इंडिया स्पीक डेली संपादकीय। भारतीय लोकतंत्र कभी अपने वैचारिक मतभेदों, संसद में होने वाली ओजस्वी बहसों और शालीन विरोध के लिए दुनिया भर में पहचाना जाता था। वह दौर भी था जब डॉ. राममनोहर लोहिया और पंडित नेहरू के बीच कटु राजनीतिक मतभेद संसद के पटल पर तीखे शब्दों में दर्ज होते थे, लेकिन उन शब्दों में भाषा की मर्यादा और बौद्धिक गरिमा अक्षुण्ण रहती थी। आज उस गौरवशाली विमर्श की जगह एक सड़ते हुए ‘गाली-गलौज कल्चर’ ने ले ली है।
राजनीति अब विचारों का टकराव नहीं, बल्कि यौन कुंठाओं, निजी अपमानों और घटिया सड़कछाप शब्दावली का अखाड़ा बन चुकी है। विडंबना यह है कि यह कीचड़ किसी एक दल के पाले में नहीं है; सत्ता पक्ष ने जहां इस भाषा को मुख्यधारा में लाकर संस्थागत रूप दिया, वहीं विपक्ष भी मर्यादा का कवच फेंककर उसी गटर में डुबकी लगाने को आतुर दिखता है।
सत्ता का अहंकार: अमर्यादित भाषा का ‘न्यू नॉर्मल‘
पिछले दो दशकों में, विशेषकर 2014 के बाद की राजनीति में भाषा के व्याकरण में भारी गिरावट आई है। शीर्ष नेतृत्व से लेकर प्रवक्ताओं और आईटी सेल की फौज ने भाषा के स्तर को रसातल में धकेलने की जैसे मुहिम छेड़ रखी है।
महिलाओं और निजी जीवन पर प्रहार:
*वर्ष 2004 की ‘भारत उदय यात्रा’ के दौरान नरेंद्र मोदी (तत्कालीन मुख्यमंत्री) द्वारा सोनिया गांधी के लिए ‘जर्सी गाय’ और राहुल गांधी के लिए ‘हाइब्रिड बछड़ा’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल भाषा के पतन का शुरुआती प्रमाण था।


*2012 में हिमाचल प्रदेश के चुनावी मंच से तत्कालीन केंद्रीय मंत्री शशि थरूर की दिवंगत पत्नी सुनंदा पुष्कर को निशाना बनाते हुए ‘50 करोड़ की गर्लफ्रेंड’ कहना सार्वजनिक मंचों से महिला-गरिमा के चीरहरण की पराकाष्ठा थी।
*2018 में राजस्थान के मंच से ‘कांग्रेस की कौन सी विधवा के खाते में पैसा जाता था’ जैसी टिप्पणियों से लेकर संसद में रेणुका चौधरी की हंसी पर ‘रामायण धारावाहिक’ और ‘शूर्पणखा’ का परोक्ष तंज—शीर्ष नेतृत्व ने यह संदेश दिया कि राजनीतिक विरोध में शालीनता की कोई जगह नहीं है।

इतिहास और कूटनीति पर यौन कुंठा का लेप:
*हालिया घटनाक्रम में जब पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और क्यूबा के क्रांतिकारी नेता फिदेल कास्त्रो के ऐतिहासिक राजनयिक शिष्टाचार के पुराने वीडियो को भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर घसीटते हुए पूछा कि “इस गले पड़ने को जठराग्नि कहते हैं कि कामाग्नि?”, तो यह साफ हो गया कि भारतीय राजनीति की मर्यादा किस हद तक मृतप्राय हो चुकी है। एक दिवंगत प्रधानमंत्री और वैश्विक कूटनीतिक संबंधों को कामुक कुंठा का चश्मा पहनाना सत्तापक्ष के बौद्धिक दिवालियेपन को दिखाता है।
उल्लेखनीय है कि क्यूबा के क्रांतिकारी नेता फिदेल कास्त्रो ने जब मंच पर गुटनिरपेक्ष आंदोलन की कमान भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को सौंपी थी, तो उन्होंने वैश्विक मंच पर पूरे गर्मजोशी और सम्मान के साथ इंदिरा गांधी को एक ‘राजनयिक भ्रातृत्व आलिंगन’ (Diplomatic Hug) में समेट लिया था। वह क्षण शीतयुद्ध के दौर में भारत के बढ़ते अंतरराष्ट्रीय कद, सम्मान और तीसरी दुनिया के देशों के बीच अटूट एकता का प्रतीक था।
