इंडिया स्पीक डेली संपादकीय। ‘मोदी है तो मुमकिन है’ के मौजूदा दौर ने भारतीय शासन-व्यवस्था और सनातन आस्था के तमाम पारंपरिक प्रतिमानों को पूरी तरह उलटकर रख दिया है। जो गेरुआ वस्त्र कभी राजपाट के परित्याग, अकिंचनता, वैराग्य और संन्यास की साधना के प्रतीक माने जाते थे, वे (योगी आदित्यनाथ) आज देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश के सत्ता-सचिवालय में बैठकर पुलिस-प्रशासन, दंड-नीति और बुलडोजर चला रहे हैं। दूसरी ओर, जिन मजबूत कंधों पर सैन्य अनुशासन, फाइटर जेट्स की गर्जना और देश की सरहदों की हिफाजत का दायित्व था, उन्हें अब अयोध्या में धूप-दीप, आरती के प्रबंध और दानपात्रों की रखवाली के लिए मंदिर ट्रस्ट का पहला ‘मुख्य कार्यकारी अधिकारी’ (CEO) बनाकर तैनात किया जा रहा है। राम मंदिर का पहला CEO पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को बनाया गया है।
अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में हुआ यह प्रशासनिक पुनर्गठन केवल व्यवस्थागत फेरबदल नहीं है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर बिछाई गई विशुद्ध राजनीतिक, जातीय और संस्थागत किलेबंदी का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
इस पूरी रिपोर्ट को ISD Radio 📻पर सुनने के लिए लिंक पर क्लिक करें।
ISD Radio: साधु चला रहे सरकार, अब फौजी संभालेंगे राम मंदिर!
ऑपरेशन सिंदूर की आभा और चुनावी राष्ट्रवाद
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भाटपाररानी क्षेत्र स्थित भोपतपुरा गांव के मूल निवासी पूर्व एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा का सैन्य करियर असाधारण रहा है। छह दिसंबर 1986 को भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट के रूप में कमीशन प्राप्त करने वाले मिश्रा ने अपने 38 वर्षों के सेवाकाल में 18 से अधिक प्रकार के लड़ाकू विमानों पर 3,000 घंटे से ज्यादा का उड़ान अनुभव हासिल किया। उन्होंने कारगिल युद्ध में मिराज का सफल संचालन किया, अमेरिका और ब्रिटेन के प्रतिष्ठित रक्षा संस्थानों से प्रशिक्षण लिया और एकीकृत रक्षा स्टाफ में उप प्रमुख की जिम्मेदारी भी संभाली।

रणनीतिक रूप से सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि वे ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान वेस्टर्न एयर कमांड के प्रमुख थे। किंतु सवाल यह उठता है कि एक युद्धक विमान उड़ाने वाले सैन्य कमांडर की अपरिहार्यता मंदिर के गर्भगृह और चढ़ावे के प्रबंधन के लिए क्यों आ पड़ी?
