संदीप देव। वाल्मीकि रामायण के समाजशास्त्र का समापन हुआ। आप सभी का धन्यवाद 🙏
प्रभु श्रीराम की कृपा से कल वाल्मीकि रामायण के वाचन का समापन हो गया। 28 जुलाई 2020 में करोना काल में यह प्रारंभ हुआ था और कल 26 अगस्त 2025 को यह समाप्त हुआ। पांच साल और करीब एक महीना लगा और कुल 124 एपिसोड में यह समाप्त हुआ।
इतना लंबा समय लगने का कारण यह रहा कि एक तो वाल्मीकि रामायण की सभी बारीकियों को इसमें कवर किया गया। यह असल में वाल्मीकि रामायण का समाजशास्त्र था, जिसमें तत्कालीन समाज व्यवस्था, धर्म, राजनीति, मनोविज्ञान, इतिहास, भूगोल को समझाने के साथ आज के समाज से उसका तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया गया।
दूसरा कारण एक पत्रकार और गृहस्थ जीवन की व्यस्तता रही। इसके कारण भी इसमें विलंब हुआ।
रामायण की इस यात्रा में सम्मिलित सभी श्रोताओं, साथियों और प्रायोजकों का बहुत धन्यवाद, जिन्होंने धैर्य के साथ इस पूरी यात्रा में सहभागिता की।
JWSD अर्थात् Journey With Sandeep Deo इस Youtube Channel का नाम ही मेरे साथ-साथ सहयात्री के रूप में सभी श्रोताओं को ही प्रकट करता है।
इस चैनल पर इससे पूर्व आदि शंकराचार्य पर 63 एपिसोड, 49 एपिसोड की विष्णु सहस्रनाम की श्रृंखला, 16 एपिसोड का कालिका उपपुराण, 9 एपिसोड का मार्केंडेय पुराण, 26 एपिसोड का रामजन्म भूमि की संघर्ष गाथा, 8 एपिसोड का नारद भक्ति सूत्र, 10 एपिसोड का शिव सूत्र, 15 एपिसोड का श्रीकृष्ण दर्शन आदि पर भी श्रृंखला संपन्न हो चुकी है। गीताजी पर अभी तक 16 एपिसोड हुआ है, आगे इस श्रृंखला को पूरा करने का लक्ष्य है। इस नवरात्रि में इस पर देवी भागवतम् पुराण को भी पूरा करने की इच्छा है।
धीरे-धीरे यह सभी श्रृंखला पुस्तकों के रूप में भी आएगी। इस श्रृंखला में पहली पुस्तक ‘रामायण का समाजशास्त्र’ ही प्रकाशित होगी, जिस पर टीम ने कार्य आरंभ कर दिया है। वर्तमान समय में रामचरितमानस की कथा तो सारे कथावाचक कर रहे हैं, लेकिन वाल्मीकि रामायण कम ही लोग करते हैं। और वाल्मीकि रामायण के समाजशास्त्र पर तो यह पहली ही पुस्तक होगी शायद!
समाजशास्त्र का विद्यार्थी होने और श्री हरि विष्णु का भक्त होने के नाते मैं इन सभी की केवल कथा नहीं, बल्कि उसका समाजशास्त्र और मनोविज्ञान को प्रमुखता से रखने का प्रयास करता हूं ताकि वह आज के सनातनियों के जीवन में प्रासांगिक हो सके, उसे वर्तमान परिदृश्य में यह सरलता से समझ आ सके।
श्रीहरि विष्णु ने मेरे जीवन में इतने चमत्कार किए हैं कि यह सब पूरा होना असाधारण लगता है। बहुत सारे अनुभव लोगों से बांटे भी नहीं जा सकते। #विष्णु_सहस्रनाम ने मेरा पूरा जीवन ही बदल दिया है। यह सब उन भगवान श्रीकृष्ण की ही कृपा है। उनका ही दिया मंत्र है, जो सभी कुछ अपने आप हो जाता है। प्रतिदिन की पूजा-अर्चना, पाठ और ध्यान-साधना के बाद कुछ भी असंभव नहीं लगता। भगवान वासुदेव ने धर्म का मार्ग प्रशस्त कर इस जीवन को भयमुक्त और निश्चिंत कर दिया है। वंदे विष्णुं 🙏
