इंडिया स्पीक डेली खोजी डेस्क! कहावत है कि जिसकी रीढ़ की हड्डी एक बार झुक जाती है, सत्ता और बाजार के शिकारी उसे बार-बार झुकाने का हुनर सीख लेते हैं। अमेरिकी अरबपति और स्पेसएक्स (SpaceX) के प्रमुख एलन मस्क द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर भारत की संप्रभु व्यवस्था और मुकेश अंबानी पर शुरू किया गया ताजा प्रहार इसी झुकी हुई रीढ़ का नतीजा है।
पहले मस्क ने सवाल दागा कि “स्टारलिंक को 165 से अधिक देशों में लाइसेंस प्राप्त है और पाँच साल से नियमों का पालन करने के बाद भी भारत में लाइसेंस क्यों नहीं मिला? क्या अंबानी ही भारत के असली बॉस हैं?” फिर सारी सीमाएं लांघते हुए भारत के निर्वाचित नेतृत्व का उपहास उड़ाया और लिखा:
“आदरणीय प्रधानमंत्री अंबानी, कृपया मेरी विनम्र माफ़ी स्वीकार करें कि मुझे यह एहसास नहीं हुआ कि आप ही भारत के असली बॉस हैं। ज़ाहिर है, आप भारत के महान लोगों का एकाधिकारवादी शोषण जारी रखना चाहेंगे, लेकिन क्या आप फिर भी स्टारलिंक को मुक़ाबला करने की अनुमति देने पर विचार करेंगे?… साथ ही, दुनिया भर में प्राकृतिक आपदाओं के दौरान जब संचार के सभी अन्य सिस्टम फेल हो जाते हैं, तब स्टारलिंक लोगों की जान बचाने में ज़रूरी साबित हुआ है; इसलिए आप भी पूरे भारत में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों की जान बचाने में मदद करेंगे।”
सार्वजनिक विमर्श में मस्क खुद को भारतीय कॉरपोरेट एकाधिकार के सताए हुए ‘मसीहा’ और वंचित बच्चों व आपदा पीड़ितों के पैरोकार के रूप में पेश कर रहे हैं। लेकिन पर्दे के पीछे की कड़वी सच्चाई ठीक इसके उलट है। हकीकत यह है कि मोदी सरकार ने पहले ही एलन मस्क की लॉबिंग के आगे घुटने टेककर देश के ऐतिहासिक कानून और सुप्रीम कोर्ट के सिद्धांत को बदल दिया था। जब मस्क ने देख लिया कि भारत की संसद और सरकार को अपनी शर्तों पर मोड़ा जा सकता है, तो अब वे भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभु नियमों को भी रौंदने के लिएबांहें चढ़ा रहे हैं।
गोपीकृष्णन का सनसनीखेज खुलासा: मस्क के लिए बदला गया कानून
2G स्पेक्ट्रम घोटाले का पर्दाफाश करने वाले ‘द पायनियर’ के वरिष्ठ खोजी पत्रकार जे. गोपीकृष्णन ने मस्क के इस पाखंड की धज्जियां उड़ाते हुए नीतिगत हकीकत सामने रखी है। गोपीकृष्णन ने लिखा:
“असल में एलन मस्क को भारत से पहले ही भारी फायदा मिल चुका है… सरकार ने 2012 के सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक 2G घोटाले के फैसले को दरकिनार करने के लिए कानून तक बदल दिया। उस फैसले के मुताबिक स्पेक्ट्रम सहित सभी प्राकृतिक संसाधनों की नीलामी (Auction) अनिवार्य थी। एलन मस्क की लॉबिंग के दबाव में सरकार ने सैटेलाइट स्पेक्ट्रम की नीलामी से बचने के लिए नया कानून बनाया और प्रशासनिक मूल्य (Administrative Pricing) लागू किया। असलियत में मुकेश अंबानी नीलामी की वकालत कर रहे थे और मस्क जीत गए। स्पेक्ट्रम नीलामी से बचने की इस जीत का स्वाद चखने के बाद, मस्क अब अपनी ताकत दिखा रहे हैं (flexing muscles) और भारत के नियमों में और ढील देने की मांग कर रहे हैं।”
