सभी मेहमानों का स्वागत-सत्कार किया। यह उनके समर्पण और संयुक्त परिवार की शक्ति का ही परिणाम था कि


सुबह से देर रात तक चलने वाली पूजा और भोज का आयोजन निर्विघ्न संपन्न हो सका। सच कहूं तो मेरी सबसे बड़ी ताकत मेरा यह संयुक्त परिवार ही है।


पत्रकारिता जगत और समाज के कई गणमान्य लोग भी हमें आशीर्वाद देने पहुंचे। दिल्ली में पत्रकारिता के दौरान मैंने जितने भी बीट कवर किए थे, वहां बने आत्मीय संबंधों के कारण विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी भी सपरिवार पधारे। मेरे और श्वेता के अनेक मित्र हमारी इस खुशी में भागीदार बनने आए। लगभग 400 लोगों की उपस्थिति ने उस दिन को यादगार बना दिया।


कोरोना की दूसरी लहर अभी तुरंत ही थमी थी, फिर भी जिन्हें हमने निमंत्रित किया, वे सभी सपरिवार आए। हमारी सोसायटी नई थी और वहां का यह पहला बड़ा आयोजन था; इसलिए वहां के निवासी, प्रबंधन और कर्मचारी भी अत्यंत उत्साहित थे।

मैं उन सभी के स्नेह और सहयोग को स्मरण करते हुए, उन्हें प्रणाम व धन्यवाद अर्पित करता हूं।
