इंडिया स्पीक डेली संपादकीय। संसद के गलियारे जब जन-आकांक्षाओं और लोक-कल्याण के गवाह बनने चाहिए थे, तब वे एक बेतुके और संवेदनहीन राजनीतिक स्वांग के साक्षी बने। जब पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना त्यागपत्र देने के बाद संसद परिसर में दाखिल हुए, तो सत्तारूढ़ दल के सांसदों ने उनका स्वागत ऐसे किया मानो वे कोई ऐतिहासिक विजय प्राप्त करके लौटे हों। प्रश्नपत्र लीक की अंतहीन त्रासदियों, करोड़ों युवाओं के आंसुओं और देश भर की सड़कों पर उमड़ते आक्रोश के बीच यह स्वागत दरअसल सत्ता के अहंकार और नैतिक शून्यता का नग्न प्रदर्शन था।
इसी विद्रूपता पर प्रहार करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने संसद में वह मार्के की बात कही, जिसने इस समूचे घटनाक्रम के मर्म को उधेड़ कर रख दिया। अखिलेश यादव का यह कथन केवल राजनीतिक तंज नहीं था, बल्कि भारतीय राजनीति के सबसे बड़े राजनीतिक ‘बलि का बकरा’ (Political Sacrificial Lamb) की रणनीति का पर्दाफाश था—“धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर भाजपा ने दरअसल प्रधानमंत्री को बचा लिया!”
यह संपादकीय इसी दावे की पड़ताल करता है कि कैसे एक स्वतःस्फूर्त छात्र आंदोलन, राज्य के अभूतपूर्व दमन और सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बीच धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा महज एक मंत्री का पदत्याग नहीं था, बल्कि मोदी सरकार को ढहने से बचाने के लिए फेंका गया एक रक्षा-कवच था।
Fact-Check & Timeline
यदि इस समूचे घटनाक्रम को कड़ियों में जोड़कर देखा जाए, तो तथ्य खुद ब खुद एक गंभीर कहानी बयां करते हैं।
*गैर-राजनीतिक व स्वतःस्फूर्त आंदोलन: मोदी शासन के पिछले एक दशक में यह पहला ऐसा विशाल जन-आंदोलन था, जहाँ भाजपा-संघ की स्थापित शब्दावली—’हिंदू-मुस्लिम कोण’, ‘सोरस टूलकिट’, ‘विदेशी फंडिंग’ या ‘आंदोलनजीवी’—पूरी तरह बेअसर साबित हुई।
*छात्रों पर Ak-47 और पैलेटगन का प्रयोग: आंदोलन को कुचलने के लिए बिहार में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस द्वारा AK-47 जैसे स्वचालित हथियारों का प्रदर्शन और दमन हुआ, जबकि दिल्ली में शांतिपूर्ण छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। सीवान जिले में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कांस्टेबल (अभिषेक पटेल) द्वारा AK-47 से फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद भारी हंगामा हुआ। विपक्ष और भारी जनाक्रोश के बाद सीवान एसपी ने उक्त सिपाही को निलंबित किया। जबकि भाजपा सांसद व प्रवक्ता संबित पात्रा संसद परिसर में झूठ बोलते रहे कि AK-47 का प्रयोग नहीं हुआ है।
कांस्टेबल अभिषेक पटेल का फायरिंग वीडियो और फिर उसके बाद उसके निलंबन का तथ्य सरकार के इस दावे को पूरी तरह खारिज करता है कि आंदोलनकारियों पर हिंसक बल-प्रयोग नहीं हुआ था।
वहीं दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर सात राउंड पैलेट गन का प्रयोग किया गया, जिससे सरकार आखिर तक इनकार करती रही। शुरू में PIB (प्रेस सूचना ब्यूरो) और केंद्र सरकार ने दिल्ली में पैलेट गन चलाए जाने की खबरों को ‘फेक’ बताया, वहीं सफदरजंग अस्पताल की मेडिकल-लीगल (MLC) रिपोर्ट में जंतर-मंतर/संसद मार्च के दौरान घायल 19 वर्षीय छात्र (साहिल) की आँख में और आउटलुक के एक पत्रकार के शरीर में पैलेट के छर्रे मिलने की पुष्टि हुई। राहुल गांधी ने भी मीडिया के सामने पैलेट गन से घायल एक प्रदर्शनकारी को पेश कर सरकार के झूठ की पोल खोलकर लख दी।

*विपक्ष का सीधा प्रहार: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर तीखा सवाल पूछा कि “देश के युवाओं और भविष्य के डॉक्टरों-इंजीनियरों पर AK-47 और पैलेट गन चलाने का आदेश किसके कहने पर दिया गया था?”
