श्वेता पुरोहित :-
(रामप्रेममूर्ति श्रीमद् गोस्वामी तुलसीदासजी की मुंख्यतः श्रीमद बेनीमाधवदासजी विरचीत मूल गोसाईचरित पर आधारीत अमृतमयी लीलाएँ)
गतांक से आगे –
जो अपराधु भगत कर करई राम रोष पावक सो जरई लोकहुँ बेद बिदित इतिहासा यह महिमा जानहिं दुरबासा॥
संवत १६६९ में गोस्वामीजी के परममित्र श्रीटोडरमलजी का देहांत हुआ। मित्र वियोग से उन्हें बड़ा दुख हुआ। पाँच महिने बाद अश्विन सुदी त्रयोदशी को श्रीटोडरमलजी के दो पुत्र आनन्दराय और कन्हईराम के बीच गोस्वामीजी ने स्वयं उनकी संपत्ति का बटवारा किया।
मडिहाऊँ के आशु कवि श्रीभीष्मसिंह कानून घर (कोर्ट) से ही साष्टांग दण्डवत प्रणाम करते हुए आपका दर्शन करने आये और स्वरचित ‘श्रीयुगल नख शिख’ के कुछ पद सुनाये। गोस्वामीजी की कृपा से पद गान के समय ही उनको श्रीयुगल सरकार श्रीसीतारामजी महाराज का साक्षात दर्शन हुआ। भीष्मसिंह ने प्रभु चरणों मे अपने प्राणों को न्योछावर कर अपना जीवन जन्म सफल कर लिया।
एक दिन अकबर बादशाह के दरबारी कवि गंगाप्रसादजी मिलने आये। प्रातःकाल था। गोस्वामीजी माला पर राम नाम का जाप कर रहे थे। सेवक ने निवेदन किया कि आप कुछ काल ठहरें अभी महाराजजी माला फेर रहे है।
गंगाप्रसाद को ये बात कुछ अपमान सी प्रतीत हुई। उन्होंने कहा ‘ माला फेरने से क्या होता है ? भगवान ने जिसे ग्राह से बचाया उसने कौन सी माला फेंरी थी? मैं समझता था कि तुलसीदासजी विद्वान हैं, परंतु आज पता चला कि ये तो कठमलिया भगत है।’
इस तरह की आँय बाँय बकते हुए गंगाप्रसाद लौट गये। पर जाते समय एक मतवाले हाथी के द्वारा ही गंगाप्रसाद की मृत्यू हो गई। सत्य ही है-
जो अपराध भगत कर करई ।
राम रोष पावक सो जरई ॥
अब्दुर्रहीमखानखानाजी ने बरवै छन्दों में एक ‘रहिमन चंद्रिका’ नाम की पुस्तक लिखी थी। उसका संशोधन करने के लिए उन्होंने वह गोस्वामीजी के पास भेजी थी। रचना सुंदर थी, उसके छंद गोस्वामीजी को बहुत पसन्द आये। अतः स्वयं भी उसी छंद में ‘बरवैं रामायण लिखी।
एक बार गोस्वामीजी के दोनों हाथ बहुत दुखने लगे। पीड़ा असह्य हुई तो ‘श्रीहनुमान बाहुक’ की रचना कर हनुमानजी से प्रार्थना की, जिससे बाहुपिडा शान्त हुई। इसी काल में ‘वैराग्य सन्दिपनी’ की भी रचना की।
एकबार काशी नरेश के इकलौते युवराज ने सभी अस्त्र शस्त्र में निष्णात होने पर पिता से मृगया के लिए आज्ञा माँगी। प्रथम तो पुत्रप्रेमवश राजाने अनुमति नहीं दी। परंतु जब हठ देखा तो राज ज्योतिषी पंडित गंगाराम को बुलाया और निवेदन किया कि आप ऐसा मुहूर्त देखें जिसमें राजकुमार शिकारसे सकुशल घर लौट आवें ।
श्री गौरी शंकर की जय 🙏 🚩
सियावर रामचन्द्र की जय 🙏 🚩
पवनसुत हनुमान की जय 🙏🚩
रामप्रेममूर्ति तुलसीदासजी की जय 🙏🌷
क्रमशः (भाग – ५०)
