नई दिल्ली/लखनऊ (इंडिया स्पीक डेली डेस्क)। आस्था जब व्यापार और राजनीति का औजार बन जाती है, तो शुचिता और नैतिकता का सबसे पहला जनाजा निकलता है। अयोध्या में प्रभु श्री राम के भव्य मंदिर निर्माण को लेकर करोड़ो हिंदुओं की अटूट श्रद्धा जुड़ी है, लेकिन इसी पावन परिसर की आड़ में जो ‘जमीन घोटाला’ और ‘दान लूट’ सामने आई, उसने संघ परिवार के चाल, चरित्र और चेहरे को एक बार फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है।
इस महालूट को दबाने, हिंदुओं को पुनः बरगलाने और सच को उजागर करने वाले विपक्ष के माथे पर ठीकरा फोड़ने के लिए भाजपा-संघ के पूरे इकोसिस्टम ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी थी। लेकिन कानून के डर और सच के थपेड़ों ने इस झूठ की मीनार को ढहा दिया है। भाजपा के फायरब्रांड सांसद निशिकांत दुबे द्वारा समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के वकील से लिखित में मांगी गई माफी इसी का ताजातरीन प्रमाण है।
‘टिन्नू–टीपू‘ का फर्जी नैरेटिव: जातिगत घिनौनी राजनीति का सच
इस पूरे विवाद की जड़ में भाजपा-संघ इकोसिस्टम की वह घिनौनी और जातिगत राजनीति थी, जिसका मकसद राम मंदिर में हुई लूट से जनता का ध्यान भटकाना था। मंदिर लूट के आरोपियों में से एक नाम सामने आया—टिन्नू यादव। जैसे ही इकोसिस्टम को समझ आया कि आरोपी का उपनाम ‘यादव’ है, उन्होंने इसे समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव (जिनका घरेलू नाम टीपू है) से जोड़ने का एक सुनियोजित और झूठा ताना-बाना बुना।
सोशल मीडिया पर जोर-शोर से यह नैरेटिव चलाया गया कि “टिन्नू, टीपू से बात करता था“ और यह झूठा दावा किया गया कि अखिलेश यादव की टिन्नू यादव से 980 बार बातचीत हुई है। मकसद साफ था—राम मंदिर की लूट को ‘यादववाद’ और विपक्ष की साजिश साबित कर बहुसंख्यक समाज को गुमराह करना।
लेकिन यह प्रोपेगैंडा ज्यादा दिन नहीं टिक सका। जब समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस डिजिटल झूठ के खिलाफ ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कड़ी कानूनी कार्रवाई और एफआईआर (FIR) दर्ज कराने की खुली चेतावनी दी, तो पूरा इकोसिस्टम घुटनों पर आ गया। इस मामले में सबसे पहले 3 जुलाई 2026 को अफवाह फैलाने वाले और वीडियो बनाने वाले भाजपाई यूट्यूबर/प्रोपेगैंडिस्ट अमित भारद्वाज ने आनन-फानन में दूसरा वीडियो जारी कर माफी मांगी और स्वीकार किया कि उसने सफेद झूठ फैलाया था। इस पर हिंदुओं के समानता की लड़ाई लड़ने वाली रितु राठौर ने एक्स पर लिखा, “यह बीजेपी का चाटुकार अमित भारद्वाज है, जो शायद बीजेपी के ‘डर्टी ट्रिक्स डिपार्टमेंट’ का सदस्य है। 3 जुलाई को इसने एक वीडियो बनाया जिसमें कहा कि RSS के चंपत राय बंसल के करीबी टन्नू यादव ने अखिलेश यादव से 980 बार फ़ोन पर बात की और राम मंदिर में हुई चोरी की सारी जानकारी दी। इसके बाद बीजेपी IT सेल ने हिंदुओं को गुमराह करने के लिए इस बात को खूब फैलाया, और वे इसमें काफी हद तक सफल भी रहे। अब अमित भारद्वाज ने अपना बयान बदल लिया है और कह रहा है कि उसने झूठ फैलाया था; साथ ही वह अखिलेश यादव से माफ़ी भी मांग रहा है।

मैं हिंदुओं को लगातार आगाह करती रही हूँ कि कैसे बीजेपी IT सेल, नाज़ी जोसेफ़ गोएबेल्स के प्रोपेगैंडा तरीक़े का इस्तेमाल करके हिंदुओं को गुमराह करती रही है और झूठ फैलाती रही है। अतः जागो हिंदू जागो, बीजेपी के झांसे में आना बंद करो।”
अब इसी क्रम में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे को भी कानूनी शिकंजे से बचने के लिए लिखित में यह कहना पड़ा कि उनका इरादा मानहानि का नहीं था और वे अपने बयान पर खेद जताते हैं।
भाजपा संसद निशिकांत दुबे आए घुटने पर!
