“राज–विद्या” ये परम गोपनीय
अपने सम्मान की इच्छा करना , मोक्ष-मार्ग में बाधा है ;
लोकेषणा कहते हैं इसी को , सबसे बड़ी ये बाधा है ।
फिर आती है दूसरी बाधा , धन-दौलत की कामना ;
वित्तेषणा कहते हैं इसको , खुद को खूंटे से बांधना ।
तीसरी अंतिम बाधा है , पुत्रेषणा कहलाती है ;
योग्य-शिष्य पर अयोग्य-पुत्र को , ये वरीयता दिलवाती है ।
हर मुमुक्ष को बचना होगा , इन तीनों ऐषणाओं से ;
आत्म-ज्योति इनसे बुझ जाती , बचना इन बाधाओं से ।
सच्चे-ज्ञानी के यही हैं लक्षण , जिसका काम बन चुका पूरा ;
लाखों में कोई एक है ऐसा , मोक्षत्व हो चुका है पूरा ।
ब्रह्मनिष्ठ-श्रोतीय गुरु जब , ईश-कृपा से मिलता है ;
तब श्रद्धावान-पुरुषार्थी चेला , तीनों-ऐषणाओं से बचता है ।
अधिकारी होता है वही मोक्ष का , कोई बंधन न रहता ;
आनन्द है मिलता जीवन्मुक्ति का , परमानंद सदा रहता ।
परमलक्ष्य ये ही मानव का , कुछ भी नहीं असम्भव है ;
बस गुरु-कृपा जिसको मिलती है ,उसके लिये ही सम्भव है ।
गुरु-कृपा यदि हमको पानी , ईश-कृपा पानी होगी ;
पाप-पुण्य से बचना होगा , कई-जन्मों की कहानी होगी ।
निस्पृह भाव से सुकृत्य को करना , तीनों-ऐषणाओं से बचना ;
कई-जन्मों के सुकृत्य इकट्ठे , फिर उनका फलीभूत होना ।
दो प्रकार से फलीभूत हो , ये विलीन हो जायेंगे ;
मन में शुभ-इच्छा जागृत होगी , ईश्वर ! गुरु मिलायेंगे ।
इसी को ईश-कृपा कहते हैं , ईश्वर ! गुरु से मिलवाता ;
श्रवण,मनन,निदिध्यासन करके,शिष्य प्रचण्ड पुरुषार्थ जगाता
गुरु की कृपा बरसती उस पर , चेला निहाल हो जाता है ;
ज्ञानचक्षु उसके खुल जाते , ज्ञानसमाधि को पाता है ।
ज्ञानसमाधि जिस क्षण लगती है,फिर कभी नहीं खंडित होती ;
जाग्रत – स्वप्न – सुषुप्ति की रेखा , तीनों-काल नहीं रहती ।
“मैं” सबमें है सब “मैं” में है ,स्पष्ट रूप से भासा करता ;
“मैं” ही “मैं” है,केवल “मैं” है , सर्वाधिष्ठान ये केवल रहता ।
और नहीं कोई भी सत्ता , सब-कुछ “मैं” की माया है ;
जीव – जगत – जगदीश नहीं है , केवल “मैं” की छाया है ।
शास्त्र की आज्ञा जितनी मुझको , उतना मैं बतलाता हूॅं ;
इस पर तनिक न शंका करना ,वरना सब-कुछ मिट जाता है ।
लोक और परलोक फिसलते , कहीं-नहीं सुख मिलता है ;
“राज-विद्या” ये परम गोपनीय , सब पर प्रकट नहीं होता है ।
“तस्मै श्री गुरुवे नमः” रचनाकार : ब्रजेश सिंह सेंगर “विधिज्ञ”