उस दौर में भी देश के भीतर कड़े राजनीतिक विरोधी मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी उस ऐतिहासिक और कूटनीतिक दृश्य पर सड़कछाप फब्तियां कसने या ओछी मानसिकता दिखाने का दुस्साहस नहीं किया था। आज जब 40 साल बाद उसी वीडियो और तस्वीरों को खंगालकर उसमें ‘यौन कुंठा’ और ‘कामाग्नि’ जैसे छिछले जुमले खोजे जा रहे हैं, तो यह उस दौर की परिपक्व वैश्विक राजनीति और आज के डिजिटल-ट्रोल्स निशिकांत दुबे जैसों द्वारा संचालित राजनीति के बीच के नैतिक और बौद्धिक पतन को साफ उजागर करता है।

*स्वर्गीय इंदिरा गांधी की गरिमा पर भाजपा सांसद और भाजपा समर्थकों द्वारा किए गये हमले पर संघ से ही आने सोशल इंफ्लूएंसर Girdhari Lal Goyal ने लिखा, “राहुल गाँधी का व्यंग्य बिलकुल सही था ।विदेश नीति के नाम पर किन्हीं भी राष्ट्रध्यक्षों को देखते ही उनसे चिपट जाना बहुत ज्यादा भोंडा और गरिमा हीन दृश्य पैदा करता है। इसके बदले ‘अंडावर्ल्ड’ फीडेल कास्ट्रो का जो वीडीओ लाये हैं, उसमें इंदिरा जी सीधे जाकर कास्ट्रो के गले नहीं लिपटी हैं, बल्कि गुट निरपेक्ष आंदोलन की अध्यक्षता का कास्ट्रो से इंदिरा जी को हस्तान्तरण का वह मौका है।

*फिदेल कास्ट्रो द्वारा इंदिरा गांधी को गले लगाने की घटना का भाजपा आईटी सेल द्वारा वीडियो वायरल करने पर सोशल इंफ्लूएंसर सुरेश चिपलूनकर ने फेसबुक पर लिखा, भाजपा आईटी सेल के अमित मालवीय ने हमेशा की तरह अपनी गिरावट प्रदर्शित करते हुए इंदिरा गांधी और फिदेल कास्त्रो का वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त फैलाया, हालांकि इसमें कुछ नया नहीं है। यह उसकी गंदी आदत और संस्कार में शामिल है, लेकिन असली बात क्या है यह जानना जरूरी है। 1983 में दिल्ली विज्ञान भवन मे गुट निरपेक्ष देशों (NAM) का सम्मेलन चल रहा था। सम्मेलन की अध्यक्षता तत्कालीन अध्यक्ष फिदेल कास्ट्रो के हाथों, नई अध्यक्ष इंदिरा गांधी को दी जानी थी, जैसा कि अक्सर अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में होता है। पूरा हॉल गुटनिरपेक्ष देशों से आए पत्रकारों, अतिथियों, नेताओं से भरा था, स्टेज पर गुट निरपेक्ष देशों के नेता थे। अध्यक्षता का औपचारिक प्रतीक गेंवल (हथौड़ी) देने के साथ फिदेल कास्ट्रो ने कहा कि “मुझे अपनी बहन को NAM की अध्यक्षता सौंपकर गर्व हो रहा है।” ऐसा कहकर कास्त्रो ने अचानक इंदिरा गांधी को गले लगा लिया। एकाएक गले लगाने से इंदिरा गांधी भी अचंभित हो गई थी। सनद रहे, कास्त्रो ने स्वयं आगे बढ़कर इंदिरा को गले लगाया था, ना कि इंदिरा गांधी मोदी की तरह लपककर जबरदस्ती खुद ही लिपट गई थी।फिदेल कास्ट्रो विश्व के उन गिनेचुने कम्युनिस्ट नेताओं में से थे जो अमेरिका के राष्ट्रपति को भी दो कौड़ी का भाव नहीं देते थे, लेकिन उन्होंने इंदिरा गांधी को “बहन” बोलकर सबको हैरान कर दिया था। इंदिरा गांधी को फिदेल कास्ट्रो, बहन मानते थे और जिसको अंतरराष्ट्रीय मंच पर सार्वजनिक रूप से बोलते भी थे। लेकिन आज भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय और उसके हजारों बंधुआ मजदूर, इस पवित्र रिश्ते की खिल्ली उड़ा रहे हैं! बेहद शर्मनाक!