*सर्वोच्च न्यायालय की तल्ख टिप्पणी: सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट रूप से कहा कि छात्रों का आंदोलन पूरी तरह से शांतिपूर्ण था और वे अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग कर रहे थे। अदालत ने जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए।
*सरकार का प्रशासनिक समर्पण (27 जुलाई 2026): बिहार सरकार के गृह विभाग द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति (विशेष सचिव क्षत्रनील सिंह द्वारा हस्ताक्षरित) के अनुसार, आंदोलन से जुड़े सभी केस/FIR तत्काल प्रभाव से वापस ले लिए गए, बंद छात्रों को रिहा कर दिया गया और भविष्य में कोई प्रतिकूल कार्रवाई न करने का हलफनामा दिया गया।

*प्रधानमंत्री का सीधा संवाद: जन-आक्रोश को बेकाबू होता देख प्रधानमंत्री को स्वयं रील्स और वीडियो संदेशों के जरिए छात्रों से सीधे संवाद साधने पर मजबूर होना पड़ा।
भाजपा IT cell की नाकामी और घबराहट
पिछले आंदोलनों में सत्ता पक्ष नैरेटिव की लड़ाई आसानी से जीत लेता था क्योंकि विरोधी पक्ष को किसी न किसी खांचे में फिट करना आसान होता था। लेकिन जब परीक्षा प्रणाली की संस्थागत सड़न और पेपर लीक के खिलाफ भारत का आम मध्यमवर्गीय छात्र सड़क पर उतरा, तो सत्ता का आईटी सेल और उसका नैरेटिव–मेकिंग ढांचा ध्वस्त हो गया। जब धर्म या विदेशी साजिश का कार्ड नहीं चला, तो सरकार के पास सिर्फ दमन का रास्ता बचा।
पहले जाती गृहमंत्री की कुर्सी! तो क्या इसलिए अभी तक चुप हैं अमित शाह?
बिहार में AK-47 और दिल्ली में पैलेट गन का इस्तेमाल कोई सामान्य कानून-व्यवस्था का मामला नहीं था। अगर यह आंदोलन दो दिन और खींच जाता और धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा न हुआ होता, तो यह मामला अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार मंचों पर तूल पकड़ लेता।
संसदीय लोकतंत्र की जवाबदेही का नियम कहता है कि पुलिस और सुरक्षा बलों के ऐसे अति-उत्साही दमन की सीधी जवाबदेही केंद्रीय गृह मंत्रालय की होती है। गृह मंत्री का इस्तीफा सीधे मोदी कैबिनेट के ‘नंबर-2’ का पतन होता, जो राजनीतिक रूप से सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) को असुरक्षित कर देता।

दिल्ली पुलिस सीधे गृह मंत्रालय (MHA) के अधीन आती है और किसी भी राज्य (जैसे बिहार) में केंद्रीय बलों या राज्य पुलिस के साथ समन्वय में बड़े पैमाने पर दमन या हथियारबंद कार्रवाई (AK-47 या पैलेट गन का प्रदर्शन/प्रयोग) का प्रशासनिक उत्तरदायित्व गृह मंत्रालय का ही होता है। दिल्ली की सड़कों पर पैलेट गन के इस्तेमाल की खबरों पर गृहमंत्री का सीधे तौर पर पुलिसिया कार्रवाई का बचाव करना या चुप्पी साधे रखना यह सवाल खड़ा करता है कि क्या यह बल-प्रयोग बिना शीर्ष प्रशासनिक निर्देश के संभव था?