राजनीतिक बहसों में शब्दों की मर्यादा और उनके कानूनी निहितार्थों को लेकर एक बेहद दिलचस्प और महत्वपूर्ण मामला सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सांसद निशिकांत दुबे द्वारा समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव और उनके कानूनी प्रतिनिधि के संदर्भ में दिए गए एक बयान पर विवाद बढ़ने के बाद अब सांसद ने लिखित रूप में माफी मांग ली है।

अखिलेश यादव के वकील द्वारा भेजे गए कानूनी नोटिस का जवाब देते हुए भाजपा सांसद ने स्पष्ट किया है कि उनका इरादा किसी की मानहानि करने या किसी को ठेस पहुंचाने का नहीं था।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक सार्वजनिक मंच/चर्चा के दौरान भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा था कि “टिन्नू, टीपू से बात करता था।” (टीपू, अखिलेश यादव का पुराना और चर्चित घरेलू नाम रहा है)। इस बयान को न केवल राजनीतिक रूप से अपमानजनक माना गया, बल्कि अखिलेश यादव के कानूनी मामलों को देख रहे वकील ने इसे अपनी और अपने मुवक्किल की प्रतिष्ठा पर आघात माना।

बयान से आहत होकर सपा के अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्ण कन्हैया पाल ने भाजपा सांसद को मानहानि का नोटिस भेजते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और बयान वापस लेने की मांग की थी। कानूनी शिकंजे में फंसने के डर से सांसद निशिकांत दुबे के रुख में नरमी आई और उन्होंने औपचारिक रूप से इस पर सफाई पेश की है।
इसमें निशिकांत दुबे के विरुद्ध एक पुलिस शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। एक सपा समर्थक कुलदीप यादव ने उस शिकायत की कॉपी एक्स पर शेयर करते हुए लिखा, “निशिकांत दुबे पर FIR दर्ज! अयोध्या चढ़ावे घोटाले की सच्चाई छुपाने के लिए झूठी पोस्ट डालने वाले BJP सांसद निशिकांत दुबे को अखिलेश यादव जी ने 10 मिनट का अल्टीमेटम दिया था। अब FIR हो गई है!
ये वही दुबे हैं जो देवघर बैद्यनाथ मंदिर के गर्भगृह में जबरन घुसपैठ कर पुलिस से मारपीट कर चुके हैं, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा चुके हैं। अब सोशल मीडिया पर भी झूठ फैलाकर हिंदू समाज को बांटने की साजिश रच रहे थे।
समाजवादी पार्टी का साफ संदेश है! नफरत फैलाओगे तो बख्शा नहीं जाएगा। झूठ बोलोगे तो जवाब देना पड़ेगा! अब अदालत में हिसाब दो दुबे जी…10 मिनट नहीं, पूरी उम्र हिसाब चलेगा!”