राहुल गांधी की ‘पप्पू छवि‘ गढ़ने के लिए खर्च किए गये अरबों रुपए!
भारतीय राजनीति में चरित्र-हनन और भाषाई पतन का एक व्यवस्थित ढांचा किस तरह काम करता है, इसका सबसे बड़ा प्रमाण राहुल गांधी की छवि को लेकर चलाए गए अभियान में दिखता है। वरिष्ठ पत्रकार दिलीप मंडल ने वर्ष 2018 में सोशल मीडिया पर इस तंत्र को उजागर करते हुए लिखा था कि “राहुल गांधी की इमेज ‘पप्पू’ वाली बनाने पर हर साल 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं… इमेज खराब है नहीं, बनाई गई है।” यह तथ्य इस कड़वे सच पर मुहर लगाता है कि 2014 के बाद राजनीति केवल नीतियों की प्रतिस्पर्धा नहीं रही, बल्कि अरबों रुपये के बजट, संगठित आईटी सेल और ट्रोल तंत्र के जरिए विरोधी नेताओं की गरिमा को मिटाने का सुनियोजित उद्योग बन गई। जब शीर्ष राजनीति में किसी की बौद्धिक क्षमता को नीचा दिखाने के लिए ‘पप्पू’ जैसे ठप्पे संस्थागत रूप से गढ़े जाने लगे, तो उसी गटर-संस्कृति की प्रतिक्रिया में आज सत्तापक्ष के नेताओं के लिए भी वैसी ही अमर्यादित शब्दावली का प्रयोग सड़कों और सोशल मीडिया पर आम हो गया है। बता दूं कि दिलीप मंडल को अगस्त 2024 में मोदी सरकार ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (I&B Ministry) में वरिष्ठ सलाहकार (Senior Advisor) नियुक्त किया गया था।

इस पूरे विमर्श का यह सबसे दिलचस्प और विचारणीय पहलू यह है कि इस तंत्र की पुष्टि किसी विपक्षी नेता ने नहीं, बल्कि आज के दौर में सत्ता के सबसे मुखर पैरोकार बने वरिष्ठ पत्रकार दिलीप मंडल ने की थी। वही दिलीप मंडल, जिन्हें हाल के वर्षों में अपनी वैचारिक निष्ठा बदलने और सत्ता के समर्थन का पुरस्कार सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (I&B Ministry) में वरिष्ठ सलाहकार का पद पाकर मिला, उन्होंने वर्ष 2018 में सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से दर्ज किया था कि “राहुल गांधी की इमेज पप्पू वाली बनाने पर हर साल 500 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं… इमेज खराब है नहीं, बनाई गई है।”
आज सत्ता के शीर्ष गलियारों में बैठे एक सलाहकार का यह पुराना बयान दरअसल इस कड़वे सच पर भाजपाई खेमे की ही एक परोक्ष ‘स्वीकारोक्ति’ है कि 2014 के बाद देश में एक सुनियोजित और अरबों रुपये से पोषित ‘ट्रोलाइजेशन उद्योग’ खड़ा किया गया। जब राज्य की सत्ता और उससे जुड़े लोग स्वयं विपक्ष के बौद्धिक अवमूल्यन के लिए इस तरह की संगठित मशीनरी चलाने के साक्षी रहे हों, तो यह स्पष्ट हो जाता है कि भारतीय लोकतंत्र में विमर्श की शुचिता का पतन अनायास नहीं हुआ, बल्कि इसे भारी-भरकम बजट और राजनीतिक संरक्षण के जरिए खाद-पानी देकर तैयार किया गया है।
पतन: ‘प्रतिक्रिया‘ के नाम पर बदजुबानी की होड़
विपक्ष खुद को इस गाली गलौज कल्चर का शिकार बताता है, लेकिन सच यह है कि सत्ता को आईना दिखाने के बजाय विपक्ष ने भी उसी गाली-संस्कृति को अपना राजनीतिक हथियार बना लिया है।
