श्वेता पुरोहित-
(रामप्रेममूर्ति श्रीमद् गोस्वामी तुलसीदासजी की मुंख्यतः श्रीमद बेनीमाधवदासजी विरचीत मूल गोसाईचरित पर आधारीत अमृतमयी लीलाएँ)
गतांक से आगे –
राम नाम मनिदीप धरु जीह देहरीं द्वार तुलसी भीतर बाहेरहुँ जौं चाहसि उजिआर
वहाँ से आगे चलकर पाँचवे दिन गोस्वामीजी दिल्ली पहुँचे। अकबर ने आपका बडा आदर सत्कार किया। सभा में सर्वोच्च आसन प्रदान किया और विनम्रतापुर्वक बोला ‘आपके बड़े बड़े चमत्कार सुनने में आते हैं। आते समय भी आपने नारी को नर बना दिया।
आप मुझे भी ऐसी कोई करामात करके दिखाइए।’ गोस्वामीजी ने सहज भाव से कहा – ‘हम तो एक श्रीसीतारामजी को छोडकर और कुछ नहीं जानते। करामात दिखाना मेरा काम नहीं है। बादशाह ने बहुत आग्रह किया परंतु गोस्वामीजी ने एकदम मना कर दिया।
प्रियादासजी लिखते हैं –
देखें राम कैसो कहि कैद किये किये हिये हूजिये कृपाल हनुमान ज्यू दयाल हो ।
ताही समै फैलि गये कोटि कोटि कपि नये लोचे तन खोंचे चीर भयौ यों बिहाल हो ॥
फोरे कोट मारे चोट किये डारे लोट पोट लीजै कौन ओट जाय मान्यौ प्रलय काल हो ।
भई तब आखे दुखसागर कौ चाखे अब वेइ हमें राखे भाखे वारौं धन माल हो ॥
गोस्वामीजी का उत्तर सुनकर बादशाह ने कहा – ‘यदि करामात दिखाना आपका काम नहीं है तो अपने रामको ही दिखलाओ। मैं देखूँ कि तुम्हारे राम कैसे हैं।’ ऐसा कहकर उसने गोस्वामीजी को कैद कर के कारागार मे बंद कर दिया।
तब गोस्वामीजी कारागार में ही हनुमानजी की प्रार्थना करते हुए इस पद की रचना करके गाया था –
ऐसी तोहि न बूझिये हनुमान हठीले ।
साहेब कहूँ न रामसे तोसे न उसीले ॥
तेरे देखत सिंहके सिसु मेंढक लीले ।
जानत हौं कलि तेरेऊ मन गुनगन कीले ॥
हाँक सुनत दसकंधके भये बंधन ढीले ।
सो बल गयो किधौं भये अब गरब गहिले ॥
सेवकको परदा फटे तू समरथ सीले ।
अधिक आपुते आपुनो सुनि मान सही ले ॥
साँसति तुलसीदासकी सुनि सुजस तुही ले ।
तिहूँकाल तिनको भलौ जे राम रँगीले ॥
यह विनय पत्रिका का ३२ वाँ पद अत्यंत प्रसिद्ध है । वाचकों से अनुरोध है की वे इसका अर्थ अवश्य पढें। प्रार्थना सुनकर हनुमानजी करोड़ो नए नए आकार प्रकार के, रंग रूप वाले वानरों को लेकर आए।
ये वो वानर थे जिन्हे लंका के युद्ध में मनमाना उत्पात करने को नहीं मिला था, अतः इस बार श्रीहनुमानजी ने इन्हें छूट दे दी और स्वयं हनुमानजी गोस्वामीजी के पास बैठकर सत्संग करने लगे।
वानरों ने पुरे नगर में विध्वंस प्रारंभ कर दिया। बादशाह के लोगों को नोचने लगे। बादशाह की बेगम तक के वस्त्रों को भी फाड दिया। बादशाह की तो पीटकर हालत बहुत बुरी कर दी। वानरों ने उसे उठा उठाकर पटक दिया –
बेगम को पट फारेऊ मगन भईं सब बाम ।
हाहाकार मच्यो महल पटक्यो नृपहिं धडाम ॥
- मूल गोसाई चरित
वानरों ने बादशाह के किले को भी तोडफोड दिया। बहुत से राजकर्मचारी वानरों के पत्थरों से घायल हो गए। मार से सब लोट पोट हो गए। किसी को यह नही सूझता था कि अब किसकी ओट लें। कैसे प्राण बचायें। लोगों को लगा की प्रलयकाल ही आ गया है। हम लोग नही बचेंगे।
तब जाकर बादशाह अकबर की आँख खुली, तब वह बोल पडा – ‘अब तो तुलसीदासजी ही बचा सकते हैं । मैं अपना सारा धन उनपर न्यौछावर कर दूँगा।’
श्री गौरी शंकर की जय 🙏 🚩
सियावर रामचन्द्र की जय 🙏 🚩
पवनसुत हनुमान की जय 🙏🚩
रामप्रेममूर्ति तुलसीदासजी की जय 🙏🌷
क्रमशः (भाग – ४५)