दरअसल, यह सरकार हर वक्त अनवरत चुनावी मोड में रहती है। जब भी उत्तर प्रदेश का चुनाव नजदीक आता है, सत्ता को राष्ट्रवाद और धार्मिक भावनाओं के नए कॉकटेल की दरकार होती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रिय नौकरशाह और 1990 में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के प्रधान सचिव के रूप में हिंदू कारसेवकों पर गोली चलवाने वाले नृपेंद्र मिश्र की निगरानी वाली सर्च कमेटी द्वारा 5,585 आवेदनों की छंटनी और 600 अंकों के मूल्यांकन फॉर्मूले के जरिए जब एक फाइटर पायलट को मंदिर का पहला सीईओ बनाया जाता है, तो यह सीधा संदेश है कि सरहद के सैन्य पराक्रम को अब मंदिर की चौखट से नत्थी कर चुनावी मतपत्र में बदला जाएगा। इस पद की दौड़ में यूपी के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट रिटायर्ड आईपीएस राजेश पांडेय भी शामिल थे, लेकिन अगले वर्ष होने वाले उप्र की चुनावी रणनीति में सैन्य पराक्रम वाले नाम का उपयोग ज्यादा मुफीद लगा।
सरहद पर चीन के स्टील्थ जेट्स की चुनौती, और अयोध्या में फाइटर पायलट का पहरा
सत्ता की प्राथमिकताओं का पतन देखिए—हालिया सैटेलाइट तस्वीरों ने खुलासा किया है कि चीन ने भारत की उत्तरी सीमाओं पर, लद्दाख के सामने होतान से लेकर अरुणाचल के तवांग से महज कुछ सौ किलोमीटर दूर दमशुंग एयरबेस तक, अपने पाँचवीं पीढ़ी के दर्जनों ‘J-20 स्टील्थ फाइटर जेट्स’ की भारी तैनाती कर दी है। रक्षा विशेषज्ञ चीख-चीख कर कह रहे हैं कि इस चीनी खतरे का मुकम्मल जवाब देने में भारत को अभी बरसों लगेंगे। जिस दौर में देश की सरहदों को बचाने के लिए 38 वर्षों का अनुभव रखने वाले रणनीतिकारों और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ व कारगिल के सिपहसालारों की मेधा की सख्त जरूरत रक्षा नीति में थी, उस दौर में सत्ता ने एक पूर्व एयर मार्शल को अयोध्या के दानपात्रों की रखवाली और मंदिर की ‘सीईओगीरी’ में उलझा दिया है। वास्तविक सरहद पर चीन की आक्रामकता के सामने मौन साधे बैठी सरकार घरेलू मोर्चे पर मंदिर का ‘सैन्यीकरण’ करके यह छद्म राष्ट्रवाद बेच रही है कि “रामलला की देहरी पर फौजी तैनात है!” यह सामरिक विफलता से ध्यान भटकाने और आस्था की आड़ में राष्ट्रवाद का थोथा प्रदर्शन करने का सबसे शर्मनाक राजनीतिक प्रयोग है।

ब्राह्मण असंतोष की काट और पूर्वांचल का गणित
उत्तर प्रदेश की राजनीति में लंबे समय से सुलग रही ‘ब्राह्मण उपेक्षा’ और असंतोष की आंच किसी से छिपी नहीं है। सत्ता के गलियारों में ‘ठाकुर बनाम ब्राह्मण’ के मूक संघर्ष की चर्चाएं लगातार जोर पकड़ती रही हैं। गोरखपुर से संचालित हो रही सत्ता के दौर में ब्राह्मण समाज के भीतर पनप रहे इस असंतोष की काट तलाशना सत्तारूढ़ दल के लिए चुनावी मजबूरी बन चुका था।
देवरिया से ताल्लुक रखने वाले एक प्रतिष्ठित पूर्वांचली ब्राह्मण चेहरे को राम मंदिर के सर्वोच्च प्रशासनिक पद पर बैठाना सत्ता की चिर-परिचित ‘डैमेज कंट्रोल’ रणनीति का हिस्सा है। चुनावी चौसर पर मोहरे इस तरह सजाए गए हैं ताकि पूर्वांचल के ब्राह्मण मतदाताओं को यह मनोवैज्ञानिक तसल्ली दी जा सके कि रामलला के दरबार की सर्वोच्च प्रशासनिक कमान उनके समाज के एक गौरवशाली प्रतिनिधि के हाथ में है।