यह तथ्य पूरे नैरेटिव को पलट देता है। 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट फैसला दिया था कि स्पेक्ट्रम देश की जनता की प्राकृतिक संपत्ति है और इसका वितरण केवल खुली, पारदर्शी नीलामी से होना चाहिए।
जब सैटेलाइट इंटरनेट का दौर आया, तो रिलायंस जियो और एयरटेल ने मांग की कि चूंकि उन्होंने 4G और 5G के लिए सरकारी खजाने में लाखों करोड़ रुपये नीलामी के जरिए दिए हैं, इसलिए सैटकॉम के लिए भी ‘लेवल प्लेइंग फील्ड’ के तहत खुली नीलामी होनी चाहिए। लेकिन मोदी सरकार ने घरेलू टेलीकॉम ऑपरेटरों की दलीलों को दरकिनार कर दिया। सरकार दूरसंचार अधिनियम, 2023 लेकर आई और उसकी पहली अनुसूची में चुपचाप सैटेलाइट स्पेक्ट्रम को ‘प्रशासनिक आवंटन’ (बिना नीलामी, नाममात्र की फीस पर) में डाल दिया।
मस्क को वह मिल चुका था जो वे चाहते थे। लेकिन जब एक बार किसी संप्रभु सरकार की कमजोरी उजागर हो जाती है, तो बहुराष्ट्रीय तकनीकी दिग्गजों की भूख और बढ़ जाती है।

अब भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा को कुचलने पर आमदा मस्क!
स्पेक्ट्रम की लड़ाई में सरकार को झुकाने के बाद अब मस्क की नजर भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभु डेटा नियमों पर है। स्टारलिंक का कमर्शियल लाइसेंस किसी कॉरपोरेट प्रतिद्वंद्विता के कारण नहीं, बल्कि गृह मंत्रालय (MHA) के कड़े सुरक्षा मानकों की वजह से अटका है:
* डेटा संप्रभुता और ग्राउंड स्टेशन: भारत सरकार की स्पष्ट शर्त है कि भारतीय नागरिकों का सारा डेटा भारत की भौगोलिक सीमाओं के भीतर बने 20 ग्राउंड गेटवे से होकर ही गुजरे। मस्क का स्टारलिंक अपने ग्लोबल सैटेलाइट लेजर-लिंक के जरिए डेटा को बिना स्थानीय जांच के सीधे अंतरराष्ट्रीय सर्वरों पर भेजने की तकनीक रखता है, जिसे कोई भी संप्रभु राष्ट्र स्वीकार नहीं कर सकता।
* लॉफुल इंटरसेप्शन (कानूनी निगरानी): भारतीय सुरक्षा कानूनों के तहत आतंकी या आपातकालीन स्थितियों में सुरक्षा एजेंसियों को रियल-टाइम इंटरसेप्शन की सुविधा देनी होती है। स्टारलिंक अपने एंड-टू-एंड एनक्रिप्शन की आड़ में इस भारतीय कानून से छूट चाहता है।
* यूक्रेन युद्ध का खौफनाक सबक: दुनिया देख चुकी है कि रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान कैसे एलन मस्क ने एक ट्वीट या एक कमांड से क्रीमिया और अग्रिम मोर्चों पर यूक्रेन की सेना के लिए स्टारलिंक बंद कर दिया था। एक विदेशी अरबपति के हाथ में देश के सीमांत और आपातकालीन संचार का स्विच होना एक बहुत बड़ा रणनीतिक जोखिम है।
मस्क जानते हैं कि यदि वे तकनीकी सुरक्षा पर बात करेंगे तो फंसेंगे, इसलिए वे सुरक्षा जांच के नियम को “अंबानी का एकाधिकार” बताकर भारत सरकार पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सार्वजनिक दबाव बना रहे हैं।
आधिकारिक तथ्य: क्या केवल स्टारलिंक को रोका गया?
