श्वेता पुरोहित :-
(रामप्रेममूर्ति श्रीमद् गोस्वामी तुलसीदासजी की मुंख्यतः श्रीमद बेनीमाधवदासजी विरचीत मूल गोसाईचरित पर आधारीत अमृतमयी लीलाएँ)
गतांक से आगे –
तुलसी मेरे राम को, रीझ भजो या खीज भौम पड़ा जामे सभी, उल्टा सीधा बीज।
अयोध्या में गोस्वामीजी ने पंद्रह दिनों तक निवास किया। एक दिन श्रीहरिदास नाम के एक गायक श्रीठाकुरजी के सामने बडे प्रेम से सुंदर पद गा रहे थे। पद में ‘रघुवर राजीव विलोचन’ के स्थान पर वह ‘रघुवर राजीव लोचनी’ गाने के अभ्यस्त थे।
श्रीतुलसीदासजी ने जब इस त्रुटि का संकेत किया तो उनको बडा पश्चात्ताप हुआ। उस दिन से वे जिस प्रेम से पहले किर्तन करते थे वह भाव जाता रहा। मन में शुद्धि अशुद्धि का भय समा गया।
भाववश्य भगवान को गोस्वामीजी का यह संशोधन नहीं सुहाया अतः स्वप्न में प्रभु ने आज्ञा दी कि मैं तो भक्त के प्रेम को ग्रहण करता हूँ, शुद्ध अशुद्ध की परवाह नहीं करता। जिस दिन से आपने पद शुद्ध करवाया है उस दिन से प्रेम में अवरोध होने से किर्तन में आनंद ही नहीं मिलता है, अतः आप जाकर कह दो कि वे पहले जैसे गाते थे वैसे ही गाया करें।
प्रभु की प्रेम परवशता पर विचार कर गोस्वामीजी के नेत्रों मे प्रेमाश्रु छलछला आए। प्रातःकाल होते ही श्रीहरिदासजी की कुटि पर जाकर उन्हें पूर्ववत ही गाने को कहा। गायक ने तुरंत ही प्रेमभाव से पुर्ववत पद गान किया। भावविभोर होकर गोस्वामीजी ने हरिदासजी को एक बढ़िया पिताम्बर उपहार में दे दिया।
एक दिन ये सरयू में स्नान कर रहे थे। उसी समय एक स्त्री भी स्नान करने आई। उसका बिना वस्त्र के स्नान करने का स्वभाव था। अतः उसने गोस्वामीजी को भगवान श्रीराम की सौगन्ध दिलाकर कहा कि आप पीछे मत देखना। इन्होंने पीठ फेर ली।
स्त्री तो स्नान करके घर चली गयी, पर गोस्वामीजी जल में ही खडे रहे। जब बहुत से भक्तगण इनका दर्शन करने के लिए आसन पर आये पर वहाँ गोस्वामीजी को नहीं पाया। तब खोज प्रारंभ हुई। धीरे धीरे बात सारे नगर में फैल गयी। किसी ने कहा ‘वे तो सवेरे से ही सरयूजी में खडे है।’ सब लोग वहाँ पहुँचे और बाहर आने की प्रार्थना की।
जब इन्होंने सौगन्ध की चर्चा की तो उस स्त्री का पता लगाने के लिए पुरे नगर में डौंडी फेरी गई कि जिस स्त्री ने श्रीतुलसीदासजी को सौगन्ध दिलाई है, वह शीघ्र जाकर उनको बाहर आने को कहें। तब वह स्त्री दौड़कर आई और उसने अपनी भूल के लिए क्षमा प्रार्थना करके बाहर निकल आने की प्रार्थना की। तब ये बाहर निकले। ऐसी थी गोस्वामीजी की अनुपम रामनिष्ठा। दिनभर जल में खडे रहें, जलचरों ने पाँव में कई जगह काटकर घाव किये, परंतु इष्ट की सौगन्ध का विचार कर एक पग भी टस से मस नही हुए।
श्री गौरी शंकर की जय 🙏 🚩
सियावर रामचन्द्र की जय 🙏 🚩
पवनसुत हनुमान की जय 🙏🚩
रामप्रेममूर्ति तुलसीदासजी की जय 🙏🌷
क्रमशः (भाग – ४७)