विसिलब्लोअर महिपाल सिंह के खुलासे: चढ़ावा चोरी, फुटेज डिलीट और 800 का 2300 करोड़
इस पूरे पुनर्गठन के पीछे का सच तब तक अधूरा है, जब तक उस मूल घोटाले की परतों को न खोला जाए। राम मंदिर के पूर्व लेखा प्रभारी और विसिलब्लोअर महिपाल सिंह ने वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक उपाध्याय (टॉप सीक्रेट) के साथ बातचीत में इस पूरे तंत्र की जो कलई खोली है, वह रोंगटे खड़े करने वाली है।

महिपाल सिंह वही शख्स हैं जिन्होंने सबसे पहले यह खुलासा किया था कि राम मंदिर में किस तरह चढ़ावे की खुली चोरी हुई और साक्ष्यों को मिटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज तक डिलीट कर दिए गए। उन्हीं के खुलासों के दबाव में ट्रस्ट को एसआईटी (SIT) जांच बैठानी पड़ी थी। लेकिन व्यवस्था का स्याह सच देखिए—जिस विसिलब्लोअर की गवाही पर एसआईटी जांच बैठी, उसी महिपाल सिंह द्वारा सुरक्षा और बिना सुरक्षा के भी बयान देने के लिए एसआईटी को भेजे गए दर्जनों ईमेल्स को कूड़ेदान में डाल दिया गया। एसआईटी ने उन्हें एक बार भी बयान दर्ज करने के लिए नहीं बुलाया और लीपापोती करते हुए चंपत राय व डॉ. अनिल मिश्रा को एक तरह से बैकडोर से क्लीन चिट दे दी।

महिपाल सिंह का सबसे बड़ा और सनसनीखेज आरोप यह है कि जो राम मंदिर मूल रूप से ₹800 करोड़ में बनकर तैयार होना था, वह वित्तीय कुप्रबंधन और अनावश्यक, आपत्तिजनक खर्चों के चलते ₹2300 करोड़ तक पहुंच गया!
चढ़ावा कांड की लीपापोती और ‘चरणोदक बाबा‘ को प्रमोशन
वित्तीय प्रबंधन के इस भीषण महाघोटाले के केंद्र में कौन था? स्वामी गोविंद देव गिरि (‘चरणोदक बाबा’)। महिपाल सिंह के अनुसार, गोविंद देव गिरि पिछले छह वर्षों से कोषाध्यक्ष के रूप में पूरी तरह विफल रहे; उन्होंने कभी मुड़कर कोष की सुध नहीं ली, जिसका नतीजा यह हुआ कि 800 करोड़ की लागत 2300 करोड़ पार कर गई। अगर इस ट्रस्ट का स्वतंत्र सोशल ऑडिट करा लिया जाए, तो घोर आपत्तिजनक खामियां उजागर हो जाएंगी।
किंतु व्यवस्था का नैतिक पतन देखिए—जिस व्यक्ति से 2300 करोड़ के खर्च और चढ़ावे की चोरी का हिसाब मांगा जाना चाहिए था, उसे एक सोची-समझी साजिश के तहत प्रमोट कर ट्रस्ट का महासचिव बना दिया गया। महिपाल सिंह के खुलासे के अनुसार, ट्रस्ट की बैठक के मूल एजेंडे में महासचिव पद की नियुक्ति थी ही नहीं! बैठक में मौजूद अधिकांश सदस्यों को इसकी भनक तक नहीं थी। एक सुनियोजित चाल के तहत, बिना एजेंडे के, असफल कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि को पदोन्नत कर ट्रस्ट का पूर्णकालिक महासचिव बना दिया गया।

इतना ही नहीं, चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा दिखावे के लिए करा तो दिया गया, लेकिन चंपत राय आज भी अयोध्या में ट्रस्ट परिसर का मोह नहीं छोड़ पाए हैं, जिसे लेकर भक्तों और समाज में भारी अविश्वास और रोष है।
गोविन्द गिरि धर्माचार्य नहीं प्रधानमंत्री का चापलूस संघी है!