मस्क की इस मनगढ़ंत कहानी को केंद्रीय संचार मंत्रालय के आधिकारिक आंकड़े खारिज करते हैं:
* समान प्रक्रिया की सच्चाई: दूरसंचार विभाग (DoT) ने स्टारलिंक, सुनील भारती मित्तल की यूटेलसैट वनवेब (Eutelsat OneWeb) और जियो सैटकॉम—तीनों को ही सैटेलाइट सेवाओं के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दी है।
* MHA क्लीयरेंस तीनों के लिए लंबित: गृह मंत्रालय की सुरक्षा जांच का पेच केवल स्टारलिंक के लिए नहीं, बल्कि वनवेब और जियो सैटकॉम के लिए भी समान रूप से अटका है। जब भारतीय कंपनियों को भी अभी तक सुरक्षा क्लीयरेंस नहीं मिला है, तो मस्क का यह रोना कि “केवल उन्हें रोका जा रहा है”, एक सफेद झूठ है।

‘आपदा और गरीब बच्चों’ पर मस्क का पाखंडी मुखौटा
मस्क ने अपनी पोस्ट में लिखा कि स्टारलिंक भारत के दूरदराज के क्षेत्रों में बच्चों की शिक्षा, छोटे व्यापारियों और प्राकृतिक आपदाओं में जान बचाने के लिए जरूरी है।
* परोपकार या अंधाधुंध मुनाफा?: स्टारलिंक का हार्डवेयर (डिश और रिसीवर) ₹30,000 से अधिक का है और इसका मासिक इंटरनेट शुल्क ₹3,000 से ₹6,000 के बीच रहता है। क्या लद्दाख, अरुणाचल या बस्तर के दूरदराज के गांवों का गरीब बच्चा या छोटा व्यापारी हर महीने हजारों रुपये चुकाकर मस्क का इंटरनेट खरीदेगा?
* सस्ती भारतीय कनेक्टिविटी की अनदेखी: भारत में 4G डेटा दुनिया में सबसे सस्ता है। देश के जिन 11,000 सीमांत गांवों में कनेक्टिविटी नहीं है, वहां भारत का सार्वजनिक संस्थान ISRO अपने GSAT और संचार उपग्रहों के जरिए आपातकालीन ढांचा चलाता है। मस्क आपदा प्रबंधन की आड़ लेकर केवल नैतिक ब्लैकमेलिंग (Emotional Arm-twisting) कर रहे हैं ताकि सुरक्षा ऑडिट से बच सकें।
‘मेटा-रिलायंस-भाजपा’ का त्रिकोण, चुनावी चंदा और लाइसेंस वॉर: मस्क ने क्यों उजागर किया यह गठजोड़?
इस लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए आज 10 अक्टूबर को मस्क ने एक नया ट्विट किया। एलन मस्क ने अब इस कॉरपोरेट-नियामक लड़ाई को सीधे तौर पर राजनीतिक सत्ता, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और गुप्त चुनावी फंडिंग के नापाक गठजोड़ से जोड़कर आर-पार का वार कर दिया है। मस्क द्वारा जारी किए गए दो स्क्रीनशॉट्स महज संयोग नहीं, बल्कि भारतीय लोकतंत्र के सबसे गहरे कॉरपोरेट-राजनीतिक सांठगांठ को डिकोड करते हैं।
पहला स्क्रीनशॉट ‘अल जज़ीरा’ और ‘द रिपोर्टर्स कलेक्टिव’ की उस ऐतिहासिक जांच का है, जिसने मेटा (फेसबुक), रिलायंस और सत्तारूढ़ भाजपा के त्रिकोणीय गठजोड़ की पोल खोली थी। इसे आम जनता के समझने लायक भाषा में समझें तो खेल कुछ यूँ था कि रिलायंस इंडस्ट्रीज ने भारी घाटे के बावजूद ‘NEWJ’ (New Emerging World of Journalism) नामक एक मीडिया कंपनी में बहुलांश हिस्सेदारी खरीदी और उसमें करोड़ों रुपये झोंके। इस कंपनी के कर्ता-धर्ता रिलायंस के वरिष्ठ अधिकारी और भाजपा के पूर्व सांसद परिमल नथवाणी के दामाद थे।
NEWJ ने क्या किया? उसने फेसबुक (मेटा) पर करोड़ों रुपये के विज्ञापन चलाए। लेकिन यह विज्ञापन भाजपा के नाम पर नहीं, बल्कि ‘निष्पक्ष खबर’ के नाम पर चलाए गए—जिन्हें तकनीकी भाषा में ‘सरोगेट एडवरटाइजिंग’ कहा जाता है। इसमें राहुल गांधी और विपक्ष का मजाक उड़ाया गया, सरकार की नीतियों की ब्रांडिंग की गई और चुनावी माहौल को प्रभावित किया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि फेसबुक (मेटा)—जिसने खुद जियो में 43,000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश कर रखा है—उसने इस पूरे खेल पर आंखें मूंदे रखीं और चुनाव आयोग के नियमों को सोशल मीडिया पर लागू होने से रोकने के लिए लॉबिंग की। यानी रिलायंस का पैसा, फेसबुक का प्लेटफॉर्म और सत्ताधारी दल का चुनावी फायदा!