9 जुलाई 2026 को अपने वकील ऋषि अवस्थी के जरिए कानूनी नोटिस का जवाब देते हुए चार पेज के पत्र में भाजपा सांसद ने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया है। उन्होंने अपने स्पष्टीकरण में कहा:
“मेरे द्वारा कहे गए शब्दों का उद्देश्य किसी की सामाजिक या व्यक्तिगत प्रतिष्ठा को धूमिल करना नहीं था। ‘टिन्नू-टीपू’ शब्दावली का प्रयोग एक सामान्य राजनीतिक संदर्भ और कटाक्ष के रूप में किया गया था। यदि इससे अखिलेश यादव या उनके वकील की भावनाओं को ठेस पहुंची है, तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं। मेरा इरादा मानहानि करने का बिल्कुल नहीं था।”
इस माफीनामे पर वरिष्ठ पत्रकार शीतल सिंह ने एक्स पर लिखा, “पहले नेता बड़बोले पन में शेखी बघारते हैं और फिर वकील से चालाक भाषा में खेद प्रकट कर देते हैं। टीनू यादव-अखिलेश यादव के बीच 980 बार टेलीफ़ोन वार्ता की झूठी खबर पर हवा बाँध रहे बीजेपी नेता व सांसद निशिकांत दुबे के वकील ने अब खेद व्यक्त किया है! उनके वकील ने अंग्रेज़ी में जो लिखा है उसका संदर्भित अनुवाद इस वाक्य में है, “मेरे मुवक्किल को इस बात का गहरा खेद है कि उनके द्वारा दिए गए किसी भी कथन या टिप्पणी को आपके मुवक्किल ने अनजाने में अपमानजनक या आहत समझा हो। मेरे मुवक्किल का आपके मुवक्किल की प्रतिष्ठा, गरिमा या व्यावसायिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। यदि अनजाने में कोई ठेस पहुंची हो, तो मेरे मुवक्किल इसके लिए हार्दिक क्षमा मांगते हैं।”

इस घटनाक्रम ने एक बार फिर भाजपा-संघ ईको सिस्टम के झूठ फैलाने की राजनीति पर बहस छेड़ दी है। समाजवादी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि यह केवल एक माफीनामा नहीं है, बल्कि यह इस बात का प्रमाण है कि सत्ता पक्ष के नेता विपक्ष पर व्यक्तिगत हमले करने के चक्कर में मर्यादा भूल जाते हैं और जब कानून का डंडा चलता है, तो उन्हें कदम पीछे खींचने पड़ते हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के दिनों में नेताओं के खिलाफ मानहानि (Defamation) के मामलों में अदालतों के सख्त रुख को देखते हुए अब राजनीतिक दल कानूनी पचड़ों से बचना चाहते हैं। यही वजह है कि सांसद ने मामले को तूल देने के बजाय समय रहते माफी मांगना बेहतर समझा।
यह मामला यह भी दिखाता है कि राजनीतिक मंचों पर भले ही नेता एक-दूसरे के खिलाफ तीखी बयानबाजी करें, लेकिन जब बात देश की न्यायिक और कानूनी चौखट तक पहुंचती है, तो शब्दों की जवाबदेही तय होना लाजिमी हो जाता है।
टिन्नू यादव का पूरा ‘संघी‘ इतिहास: क्या है सच्चाई?
वरिष्ठ पत्रकार शीतल पी. सिंह ने अपने खोजी विश्लेषण में भाजपा-संघ के उस झूठ को पूरी तरह एक्सपोज कर दिया, जिसके तहत टिन्नू यादव को सपा का आदमी बताया जा रहा था। तथ्यों के साथ सामने आया टिन्नू यादव का पूरा इतिहास कुछ इस प्रकार है:
*1983 से संघ का सिपाही: टिन्नू यादव का समाजवादी पार्टी या अखिलेश यादव से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है। वह वर्ष 1983 से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का एक सक्रिय और प्रतिबद्ध कार्यकर्ता रहा है।
*OTC (ऑफिसर्स ट्रेनिंग कैंप) पासआउट: टिन्नू यादव ने संघ के सबसे महत्वपूर्ण प्रशिक्षण शिविर OTC यानी Officers Training Camp (अधिकारी शिक्षण शिविर) को पूरा किया है। संघ में यह कैंप उन्हीं स्वयंसेवकों को कराया जाता है जिन्हें भविष्य में बड़ी संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपनी होती हैं।
