श्वेता पुरोहित : –
(रामप्रेममूर्ति श्रीमद् गोस्वामी तुलसीदासजी की मुंख्यतः श्रीमद बेनीमाधवदासजीविरचीत मूल गोसाईचरित पर आधारीत अमृतमयी लीलाएँ)
गतांक से आगे –
उपल, केवट, कीस, भालु, निसिचर, सबरि, गीध सम-दम-दया-दान-हीने ।
नाम लिये राम किये पवन पावन सकल, नर तरत तिनके गुनगान कीने ॥
ब्रजधाम के तीर्थों का दर्शन करते हुए गोस्वामीजी गोकुल पहुँचे। वहाँ के तीर्थों का दर्शन कर उन्होंने गोपों की बस्ती में ही विश्राम किया। भगीरथ नामक ग्वाल की सेवा से संतुष्ट होकर उन्होंने श्रीगोकुलनाथजी के दर्शन किए। फिर श्रीविठ्ठलनाथजी से मिले।
खैराबाद के प्रसिद्ध हलवाई प्रवीण से मिलकर मिसरिख पहुँचे। साथ में श्रीवनखण्डीजी और दो चार शिष्य भी थे। फिर कुछ दूर नाव से यात्रा की। मार्ग में रामपुर नामक नगर मिला।
अपने इष्ट से संबंधित नाम सुनकर तुलसीदासजी वहाँ उतरे परंतु राजा के उद्दण्ड कर्मचारियों से कुछ विवाद हो जाने पर अपना सामान भी वहीं छोड़कर चल दिए।
किसी ने राजा मानसिंह को गोस्वामीजी के आने की सूचना दी तो वे भक्त राजा नंगे पाँव दौड़कर आए और गोस्वामीजी के चरणों मे गिर पड़े तथा बहुत अनुनय विनय करके पुनः लौटा लाए।
श्रीगोस्वामीजी ने वहाँ श्रीहनुमानजी की स्थापना कराई और उनके पास वृंदावन के वंशीवट की जटा की एक छड़ी थी, उसे वहाँ रोपण करके उसका वंशीवट नाम रखा तथा वहाँ पर अगहन सुदी पंचमी को श्रीराम विवाहोत्सव मनाने की आज्ञा दी। कालान्तर में यह सूखी छडी हरी भरी होकर विशाल वृक्ष के रुप में परिणत हो गई और उसके नीचे प्रतिवर्ष महारास होता है ।
वर्णन आया है की एकबार यवन बादशाह के त्रास से वहाँ के लोग गाँव छोडकर भाग गये । परंतु जब पंचमी का समय आया तो सब लोग मिलकर अर्धरात्रि को उस पुनीत स्थल का दर्शन करने आये तो वहाँ उन लोगों को दिव्य रासलीला के दर्शन हुए ।
वहाँ से आगे गोस्वामीजी चित्रकूट आये । वहाँ पर एक दिन सत्यकाम नामक ब्राह्मण ने मन में किंचित निर्वेद जगने पर घर छोड़कर विरक्त दीक्षा लेने के लिए गोस्वामीजी के पास आकर अनुनय विनय की। परंतु सर्वज्ञ श्रीगोस्वामीजी ने उसके हृदय को काम विकार से दूषित देखकर दीक्षा देने से इन्कार कर दिया।
तब वह ब्राह्मण हठ करके कुटी के द्वारपर बैठ गया कि मैं बिना दीक्षा लिए जाउँगा ही नहीं। उसी दिन रात्रि के समय रानी कदम्बलता गोस्वामीजी के दर्शन करने आई। सत्यकाम का कामुक हृदय मचल पड़ा – रानी की सुंदरता देखने को। फिर तो उसने दीपक की बाती थोडी उकसा दी और उसके उजाले में रानीको देखा तो देखता ही रह गया।
जब रानी दर्शन करके चली गई तब गोस्वामीजी ने उस ब्राह्मण को समझाया कि अभी तुम्हारा हृदय विषय वासना से कलुषित है, उसमें दीक्षा ग्रहण करने की पात्रता नही है, अतः तुम घर लौट जाओ। ब्राह्मण अत्यंत लज्जित होकर तुलसीदासजी के चरणों मे गिर पडा और बोला ‘ नाथ ! यह मेरे वश की बात नही है की मै अपने साधना संयम से हृदय को शुद्ध कर सकूँ, यह तो आप महापुरुषों की कृपा से ही संभव है ।’
गोस्वामीजी को ब्राह्मण की इस दीनता पर दया आ गई और कृपा करके क्षणमात्र में उसके समस्त विकारों को दूरकर उसे परम साधु बना दिया ।
श्री गौरी शंकर की जय 🙏 🚩
सियावर रामचन्द्र की जय 🙏 🚩
श्री मदनगोपालजी की जय 🙏 🚩
पवनसुत हनुमान की जय 🙏🚩
रामप्रेममूर्ति तुलसीदासजी की जय 🙏🌷