दूसरा स्क्रीनशॉट ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की उस खोजी खबर का है, जिसमें उजागर हुआ कि रिलायंस से जुड़ी कंपनी ‘क्विक सप्लाई चेन’ (Qwik Supply) ने चुनावी बॉन्ड के जरिए भाजपा को अकेले 385 करोड़ रुपये का भारी-भरकम चंदा दिया था।
इन दोनों कड़ियों को जोड़कर मस्क ने सीधे जनता की अदालत में यह सवाल खड़ा कर दिया है कि “जब एक कॉरपोरेट घराना सत्ताधारी दल को सैकड़ों करोड़ का चुनावी चंदा दे रहा हो, अपने मीडिया नेटवर्क और फेसबुक के जरिए उसके पक्ष में चुनावी नैरेटिव बना रहा हो, तो क्या सरकार उस घराने के व्यापारिक एकाधिकार को बचाने के लिए विदेशी प्रतिस्पर्धा (स्टारलिंक) का रास्ता नहीं रोकेगी?”
मस्क का यह हमला सीधे तौर पर यह साबित करने की कोशिश है कि स्टारलिंक को रोकने के पीछे कोई राष्ट्रीय सुरक्षा या तकनीकी नियम नहीं हैं, बल्कि यह उस ‘क्विड-प्रो-क्वो’ (परस्पर लेन-देन) का नतीजा है, जहाँ सरकार को चुनावी चंदा और राजनीतिक लाभ मिलता है और बदले में घरेलू टेलीकॉम दिग्गज को सरकारी संरक्षण देकर विदेशी कंपनियों के लिए दरवाजे बंद कर दिए जाते हैं
मस्क का दोहरा चरित्र और पाखंड: जब तक सत्ता की गोद में थे, तब सब ठीक था!
लेकिन इस सिक्के का दूसरा पहलू एलन मस्क का अपना घोर पाखंड और अवसरवाद है। दूसरों पर ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ का आरोप लगाने वाले मस्क खुद सत्ता और राजनेताओं को साधने के खेल के सबसे बड़े पुराने खिलाड़ी हैं। जब मस्क को भारत में टेस्ला और स्टारलिंक का धंधा चमकाना था, तब उन्हें इस व्यवस्था से कोई एतराज नहीं था।
जरा तथ्यों पर नजर डालिए:
• टेस्ला फैक्ट्री का व्यक्तिगत दौरा: 2015 में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका के सिलिकॉन वैली गए थे, तो मस्क खुद उन्हें अपनी टेस्ला फैक्ट्री में व्यक्तिगत तौर पर घुमा रहे थे, बैटरी तकनीक और कारों का प्रजेंटेशन दे रहे थे ताकि भारत के ईवी बाजार में एंट्री का रास्ता खुल सके।

• न्यूयॉर्क की बहु-प्रचारित बैठक: जून 2023 में न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री मोदी के अमेरिकी दौरे के दौरान मस्क ने उनसे विशेष व्यक्तिगत मुलाकात की। मस्क उस बैठक में अपने छोटे बच्चों को साथ लेकर पहुंचे, कैमरे के सामने पारिवारिक और आत्मीय संबंध दिखाए और बाहर निकलकर मीडिया के सामने यहां तक कहा था—“आई एम ए फैन ऑफ मोदी” (मैं मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं)।
• पारिवारिक कूटनीति और पीआर: मस्क का परिवार भी भारत के साथ संबंध चमकाने में कभी पीछे नहीं रहा। उनकी मां मेय मस्क (Maye Musk) ने कई बार भारत का दौरा किया, पारंपरिक भारतीय परिधानों में तस्वीरें खिंचवाईं और भारत के प्रति प्रेम का खूब पीआर (PR) किया गया।