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के तुरंत बाद अमित शाह को ही हिंसा का मुख्य जिम्मेदार ठहराया था और आरोप लगाया था कि छात्रों पर पैलेट गन चलाने की अनुमति गृह मंत्रालय के स्तर से ही दी गई होगी। इसलिए, अगर यह मामला संसद और जनता के बीच और बड़ा बनता, तो शिक्षा मंत्री के बाद अगला राजनीतिक निशाना सीधे गृह मंत्री ही होते।
आंदोलन के दौरान जब देश के दो प्रमुख हिस्सों (दिल्ली और बिहार) में छात्रों पर बर्बरता की तस्वीरें आईं, तब गृह मंत्रालय का प्राथमिक रुख स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सख्त पुलिसिया बल प्रयोग पर केंद्रित दिखा। बाद में जब मामला कोर्ट और मानवाधिकार के स्तर पर बेकाबू होने लगा, तब धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को आगे करके गृह मंत्री अमित शाह को राजनीतिक आंच से बचा लिया गया।
कानूनी मोर्चे पर हार और ‘सर्किट ब्रेकर’ राजनीति
सुप्रीम कोर्ट के सख्त रुख और नागरिक अधिकार समूहों (CJP) द्वारा बड़े आंदोलन की चेतावनी ने सरकार को बैकफुट पर धकेल दिया। बिहार सरकार द्वारा रातों-रात सभी दर्ज FIR रद्द करने का आदेश (27 जुलाई 2026) इस बात का सीधा सबूत है कि सरकार कानूनी और नैतिक रूप से पूरी तरह परास्त हो चुकी थी।
ऐसे माहौल में धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा कोई ‘नैतिक जिम्मेदारी’ का उदाहरण नहीं था। यह शुद्ध रूप से एक राजनीतिक ‘सर्किट ब्रेकर’ (Circuit Breaker) था। जब जनाक्रोश रूपी हाई-वोल्टेज करंट पूरे पावर हाउस (सरकार) को फूंकने वाला था, तब भाजपा रणनीतिज्ञों ने एक ‘फ्यूज’ (प्रधान) को उखाड़कर मुख्य बोर्ड (मोदी सरकार) को बचा लिया।
12 साल के इतिहास में पहला मौका जब विरोध के कारण हुआ केंद्रीय मंत्री का इस्तीफा
नरेंद्र मोदी के 12 से अधिक वर्षों के शासनकाल में यह पहली बार हुआ है कि सड़क पर उतरे जनांदोलन के सीधे सार्वजनिक दबाव में किसी केंद्रीय कैबिनेट मंत्री (धर्मेंद्र प्रधान) को इस्तीफा देना पड़ा हो। इससे पहले किसी भी बड़े आंदोलन (जैसे किसान आंदोलन या पहलवानों का प्रदर्शन) के दौरान सरकार ने अपने मंत्रियों से त्यागपत्र नहीं दिलवाया था। यह तथ्य यह साबित करता है कि सरकार के भीतर कितना अभूतपूर्व डर था।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के तुरंत बाद एक और संघी प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह दिखाता है कि संकट इतना अचानक गहराया था कि सरकार के पास तुरंत नया पूर्णकालिक शिक्षा मंत्री बनाने का समय तक नहीं था और आनन-फानन में अस्थायी व्यवस्था करनी पड़ी।

उपसंहार
अखिलेश यादव का यह आकलन पूरी तरह यथार्थवादी है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा दरअसल प्रधानमंत्री मोदी के लिए एक ‘राजनीतिक ढाल’ बनकर आया। यदि धर्मेंद्र प्रधान अपने पद पर बने रहते, तो सड़कों पर बढ़ रहा छात्रों का गुस्सा, सुप्रीम कोर्ट की लताड़ और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मानवाधिकार उल्लंघन का मुद्दा सीधे प्रधानमंत्री की कुर्सी की चूलें हिला देता।
मोदी सरकार को यह भली-भांति समझ आ गया था कि इस बार मुकाबला किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि देश के उस युवा से है जिसके पास खोने के लिए कुछ नहीं बचा था। धर्मेंद्र प्रधान की बलि देकर भले ही सरकार ने खुद को गिरने से बचा लिया हो और रील्स बनाकर संवाद का स्वांग रच लिया हो, लेकिन इस आंदोलन ने यह साबित कर दिया कि जब देश का छात्र बिना किसी पूर्वाग्रह के सड़क पर उतरता है, तो बड़े से बड़े दमनकारी तंत्र और दिल्ली के सिंहासन की नींव हिल जाती है।