संदीप दीक्षित की अभद्र टिप्पणी: संसद परिसर में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री की ‘हग डिप्लोमेसी’ (आलिंगन कूटनीति) पर चुटकी लेते हुए कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित को गले लगाने पर दीक्षित का यह कहना कि “आपने मेलोनी समझ कर तो मुझे गले नहीं लगाया”, इटली की महिला प्रधानमंत्री के प्रति बेहद भद्दी, अमर्यादित और सेक्सिस्ट मानसिकता को उजागर करता है। महिला नेताओं को इस तरह के ओछे संदर्भों में घसीटना विपक्ष की उसी विकृत सोच का प्रमाण है जिसका वह खुद विरोध करने का दावा करता है।

निजी लांछनों का कांग्रेस का लंबा इतिहास: कांग्रेस के नेता भी भाषा की मर्यादा तार-तार करने में पीछे नहीं रहे हैं। मणिशंकर अय्यर का ‘नीच किस्म का आदमी’ और ‘चायवाला’ कहना, सोनिया गांधी का ‘मौत का सौदागर’ जुमला, मल्लिकार्जुन खड़गे का ‘रावण’ और ‘जहरीला सांप’ वाला बयान, तथा राहुल गांधी का ‘चौकीदार चोर है’ का नारा—ये सभी उदाहरण बताते हैं कि विपक्ष नीतियों पर चोट करने के बजाय व्यक्ति-केंद्रित कटुता को ही रणनीति मानता रहा है।
सड़क और सोशल मीडिया का अराजक तेवर: जंतर-मंतर पर हुए हालिया आंदोलनों और ‘जेन-ज़ी’ (Gen-Z) पीढ़ी के नाम पर चल रहे इंटरनेट अभियानों में जब देश के प्रधानमंत्री के लिए अमर्यादित शब्दों और गालियों का खुलेआम इस्तेमाल किया गया, तो उसने मर्यादा की बची-खुची सीमाएं भी तोड़ दीं। ‘छप्पन इंच का छोटा बंदर’ या ‘बाल नरेंद्र’ जैसे नारे गढ़कर राजनीति को बौद्धिक विमर्श से खींचकर स्कूल के उपद्रवी बच्चों की फब्तियों के स्तर पर ला दिया गया।

कंगना ने आग में घी डालने का किया काम:भाषा के इस गिरते स्तर में आग में घी डालने का काम तब हुआ जब जंतर-मंतर पर आंदोलित युवाओं के नारों पर पलटवार करते हुए भाजपा सांसद कंगना रनौत ने पूरी युवा पीढ़ी को ही कठघरे में खड़ा कर दिया। उन्होंने अपनी राजनीतिक सीमाओं को लांघते हुए देश की नई पौध (Gen-Z) को सीधे तौर पर ‘जेनरेशन गटर’ (गटर छाप) करार दे दिया। एक जन-प्रतिनिधि द्वारा अपने ही देश के युवाओं के प्रति इस कदर हिकारत, बदजुबानी और घृणा से भरा संबोधन यह साबित करने के लिए काफी है कि सत्ता पक्ष में राजनीतिक असहमति को स्वीकार करने का धीरज खत्म हो चुका है और उसकी जगह केवल अहंकार और अमर्यादित भाषा ने ले ली है।

एल्गोरिदम, ट्रोल आर्मी और विक्टिम कार्ड की तिकड़ी
इस पतन का सबसे खतरनाक पहलू है—डिजिटल राजनीति का इकोसिस्टम और ‘ट्रोलाइजेशन उद्योग‘ का संगठित रूप
*आईटी सेल की फैक्ट्री: पिछले एक दशक में सत्ता पक्ष और उसकी आईटी फैक्ट्री ने व्यवस्थित ट्रोल आर्मी तैयार कर ट्रोलाइजेशन उद्योग’ खड़ा कर दिया गया। राहुल गांधी की छवि को ‘पप्पू’ साबित करने के लिए अरबों रुपये और मीम्स की बाढ़ झोंक दी गई। जब एक दल ने इसे संस्थागत किया, तो दूसरे दल ने भी पलटवार में उसी स्तर की भाषा सीखी।
*सोशल मीडिया का एल्गोरिदम: फेसबुक और एक्स (पूर्व में ट्विटर) जैसे मंचों पर वही सामग्री सबसे ज्यादा ‘एंगेजमेंट’ पाती है जो नफरत, अपमान और यौन कुंठा से भरी हो। नेता जानते हैं कि नीतिगत बहस से हेडलाइन नहीं बनती, लेकिन एक ‘घटिया शब्द’ उन्हें चौबीसों घंटे ट्रेंड करा सकता है।