उस वक्त मस्क को न भारत के चुनावी चंदे दिखाई दे रहे थे, न लोकतंत्र में कॉरपोरेट का दखल और न ही सरकारी एकाधिकार! तब तक सब कुछ शानदार था क्योंकि सरकार उनके लिए टेलीकॉम एक्ट 2023 में संशोधन कर रही थी और सैटेलाइट स्पेक्ट्रम की नीलामी का नियम बदल रही थी। लेकिन जैसे ही भारत के गृह मंत्रालय ने देश की सुरक्षा, डेटा लोकलाइजेशन और अनिवार्य कानूनी निगरानी के कड़े नियम लागू किए और मस्क की ‘मनमानी’ पर लगाम कसी, तो मस्क तुरंत ‘दूध के धुले मसीहा’ बनकर लोकतंत्र और क्रोनी कैपिटलिज्म का रोना रोने लगे।
यह साबित करता है कि मस्क भी उसी वैश्विक कॉरपोरेट गिरोह का हिस्सा हैं, जो जब तक सत्ता की गोद में बैठकर मनचाहा कानून बनवाते हैं तब तक सरकार के “फैन” रहते हैं, और जैसे ही कोई संप्रभु देश अपने सुरक्षा नियम मनवाने पर अड़ जाता है, तो वे सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग और चरित्र-हनन का खेल शुरू कर देते हैं।
एम.के. वेणु का गंभीर सवाल: जब सब कुछ मस्क के हवाले किया, तो अचानक क्या बिगड़ा?
इस पूरे घटनाक्रम के नीतिगत अंतर्विरोधों की कलई वरिष्ठ आर्थिक पत्रकार एम.के. वेणु के विश्लेषण से भी खुलती है। वेणु ने तथ्यों के आईने में सरकार के विरोधाभासी रवैये और विनियामक अनिश्चितता (Regulatory Flip-Flop) को बेनकाब करते हुए लिखा है,”मोदी सरकार ने खुद एलन मस्क को भारत में सैटेलाइट संचार में निवेश के लिए आमंत्रित किया। सरकार ने टेलीकॉम एक्ट 2023 में संशोधन किया ताकि सैटकॉम स्पेक्ट्रम को नीलामी के बजाय प्रशासनिक रूप से आवंटित किया जा सके। स्पेसएक्स के लिए रास्ता साफ करने के लिए सैटेलाइट संचार में 100% प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) की छूट दे दी गई।
यहाँ तक कि स्पेसएक्स ने मौजूदा घरेलू कंपनियों—रिलायंस जियो और भारती एयरटेल—के साथ इंफ्रास्ट्रक्चर साझा करने और वितरण के समझौतों पर हस्ताक्षर भी कर लिए। जरा याद कीजिए कि प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा के दौरान कैसे प्रधानमंत्री और उनके शीर्ष सहयोगियों ने मस्क को ‘राष्ट्राध्यक्ष’ (Head of State) जैसा दर्जा दिया था; और मस्क अपनी पत्नी, बच्चों के साथ उस बहु-प्रचारित बैठक में आए थे, जो प्रधानमंत्री और उनकी वार्ताकार टीम के ठीक सामने बैठे थे! तो फिर ऐसा अचानक क्या गलत हो गया जिसने मस्क को भारत में काम करने की अनुमति न मिलने की शिकायत करने पर मजबूर कर दिया? हमेशा की तरह कोई नहीं जानता कि इस सरकार के भीतर वास्तव में क्या चल रहा है। किसी न किसी तरह हमें नीतिगत पारदर्शिता की जरूरत है, न कि ऐसे उलटफेर (flip-flop) की, जो विदेशी निवेश की धारणा के लिए कतई अच्छे नहीं हैं। यदि आप एफडीआई नहीं चाहते तो साफ कहिए। हमें पता तो चले कि नीति क्या है!”