*विश्व हिंदू परिषद (VHP) में कार्य: ओटीसी (OTC) करने के बाद टिन्नू यादव को संघ के ही आनुषंगिक संगठन विश्व हिंदू परिषद (विहिप) में भेजा गया, जहां उसने अयोध्या आंदोलन और उससे जुड़े सांगठनिक कार्यों में सालों तक सक्रिय भूमिका निभाई।
*चंपत राय का खासमखास और ड्राइवर: जब राम मंदिर निर्माण के लिए ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट’ का गठन हुआ, तो संघ के शीर्ष नेताओं के वरदहस्त के कारण टिन्नू यादव को ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का आधिकारिक ड्राइवर और सबसे भरोसेमंद सहयोगी बना दिया गया।
टिन्नू यादव को एक्सपोज करते हुए एक एक्स यूजर आशुतोष गिरि ने लिखा, “राम मंदिर के चढ़ावे में हुए कथित ₹7.5 करोड़ के गबन मामले में रमाशंकर यादव उर्फ ‘टिन्नू यादव’ का नाम इस वक्त सबसे बड़ी और अहम कड़ी के रूप में उभर कर सामने आ रहा है। पूर्व लेखा प्रभारी महिपाल सिंह और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, टिन्नू यादव को इस पूरे कथित सिंडिकेट का एक बेहद प्रभावशाली और संदिग्ध चेहरा माना जा रहा है।”
मीडिया रिपोर्ट्स और स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, टिन्नू यादव लगभग 28 साल पहले श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से जुड़ा था ।
शुरुआत में वह अयोध्या में ऑटो/टेम्पो चलाता था, लेकिन चंपत राय के साथ करीबी और भरोसे के दम पर धीरे-धीरे वह राम मंदिर के मैनेजमेंट और वित्तीय प्रबंधन का एक बेहद ताकतवर चेहरा बन गया।
ट्रस्ट के अंदरूनी कामकाज में उसका हस्तक्षेप बहुत ज्यादा था। वह सीधे चंपत राय को रिपोर्ट करता था और बैंक वाउचर से लेकर पैसों के लेनदेन की देखरेख उसी के आभा-मंडल में होती थी।
पूर्व लेखा प्रभारी महिपाल सिंह और हालिया जांच के मुताबिक, टिन्नू यादव पर कई गंभीर आरोप लगे हैं, जैसे- दानपात्रों में आने वाली नकदी के अलावा, श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले सोने, चांदी, ब्रेसलेट और जेवरातों के बक्से की देखरेख और रिकॉर्ड रखने का जिम्मा सीधे टिन्नू यादव के पास था। इन जेवरातों के रिकॉर्ड में भारी हेराफेरी के आरोप हैं।
महिपाल सिंह का दावा है कि जब एक बार बैंक अधिकारियों को कुछ गड़बड़ी की आशंका हुई और सीसीटीवी (CCTV) में चीजें संदिग्ध दिखीं, तो टिन्नू यादव अगले दिन किसी तकनीकी व्यक्ति को लेकर आया और उस दिन काउंटिंग रोकने के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज के साथ छेड़छाड़ या उन्हें डिलीट करवाया गया। उस पर यह भी आरोप है कि उसने कई वीआईपी गाड़ियां खरीदीं और राम मंदिर में वीआईपी दर्शन पास बनवाने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली भी की।
विवाद सामने आने के बाद टिन्नू यादव की तेजी से बढ़ी आर्थिक स्थिति और संपत्तियां भी जांच के दायरे में हैं। अयोध्या में उनके बहुमंजिला मकान, हॉस्टल और बेनामी संपत्तियों को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठ रहे हैं। इसके अलावा, जिन कर्मचारियों (जैसे लवकुश मिश्रा) के घरों से एसआईटी/पुलिस की प्रारंभिक जांच में ‘गोबर में छिपाकर रखा गया कैश’ और लाखों रुपये बरामद हुए हैं, वे भी टिन्नू यादव के करीबी बताए जा रहे हैं।
इन चौतरफा आरोपों पर टिन्नू यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को पूरी तरह झूठा, बेबुनियाद और मनगढ़ंत बताया। उनका कहना है कि “उन्हें और ट्रस्ट को बदनाम करने के लिए यह एक साजिश रची जा रही है।” फिलहाल टिन्नू यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। साफ है कि जिस टिन्नू यादव को अखिलेश यादव का करीबी बताकर बदनाम किया जा रहा था, वह पिछले चार दशकों से संघ के ‘अंदरूनी चक्र’ (Inner Circle) का हिस्सा रहा है।