शास्त्रों में स्पष्ट विधान है—‘अकालमृत्युहरणं सर्वव्याधिविनाशनम्, विष्णोः पादोदकं पीत्वा पुनर्जन्म न विद्यते’।
अर्थात प्रभु का चरणामृत साक्षात् मुक्तिदायिनी ब्रह्म-कृपा है, जिसे अंजलि बांधकर अत्यंत शुचिता, निष्कामता और श्रद्धा से ग्रहण किया जाता है, न कि किसी की जूठन बनाकर। परंतु 22 जनवरी 2024 को राम जन्मभूमि मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर सनातन की इस मूलभूत मर्यादा और शास्त्र-विधान को सत्ता की चाटुकारिता के पैरों तले रौंद दिया गया, जब
गोविंद देव गिरि ने धर्मशास्त्रों के सारे नियम ताक पर रखकर पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चांदी की चम्मच से चरणामृत पिलाया और फिर घोर दरबारी चमचागिरी का प्रदर्शन करते हुए उसी जूठी चम्मच से बाकी यजमानों व लोगों को चरणामृत बांट डाला।

जो व्यक्ति सनातन के पावन चरणामृत और सामान्य जूठन के बीच का शास्त्र-सम्मत भेद तक भूलकर केवल राजनीतिक आका को प्रसन्न करने में लीन रहा, उसे धर्माचार्य या मर्मज्ञ कहना धर्म का उपहास है; वह केवल गेरुआ ओढ़े सत्ता-परस्त दरबारी संस्कृति का एक शर्मनाक नमूना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का चापलूस होने के कारण ही इस दोषी गोविंद गिरी को पदोन्नति देकर ट्रस्ट का महासचिव बना दिया गया है। स्पष्ट है कि इस ट्रस्ट के नये रूप में केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आज्ञा को ही औपचारिक रूप दिया गया है। वोटों के लिए सैनिकों के उपयोग की राजनीति भी भारतीय राजनीति में नरेंद्र मोदी की ही देन है, जो मंदिर ट्रस्ट के नये CEO के रूप में यहां भी परिलक्षित हो रहा है!
ज्ञात हो कि वित्तीय कुप्रबंधन और महाघोटाले के केंद्र में रहे स्वामी गोविंद देव गिरि (‘चरणोदक बाबा’) का पूरा अतीत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और विश्व हिंदू परिषद के वैचारिक तंत्र की गोद में पला-बढ़ा है। संघ के एजेंडे को ‘राष्ट्रसंत’ के चोले में लपेटकर परोसने वाले गोविंद देव गिरि केवल एक कथावाचक नहीं, बल्कि सत्ता और नागपुर के बीच धार्मिक समन्वय का पुराना मोहरा हैं।
सैन्य साख की ‘पॉलिटिकल शील्ड‘ और रबर–स्टैंप सीईओ
यहाँ सबसे बड़ा कूटनीतिक खेल यह है कि नए सीईओ को कोई स्वतंत्र अधिकार नहीं दिए गए हैं—वे इन्हीं महासचिव गोविंद देव गिरि और बोर्ड को रिपोर्ट करेंगे। फैसले वही पुराना सिंडिकेट लेगा, लेकिन आगे अगर मंदिर के चढ़ावे या व्यवस्था पर कोई अंगुली उठेगी, तो सामने एक पूर्व एयर मार्शल का चेहरा होगा। सत्ता की यह पुरानी चालाकी है कि वित्तीय घपलों की जांच कराने के बजाय आगे फौजी वर्दी को खड़ा कर दिया जाए, ताकि कोई भी सवाल पूछे तो उसे “देशभक्त जांबाज और सेना का अपमान” बताकर राष्ट्रविरोधी करार दिया जा सके।

आगे चलकर यदि मंदिर के 2300 करोड़ के खर्चों, चढ़ावे की लूट या अनियमितताओं पर जनता या विपक्ष सवाल उठाएगा, तो सत्ता तंत्र तुरंत फौजी वर्दी को आगे कर देगा। सवाल पूछने वाले को यह कहकर चुप कराया जाएगा कि “आप एक देशभक्त जांबाज और सेना के पूर्व एयर मार्शल का अपमान कर रहे हैं!” यह आस्था की रक्षा नहीं, बल्कि वित्तीय घपलों पर वर्दी की सख्ती का पहरा है।