वेणु का यह सवाल सरकार की उस अपारदर्शी कार्यप्रणाली पर सीधा वार करता है जहां एक तरफ एक विदेशी कॉरपोरेट के लिए लाल कालीन बिछाया जाता है, 100% एफडीआई खोला जाता है और खुद प्रधानमंत्री राष्ट्राध्यक्षों जैसी खातिरदारी करते हैं, लेकिन दूसरी तरफ बिना किसी स्पष्ट नीतिगत घोषणा के फाइलों को अटका कर रखा जाता है। यह नीतिगत अस्थिरता दुनिया भर के निवेशकों के सामने भारत की छवि को अविश्वसनीय बनाती है।
मस्क-अंबानी का ‘ऐतिहासिक’ गठजोड़ और टूटी दोस्ती का सच!
इस पूरे ड्रामे के पाखंड और कॉर्पोरेट गिरगिटपने की पोल तब और खुल गई जब वरिष्ठ पत्रकार संकेत उपाध्याय ने 12 मार्च 2025 की रिलायंस जियो की वह आधिकारिक मीडिया रिलीज सार्वजनिक कर दी, जिसमें जियो और स्टारलिंक की ‘ऐतिहासिक साझेदारी’ के कसीदे काढ़े गए थे—संकेत ने चुटकी लेते हुए लिखा कि “मुझे याद है जब मैंने रिलायंस और स्टारलिंक की इस साझेदारी पर खबरें की थीं, तारीफों से भरी वे प्रेस रिलीज और अब यह तमाशा!” इस पर 2G फेम खोजी पत्रकार जे. गोपीकृष्णन ने तंज कसते हुए अंदरूनी हकीकत पर सवाल दागा कि “2025 की रिलायंस-स्टारलिंक गठबंधन वाली प्रेस रिलीज पढ़कर अब हंसी आती है… यह देखना बेहद दिलचस्प है कि कभी रणनीतिक साझेदार रहे एलन मस्क और मुकेश अंबानी के रिश्ते अचानक कैसे टूट गए, जबकि अब तो मुकेश अंबानी का अमेरिका में तेल का बड़ा कारोबार भी है—आखिर इन दोनों की यह रणनीतिक दोस्ती इतनी बुरी तरह क्यों टूटी?”
साफ है कि जो कल तक भारतीय बाजार को मिलकर बांटने का साझा खाका खींच रहे थे, आज मुनाफे और नियंत्रण की महत्वाकांक्षा टकराते ही एक-दूसरे के खिलाफ सोशल मीडिया पर युद्ध छेड़ चुके हैं!

कमल हासन का तीखा चाबुक: ‘मिस्टर मस्क, भारत किसी का गुलाम नहीं’
इस विवाद पर सबसे प्रखर राष्ट्रीय प्रतिरोध अभिनेता और मक्कल निधि मय्यम (MNM) के प्रमुख कमल हासन की ओर से आया। हासन ने मस्क के अहंकार पर करारा तमाचा जड़ते हुए दो-टूक कहा:
“मिस्टर मस्क, भारत किसी का गुलाम नहीं है। दुनिया का कोई भी अरबपति—चाहे वह कितना भी ताकतवर क्यों न हो—भारत की संप्रभु नीतियां, कानून और विनियामक दिशा तय नहीं कर सकता। भारत का भविष्य यहां की 140 करोड़ जनता और उसके लोकतांत्रिक संस्थान तय करेंगे, न कि किसी विदेशी कॉरपोरेट की हताशा या दबाव।”
कमल हासन का यह बयान उस जनभावना का प्रतिनिधित्व करता है जो यह पूछ रही है कि ईस्ट इंडिया कंपनी के दौर से बाहर निकला भारत क्या अब ‘सिलिकॉन वैली के नए नवाबों’ के हुक्म पर चलेगा?
मोदी की तरह राहुल गांधी भी बन गये मस्क के साथी!
