श्वेता पुरोहित। जहाँ धन बजता है, वहाँ भक्ति मौन है
श्रीमद्भागवतमहापुराण माहात्म्य: अध्याय १
॥ श्रीमद्भागवत महापुराण माहात्म्य – अध्याय १ सारांश ॥
देवर्षि नारदजी द्वारा श्रीहरि की भक्ति की खोज और उसका करुणाजनक चित्र
संसार को जन्म देने वाले, कष्टों का नाश करने वाले, सच्चिदानंदस्वरूप श्रीकृष्ण को नमन करते हुए यह अध्याय प्रारंभ होता है। यह कथा उस समय की है जब नैमिषारण्य में अठ्ठासी हजार ऋषि-मुनियों ने एक दीर्घ यज्ञ आरंभ किया था। उन्होंने सूतजी से प्रश्न किया कि इस कलियुग के अंतःकरण को शुद्ध करने और जीवों के उद्धार के लिए सर्वोत्तम साधन कौन-सा है?
सूतजी ने उत्तर दिया कि सभी पुराणों में श्रेष्ठ “श्रीमद्भागवत” है। यह भागवत श्रीव्यासदेव ने रचा और उसे अपने पुत्र श्रीशुकदेवजी को सुनाया, जिन्होंने बदले में राजा परीक्षित को वह कथा सुनाई। सूतजी ने यह भी बताया कि जब शुकदेवजी भागवत कथा सुना रहे थे, उस समय देवता अमृत लेकर आए और उन्होंने वह कथामृत माँगा, परंतु शुकदेवजी ने मना कर दिया। उन्होंने कहा – “यह कथा केवल श्रद्धावान, भक्ति-युक्त जीवों के लिए है, देवताओं के लिए नहीं।”
यह सुनकर शौनकादि मुनियों ने पूछा कि जब नारदजी जैसे महात्मा सनकादिक ऋषियों के पास पहुँचे, तो वहाँ क्या हुआ और उन्होंने क्यों वहाँ जाने का निश्चय किया?
सूतजी ने उत्तर दिया कि एक बार नारदजी पृथ्वी पर भ्रमण कर रहे थे। उन्होंने देखा कि कलियुग का प्रभाव हर ओर फैल चुका है। धर्म, योग, तप, साधना सब लुप्त हो चुके हैं। पाखंड, लोभ, दंभ, ईर्ष्या और धर्म का नाम मात्र रह गया है। सत्संग दुर्लभ हो गया है और शुद्ध भक्ति लुप्तप्राय हो गई है।
भ्रमण करते हुए नारदजी वृंदावन पहुँचे, जहाँ उन्होंने एक अत्यंत सुंदर युवती को विलाप करते हुए देखा। वह भूमि पर बैठी थीं, उनकी आंखों में आँसू थे। उनके पास दो वृद्धजन पड़े हुए थे, जो लगभग चेतनहीन थे। नारदजी ने जब उनका परिचय पूछा, तो युवती ने कहा – “मैं ‘भक्ति’ हूँ। ये मेरे दो पुत्र हैं – ‘ज्ञान’ और ‘वैराग्य’। ये वृद्ध हो चुके हैं, चलने-फिरने में असमर्थ हैं।”
भक्ति ने आगे बताया कि वह पहले द्रविड़देश (दक्षिण भारत) में जन्मी थी, फिर महाराष्ट्र में फली-फूली। गुजरात पहुँचते-पहुँचते पाखंडियों के प्रभाव से दुर्बल हो गई। अब किसी तरह वृंदावन में मुझे पुनः कुछ प्राण मिले हैं, लेकिन मेरे पुत्रों की अवस्था अत्यंत दयनीय है।
नारदजी ने इसका कारण जानना चाहा। उन्होंने पूछा – “तुम तो फिर भी युवा दिख रही हो, परंतु तुम्हारे पुत्र वृद्ध क्यों हो गए हैं?” तब भक्ति ने बताया कि संसार में अब ज्ञान और वैराग्य का सम्मान नहीं रहा। लोग केवल भोग, मोह, धन और छल की ओर झुक गए हैं। धर्म के नाम पर पाखंड फैल गया है।
नारदजी अत्यंत व्यथित हुए। उन्होंने यह देखा कि कलियुग में सत्संग, सच्चा धर्म और निश्छल भक्ति दुर्लभ हो चुकी है। उन्होंने कहा कि यह युग ऐसा है जिसमें भगवान श्रीहरि स्वयं मौन हैं, क्योंकि यह उनकी लीला है। भगवान भले समीप हों, परंतु अज्ञानियों के लिए वह अदृश्य हैं।
भक्ति ने नारदजी से कहा – “हे महात्मन्! मैंने देखा है कि कलियुग में कथा-प्रवचन केवल धन कमाने का साधन बन गया है। यज्ञ, तप, व्रत दिखावा बन गए हैं। श्रद्धा का लोप हो गया है, धर्म का अर्थ बदल गया है, और मेरी आत्मा पीड़ा से भर उठी है। अब मैं और सहन नहीं कर सकती।”
अंत में, नारदजी ने भक्ति को सांत्वना दी और कहा कि वह उचित मार्ग खोजेंगे जिससे भक्ति के साथ-साथ ज्ञान और वैराग्य का पुनरुत्थान हो सके। इस विचार के साथ नारदजी, सनकादि ऋषियों के पास पहुँचे, ताकि समाधान मिल सके।
यह अध्याय कलियुग की वास्तविकताओं का जीवंत चित्रण है, जहाँ धर्म और भक्ति की स्थिति पर गहन चिन्तन किया गया है। साथ ही यह भी बताया गया है कि समाधान की राह भले कठिन हो, परंतु श्रद्धा, साधु-संग और श्रीमद्भागवत के श्रवण से अब भी मुक्ति संभव है।
आधुनिक कथावाचकों की सच्चाई
इस अध्याय की पृष्ठभूमि में हमें यह भी समझना चाहिए कि सच्ची कथा वही है जो आत्मा को शुद्ध करे, न कि जो मंच, पैसा और प्रचार का माध्यम बन जाए।
जैसे कि आज के कुछ कथावाचक—जैसे मुरारी बापू—ने श्रीमद्भागवत जैसी अमृतरूप कथा को एक शो, एक फैशन और एक ब्रांड बना दिया है। वे विदेशी सभाओं, राजनीतिक महफिलों और संपन्नों के बीच कथा करके भक्तिमार्ग को एक प्रदर्शन मात्र बना देते हैं। कथा अब भक्ति नहीं, “PR एजेंडा” बन चुकी है।
श्रीमद्भागवत का उद्देश्य आत्मा का शुद्धिकरण है, न कि भीड़ जुटाना, पैसा कमाना या राजनेताओं से मेल बढ़ाना।
भागवत की सच्ची महिमा
इस अध्याय में यह बार-बार स्पष्ट किया गया है कि:
भागवत कथा के लिए पात्रता आवश्यक है।
यह कथा केवल व्यापारिक मंचों पर नहीं, साधकों के अंतर में फलित होती है।
शुकदेवजी जैसे विरक्त, और नारदजी जैसे ज्ञानवान भक्त
ही इसके योग्य कथावाचक हैं—न कि वे जो माइक, मंच और मीडिया से धर्म बेचते हैं।
॥ हरि ॐ॥