चुनावी सोशल इंजीनियरिंग की त्रि–आयामी बिसात
चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के इस्तीफे तथा पूर्व ट्रस्टी राजा विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र के निधन के बाद खाली हुए तीन पदों को भरने के लिए जिस प्रकार नियुक्तियां की गईं, वह विशुद्ध रूप से चुनावी सोशल इंजीनियरिंग का खाका पेश करती है:
*डॉ. निर्मला यादव (शिकोहाबाद): इन्हें ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य बनाया गया है। यह आधी आबादी को जोड़ने का दिखावा भर नहीं है, बल्कि समाजवादी पार्टी के मजबूत दुर्ग (फिरोजाबाद-शिकोहाबाद) से एक यादव चेहरे को सीधे राम मंदिर ट्रस्ट में बैठाकर सपा के कोर ‘एम-वाई’ (MY) वोट बैंक में सेंध लगाने की सोची-समझी चुनावी चाल है।
*मदन मोहन पांडेय (अयोध्या): रामलला के पुराने पैरोकार, कानूनी टीम के वकील और पूर्व अपर महाधिवक्ता को ट्रस्ट में शामिल कर स्थानीय अयोध्या के संतों, वकीलों और ब्राह्मण वर्ग को साधा गया है।
*महेश भागचंदका (दिल्ली): अशोक सिंघल फाउंडेशन के संचालक, बड़े उद्योगपति और अशोक सिंघल के रिश्तेदार को नया कोषाध्यक्ष बनाकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के मूल आंदोलनकारी कैडर, संघ के पुराने तंत्र और वैश्य/व्यापारी समाज के असंतोष को थामने की कोशिश की गई है।

ट्रस्ट से सरकारी ‘PSU’ बनता मंदिर और अखाड़ों की बेदखली
सुप्रीम कोर्ट ने जिस राम मंदिर ट्रस्ट की परिकल्पना एक स्वायत्त, स्वतंत्र और पारदर्शी धार्मिक संस्था के रूप में की थी, वह आज केंद्र सरकार के किसी सार्वजनिक उपक्रम (PSU) या कॉर्पोरेट घराने जैसा नजर आने लगा है। नौकरशाहों की कमेटियों, इंटरव्यू, सीईओ और प्रशासनिक प्रोटोकॉल के बीच से वह मूल सनातन चेतना गायब है, जिसके लिए सदियों तक आंदोलन लड़ा गया।
जिस रामानंदी संप्रदाय, निर्मोही अखाड़े और पारंपरिक साधु-संतों ने सदियों तक इस भूमि के लिए संघर्ष किया, वे आज नीति-निर्धारण से पूरी तरह बाहर फेंक दिए गए हैं। संतों के मठों पर नौकरशाही का कब्जा हो चुका है और पूजा-पद्धति की मर्यादा पर कॉर्पोरेट अनुशासन थोपा जा रहा है।
निष्कर्ष: मर्यादा का चरम क्षरण
सच्ची आस्था सत्ता से विरक्ति और मर्यादा का नाम है, लेकिन मौजूदा राजनीति आस्था को केवल वोट बटोरने वाली मशीन मानती है। यह भारतीय लोकतंत्र और सनातन मूल्यों की चरम विडंबना है कि जनता की बदहाली, बेरोजगारी, महंगाई और प्रशासनिक अराजकता से निपटने के लिए सत्ता में बैठे साधु दंड-नीति का डंडा चला रहे हैं; और मंदिर के भीतर दानपात्रों की शुचिता व वित्तीय गबन को छुपाने के लिए 3,000 घंटे लड़ाकू विमान उड़ाने वाले फौजी को दरबान बनाया जा रहा है।
जब राम मंदिर का उपयोग वित्तीय घपलों पर लीपापोती करने, नाराज जातियों को साधने और ‘ऑपरेशन सिंदूर‘ के एक पूर्व एयर मार्शल के जरिए चुनावी वैतरणी पार करने के लिए होने लगे, तो यह स्पष्ट हो जाता है कि सत्ता के लिए न तो सरहद का सैनिक पूज्य है और न ही अयोध्या रामजन्म भूमि के भगवान श्रीराम—उसके लिए केवल और केवल ‘वोट‘ ही परम सत्य है।