प्रधानमंत्री मोदी ने तो मस्क के लिए देश का नियम बदला था, फिर विपक्ष के नेता राहुल गांधी कैसे नहीं मस्क की मदद करते? आखिर पक्ष-विपक्ष मिलकर ही तो देश को मूर्ख बनाने का ड्रामा रचते रहते हैं! 2G घोटाले पर सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले और प्रेसिडेंशियल रेफरेंस को दरकिनार करते हुए अगर मोदी सरकार ने टेलीकॉम एक्ट 2023 के जरिए सैटेलाइट स्पेक्ट्रम की नीलामी का नियम खत्म कर मस्क की झोली में ‘प्रशासनिक आवंटन’ न डाला होता, तो क्या मस्क की इतनी हिम्मत होती? लेकिन विडंबना देखिए कि जिस विदेशी उद्योगपति को सरकार ने नियम तोड़कर सिर पर चढ़ाया, उसी के सुर में सुर मिलाते हुए अब विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी खड़े दिखाई दे रहे हैं।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मस्क के रोने पर सहानुभूति जताते हुए और अपने राजनीतिक फायदे के लिए ‘X’ पर लिखा—”Welcome to India, Elon. Wait till you discover the other guy”। राहुल गांधी का यह सीधा इशारा गौतम अडानी की ओर था, जिसे वे वर्षों से सरकार के कथित ‘क्रोनी कैपिटलिज्म’ के आख्यान का मुख्य चेहरा बताते रहे हैं। लेकिन मोदी विरोध की इस अंधी दौड़ में राहुल गांधी यह भूल गए कि वे एक ऐसे विदेशी टेक-दिग्गज की ढाल बन रहे हैं जो भारत की संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा मानकों को धता बता रहा है। मस्क ने तुरंत इस राजनीतिक अवसर को लपका और जवाब दिया—”Thank you, Rahul. This is indeed troubling”।

इस तरह, एक तरफ जहां मोदी सरकार ने पहले ही कानून बदलकर मस्क को अनुचित लाभ दिया था, वहीं दूसरी तरफ राहुल गांधी ने अपनी गैर-जिम्मेदाराना टिप्पणी से मस्क के उस फर्जी नैरेटिव को राजनीतिक मान्यता (legitimacy) दे दी, जिसमें मस्क खुद को भारतीय व्यवस्था का ‘पीड़ित’ बता रहे हैं। सत्ता और विपक्ष के इस खेल ने एक विदेशी अरबपति को भारत के आंतरिक राजनीतिक अंतर्विरोधों का फायदा उठाने और हमारी चुनी हुई लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हंसने का खुला मैदान दे दिया। जो मामला सीधे तौर पर देश की राष्ट्रीय सुरक्षा, डेटा संप्रभुता और गृह मंत्रालय की अनिवार्य सुरक्षा जांच से जुड़ा था, वह सत्ता की ‘झुकी हुई रीढ़’ और विपक्ष के ‘उथले अवसरवाद’ के चलते मस्क के हाथ का खिलौना बन गया।
निष्कर्ष: जब संप्रभुता झुकेगी, तो ब्लैकमेलिंग बढ़ेगी
एलन मस्क का यह दुस्साहस भारत सरकार की उस नीति का परिणाम है, जहाँ विदेशी निवेश (FDI) और टेस्ला-स्टारलिंक जैसी कंपनियों की चमक के आगे घरेलू कानूनों को लचीला बनाया गया।
जब मोदी सरकार ने 2012 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले और घरेलू टेलीकॉम उद्योग की न्यायसंगत मांग को कुचलकर मस्क के लिए टेलीकॉम एक्ट 2023 में ‘प्रशासनिक आवंटन’ का चोर-दरवाजा खोला, तभी मस्क समझ गए थे कि नई दिल्ली को दबाव में लाया जा सकता है। अब जब सरकार देश की सुरक्षा के लिए न्यूनतम डेटा नियमों की बात कर रही है, तो मस्क देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री का मखौल उड़ाते हुए अंबानी को “असली पीएम” कहकर पुकार रहे हैं।
यह पूरे राष्ट्र के लिए एक चेतावनी है। भारत को अत्याधुनिक तकनीक चाहिए, लेकिन देश की संप्रभुता, सुरक्षा और लोकतांत्रिक गरिमा की कीमत पर नहीं। यदि सरकार ने अब भी दृढ़ता नहीं दिखाई और मस्क के इस डिजिटल विस्तारवाद के आगे एक बार फिर अपनी रीढ़ झुका दी, तो आने वाले दिनों में हर बहुराष्ट्रीय कंपनी भारत के कानूनों को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए डिक्टेट करेगी।

I read it . Your journalism is good . Go head.