*विक्टिम कार्ड की राजनीति: जब भाषा की मर्यादा टूटती है, तो शीर्ष नेता उस पर आत्ममंथन करने के बजाय जनता के सामने ‘मुझे और मेरी मां को गाली दी गई’ कहकर चुनावी सहानुभूति बटोरने (विक्टिम कार्ड खेलने) का साधन बना लेते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तो एक बार कांग्रेस द्वारा उनको दिए सौ गाली की बात चुनावी मंच से की थी। और उस शाम भाजपा ने मेनस्ट्रीम मीडिया में बैठे अपने ‘दरबारी पत्रकारों’ को वह सूची भेजकर बकायदा इस पर सभी चैनलों में प्राइम टाइम शो तक कराया था। अतः गाली अब अपराधबोध का नहीं, बल्कि चुनावी ध्रुवीकरण का ‘प्रोडक्ट’ बन चुकी है।
भारतीय राजनीति का भविष्य: चिंता और समाधान
राजनीति की भाषा का यह पतन केवल नेताओं का चरित्र नहीं दर्शाता, बल्कि यह हमारे पूरे समाज को नैतिक रूप से खोखला कर रहा है। जब देश की संसद और चुनावी मंचों से इस तरह की भाषा को वैधता मिलती है, तो वह समाज की रग-रग में नफरत और असहिष्णुता का जहर घोलती है।
लोकतंत्र को इस गटर से बाहर निकालने के लिए कुछ ठोस कदमों की तत्काल आवश्यकता है:
1. चुनाव आयोग और न्यायपालिका की कठोर आचार संहिता: केवल चुनाव के दौरान ही नहीं, बल्कि वर्ष भर राजनीतिक मंचों और सोशल मीडिया पर अमर्यादित, लिंगभेदी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने वाले नेताओं की उम्मीदवारी और प्रचार पर 6 महीने से लेकर 2 साल तक का प्रतिबंध लगाने का कड़ा कानून बने।
2. संसदों और विधानसभाओं में ‘जीरो टॉलरेंस’: सदन के पटल पर या उसके बाहर सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा बोलने वाले सांसदों/विधायकों की सदस्यता तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के लिए एथिक्स कमेटियों को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर स्वायत्त अधिकार दिए जाएं।
3. जनता द्वारा ‘राजनीतिक बहिष्कार‘: जब तक जनता रैलियों में बदजुबानी करने वाले नेताओं पर तालियां बजाना बंद नहीं करेगी, यह तमाशा नहीं थमेगा। नागरिकों को यह समझना होगा कि जो नेता अपने विरोधी का सम्मान नहीं कर सकता, वह आम नागरिक के अधिकारों और गरिमा की रक्षा कभी नहीं करेगा।
4. मुख्यधारा के मीडिया और सोशल प्लेटफॉर्म्स की जवाबदेही: ट्रोलिंग और अभद्र क्लिप्स को टीआरपी का मसाला बनाने वाले समाचार चैनलों और एल्गोरिदम के जरिए गटर-कंटेंट को बढ़ावा देने वाले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भारी आर्थिक दंड लगाया जाए।
उपसंहार
लोकतंत्र की आत्मा उसके विमर्श की गुणवत्ता में बसती है। यदि भारत को दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र होने के साथ-साथ एक परिपक्व और नैतिक लोकतंत्र भी बने रहना है, तो नेताओं को अपने भाषणों से जहर और यौन कुंठा की खाद हटाकर उसमें तर्कों और मानवीय संवेदनाओं का बीज बोना होगा। अन्यथा, संसद और चौराहे के बीच का अंतर हमेशा के लिए मिट जाएगा।