लूट पर पर्दा डालने की कोशिश और कर्नाटक बैठक का सच
इन तथ्यों से यह बिल्कुल साफ हो जाता है कि संघियों की राम मंदिर में कोई वास्तविक आस्था नहीं है, बल्कि उनके लिए यह सिर्फ सत्ता और संपत्ति का जरिया है। जब इस पवित्र काम में भ्रष्टाचार और लूट के प्रमाण सामने आते हैं, तो ये उसे ढंकने के लिए विपक्ष पर कीचड़ उछालते हैं।
जो पत्रकार या राजनेता इस लूट को उजागर करते हैं, उन्हें तुरंत ‘हिंदू विरोधी’, ‘राम विरोधी’ और ‘सनातन विरोधी’ घोषित कर दिया जाता है, जबकि वास्तविकता यह है कि मंदिर के नाम पर अधर्म करने वाले ये खुद हैं। सूत्रों के अनुसार, हाल ही में संघ की कर्नाटक में हुई आंतरिक बैठक में भी इस बात पर गहन मंथन हुआ कि कैसे मंदिर से जुड़े इस विवाद और बदनामी को दबाया जाए और जनता के बीच डैमेज कंट्रोल किया जाए। आस्था के नाम पर चंदा इकट्ठा करने वाले आज खुद को बचाने के लिए बंद कमरों में रणनीतियां बना रहे हैं।
योगी सरकार की ढुलमुल नीति और पीएम मोदी की चुप्पी
इस पूरे मामले में उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार का रवैया भी सवालों के घेरे में है। उम्मीद यह थी कि राम मंदिर जैसी संवेदनशील जगह पर हुए घोटाले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। लेकिन सरकार ने तत्परता से एफआईआर (FIR) दर्ज करने की जगह एक ऐसे व्यक्ति को एसआईटी (SIT) का प्रमुख बना दिया, जो खुद एक आपराधिक मामले में आरोपी रह चुका है। यह कदम साफ तौर पर इस पूरे मामले की ‘लीपापोती’ करने और संघ से जुड़े बड़े नामों को बचाने का एक प्रयास नजर आता है।
दूसरी तरफ, देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जो राम मंदिर आंदोलन और उसके वास्तविक निर्माण में बिना किसी ऐतिहासिक या जमीनी भूमिका के, सारा श्रेय खुद लेने में आगे रहते हैं। प्राण प्रतिष्ठा के समय कैमरों के सामने मुख्य यजमान बनने वाले प्रधानमंत्री आज जब राम मंदिर के नाम पर हुई लूट से कलंकित हो रहे हैं, तो उन्होंने इस विषय पर रहस्यमयी चुप्पी साध ली है। देश में जब इस घोटाले पर बहस हो रही थी, तब प्रधानमंत्री देशवासियों को जवाब देने के बजाय अपनी विदेश यात्राओं पर निकल गए।
सच की जीत और प्रोपेगैंडा की हार
अखिलेश यादव ने जब सबसे पहले ‘एक्स’ पर पोस्ट करके इस पूरे भूमि घोटाले और टिन्नू यादव के संघी कनेक्शन को पब्लिक में एक्सपोज किया था, तब शायद भाजपा-संघ इकोसिस्टम को अंदाजा नहीं था कि उनका यह पासा उलटा पड़ जाएगा। विपक्ष को घेरने चले संघी आज खुद अपने ही बुने हुए झूठ के जाल में फंस चुके हैं।
निशिकांत दुबे की माफी यह साबित करती है कि झूठ की उम्र बहुत छोटी होती है। राम मंदिर के नाम पर राजनीति करने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि प्रभु श्री राम ‘इंसाफ’ के प्रतीक हैं, और उनकी ही नगरी में किए गए अधर्म और भ्रष्टाचार को छुपाने के लिए बोले गए सैकड़ों झूठ भी आज संघ परिवार के माथे के कलंक को धो नहीं पा रहे हैं। इंडिया स्पीक डेली इस पूरे मामले के हर एक पहलू पर अपनी पैनी नजर बनाए रखेगा।

संघ एक ऐसा parasite / वायरस है जो सिर्फ हिन्दुओं को लढा शकता है, इसीलिए वो जितना हो शके उतना नींच में जा शकता है।
लूटेरा संघी को अखिलेश यादव ने सत्य की रासता दिखा दिया।